गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 में भारत ने अफगानिस्तान को 127 रनों के बड़े अंतर से हराया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी की. हालांकि अंतिम ओवरों में अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी की, लेकिन फिर भी भारत 221 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंच गया. लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की पूरी टीम 94 रनों पर सिमट गई. भारत ने इस मुकाबले में जीत के साथ सीरीज 3-0 से अपने नाम की.
नितीश-बिश्नोई ने लिए 3-3 विकेट
222 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने तेज तर्रार शुरुआत की थी, लेकिन चौथे ओवर में ये जोड़ी टूटने के बाद मेहमान टीम के लगातार विकेट गिरते रहे. गुरबाज ने 15 और जादरान ने 25 रन बनाए. इसके बाद सिर्फ अजमतुल्लाह ओमरजाई (17) और नूर उल रहमान (11) ही दहाई का आंकड़ा भी छू पाए.
भारत के लिए नितीश कुमार रेड्डी और रवि बिश्नोई ने 3-3 विकेट लिए. रेड्डी ने तीनों विकेट एक ही ओवर में चटकाए. अक्षर पटेल ने 2, यश ठाकुर और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट लिया.
संजू-अभिषेक की ऐतिहासिक साझेदारी
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी की. दोनों ने पॉवरप्ले में टीम का स्कोर 100 तक पहुंचा दिया था, जो अब टी20 पॉवरप्ले में भारत का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है. इसके बाद अभिषेक ने 30 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रचा. वह अब भारत के लिए टी20 में सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 34 गेंदों में 11 छक्के और 9 चौकों की मदद से 108 रन बनाए. संजू ने 35 गेंदों में 50 रन बनाए, जिन्होंने 4 छक्के और 2 चौके लगाए.
भारत ने दिया था 222 का लक्ष्य
हालांकि इसके बाद अन्य बल्लेबाज उस रफ़्तार से नहीं खेल पाए, नहीं तो एक समय लग रहा था कि भारत 250 से अधिक स्कोर आराम से कर लेगा. श्रेयस अय्यर ने 20 गेंदों में 29 रन बनाए, शिवम दुबे ने 10 गेंदों में 14, ईशान किशन ने 8 गेंदों में 10 रन बनाए. भारत ने 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 221 रन बनाए.
भारत की प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, यश ठाकुर.
अफगानिस्तान की प्लेइंग 11
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, नूर उल रहमान, दरविश रसूल, अजमतुल्लाह ओमरजाई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्लाह अहमदजाई.
भारतीय स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान ), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर.
अफगानिस्तान स्क्वॉड
इब्राहिम जदरान (कप्तान ), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर उल रहमान, दारविश रसूली, सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजइ, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदिन नायब, नांगेलिया खरोटे, मुजीबुर रहमान, नूर अहमद, अब्दुल्लाह अहमदजइ, फजलहक फारूकी, नवीनुल हक.