How To Use Potato Peels: भारत में लोग अलग-अलग वैरायटी का खाना पसंद करते हैं, इसलिए कुछ ना कुछ नया ट्राई करते रहते हैं. ऐसे में जब भी हमारे घरों में आलू की सब्जी, पराठे या फ्रेंच फ्राइज बनते हैं, तो हम सबसे पहले आलू के छिलके उतारकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिन्हें आप कचरा समझकर फेंक रहे हैं, उनसे बेहद स्वादिष्ट और कुरकुरे चिप्स तैयार किए जा सकते हैं. आलू के छिलके सेहत और स्वाद दोनों के लिए बहुत अच्छे होते हैं. इनमें भरपूर मात्रा में पोटैशियम, विटामिन सी और आयरन पाया जाता है. आइए जानते हैं आलू के छिलकों को दोबारा इस्तेमाल करने के आसान तरीके.
स्नैक्स बनाने के लिए जरुरी सामग्री
अगर आपने कभी आलू के छिलकों से चिप्स नहीं बनाए हैं, तो एक बार जरूर ट्राई करें. क्योंकि इस बेहद स्वादिष्ट स्नैक को आप घर पर भी बना सकते हैं. इसके लिए आपको बस दो से तीन कप आलू के मोटे छिले हुए छिलके, तेल, नमक, चाट मसाला और लाल मिर्च पाउडर की जरुरत पड़ती है.
छिलके तैयार करने का सही तरीका
चिप्स बनाने के लिए सबसे जरूरी काम है आलू कि ठिक से सफाई करना. क्योंकि आलू जमीन के नीचे उगते हैं, इसलिए उन पर काफी मिट्टी लगी होती है. आलू छीलने से पहले उन्हें साफ पानी में रगड़कर 2 से 3 बार अच्छी तरह धो लें. जब सारी मिट्टी साफ हो जाए, तब चाकू की मदद से थोड़े मोटे छिलके उतारें. छिलके उतारने के बाद उन्हें एक बार और साफ पानी से धो लें. अब इन्हें एक सूती कपड़े पर सूखने के लिए छोड़ दें. क्योंकि छिलकों का सारा पानी सूखना बहुत जरूरी है. अगर छिलकों में थोड़ी भी नमी या गीलापन रहेगा, तो चिप्स कुरकुरे नहीं बनेंगे.
यह भी पढ़ें: न चीनी न गुड़.. घर पर ऐसे बना सकते हैं प्रोटीन बार, जिम जाने वाले नोट कर लें रेसिपी
बनाने की विधि
अब कढ़ाई में मीडियम आंच पर तेल गरम करें. अब थोड़े-थोड़े छिलके तेल में डालें और सुनहरा होने तक तलते रहें. ध्यान रहें इन्हें पकने में सिर्फ 2 से 3 मिनट का समय लगता है. अगर आप तेल का इस्तेमाल कम करना चाहते हैं, तो छिलकों पर एक चम्मच तेल और मसाले लगाकर इसे एयर फ्रायर में 200 डिग्री पर 8 से 10 मिनट के लिए रख दें. जैसे ही आपके आलू के छिलके कुरकुरे होकर तैयार हो जाएं, तब उन्हें बाहर निकाल लें. अब तुरंत गरम-गरम चिप्स के ऊपर नमक, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला छिड़क दें. आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा मैगी मसाला भी मिला सकते हैं. क्योंकि इससे स्वाद दोगुना हो जाता है. अब इन सबको अच्छी तरह मिक्स कर दें. अब आपके गरमा-गरम, क्रिस्पी पोटैटो पील चिप्स तैयार हैं. इन्हें आप शाम की गरमा-गरम चाय या टोमैटो केचप के साथ खा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: गाय या भैंस… बच्चे को पहली बार किस जानवर का दूध देना रहता है फायदेमंद?