इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने बीते सोमवार (07 सितंबर) को एलान करते हुए बताया कि पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन अगले साल अफ्रीका में होने वाले 2027 पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप की तैयारी के दौरान इंग्लिश मेन्स व्हाइट-बॉल टीमों के साथ एक स्पेशलिस्ट मेंटर के तौर पर जुड़ेंगे. इस दांव से इंग्लैंड को बड़ा फायदा पहुंच सकता है. लेकिन इसी बीच टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने पीटरसन पर तंज कसा. उन्होंने पीटरसन से पूछा कि क्या आपके पैकेज में मालदीव हॉलिडे भी शामिल है?
राहुल का यह कमेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बता दें कि राहुल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं. पीटरसन ने दिल्ली की फ्रेंचाइजी के लिए भी मेंटर की भूमिका निभाई है. राहुल और पीटरसन ने दोनों साथ में काम किया है. दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग है. दरअसल, IPL 2025 सीजन के बीच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने मालदीव में कुछ दिन बिताए थे, इस दौरान पीटरसन भी उनके साथ थे. इसी को मद्दे नजर रखते हुए राहुल ने कमेंट किया.
क्रिकेट इंग्लैंड और पीटरसन ने कोलैब करते हुए इंस्टाग्राम पर मेंटर बनने की खबर साझा की. इसी पोस्ट पर राहुल ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “क्या पैकेज में मालदीव हॉलिडे भी शामिल है?” राहुल के इस कमेंट पर पीटरसन ने हंसने वाले इमोजी के साथ रिप्लाई किया. इसी के साथ दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से भी पीटरसन की पोस्ट पर कमेंट किया गया. फ्रेंचाइजी ने लिखा, “मेंटर क्या होता है?” इसके आगे हंसने वाली इमोजी का इस्तेमाल किया गया. फैंस को यह टिप्पणी काफी पसंद आ रही है.
यह भी पढ़ें: एजबेस्टन का रिकॉर्ड पाकिस्तान के लिए डरावना, तीसरे टेस्ट से पहले देखें आंकड़े
मेंटर बनने पर क्या बोले केविन पीटरसन?
पीटरसन ने मेंटर बनने पर कहा, “हमारी व्हाइट-बॉल टीम में बहुत टैलेंटेड खिलाड़ी हैं और मैं इन खिलाड़ियों के हुनर को पूरी तरह से निखारने के लिए उनके साथ मिलकर कड़ी मेहनत करने को लेकर उत्साहित हूं. अगले 12 महीनों तक ब्रेंडन की कोर टीम का हिस्सा बनना एक शानदार मौका है और मैं काम शुरू करने के लिए बहुत उत्सुक हूं.”
यह भी पढ़ें: क्या करती हैं ईशान किशन की गर्लफ्रेंड अदिति? जानें कितनी हैं अमीर