‘बिग बॉस ओटीटी 3’ फेम शिवानी कुमारी और अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मार्विन आची के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. मार्विन ने शिवानी पर उनका भरोसा तोड़ने, गुमराह करने और कंटेंट के लिए उनका मजाक उड़ाने के साथ अपमानित करने का आरोप लगाया है. वहीं, मार्विन के आरोपों के बाद शिवानी ने रोते हुए एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी.
शिवानी कुमारी ने कहा कि मार्विन उनके लिए मेहमान और भाई जैसे हैं. अगर उन्हें किसी बात से परेशानी थी, तो उन्हें सीधे उनसे बात करनी चाहिए थी, न कि वीडियो जारी करना चाहिए था. अब शिवानी के इस बयान पर मार्विन ने भी प्रतिक्रिया दी है. आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है.
रोते नजर आए मार्विन आची
मार्विन ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं. वीडियो में उन्होंने कहा कि अब वो अमेरिका वापस जाने के बारे में सोच रहे हैं, क्योंकि शिवानी ने उनका ट्रिप बर्बाद कर दिया है.
मार्विन ने कहा, ‘मैं भारत घूमने में बहुत मजे कर रहा था. मुझे भारत बहुत पसंद है. सच में बहुत पसंद है. मुझे यहां की संस्कृति और बाकी सब कुछ अच्छा लगता है, लेकिन अब मैंने एक वीडियो बनाया कि शिवानी ने मेरा चेहरा रंग दिया और इससे मैं कितना निराश हूं.’
‘तुमने मेरा भरोसा तोड़ दिया…’
उन्होंने आगे कहा, ‘वो अब लोगों के लिए वीडियो बनाकर कह रही हैं कि मुझे अनफॉलो कर दो, मैं अच्छा इंसान नहीं हूं. उम्मीद है कि तुम खुश होंगी. मेरा चेहरा काला रंगकर और मुझे बेवकूफ दिखाकर तुम्हें जो चाहिए था, वो मिल गया. अब तुम सबको कह रही हो कि मुझे अनफॉलो कर दो. उम्मीद है तुम खुश हो. मैंने तुम्हें अपना दोस्त समझा था, लेकिन तुमने मेरा भरोसा तोड़ दिया.’
शिवारी कुमारी ने दिया जवाब
वहीं, शिवानी कुमारी ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर मार्विन के आरोपों का जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘अगर मार्विन भैया, आपको मेरी कोई बात खराब लगी थी, तो आप मुझसे बात करते. मेरे खिलाफ वीडियो डालकर आपको क्या मिला? हमने आपका कोई अपमान नहीं किया. हमने हमेशा आपको सम्मान दिया. आप मेरे इंडिया आए हुए मेहमान थे और मेरे साथ 15 दिन तक रुके. ऐसा तो नहीं है कि आपने मेरे बारे में कुछ समझा ही नहीं.’
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा विवाद उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में स्थित शिवानी कुमारी के गांव अरियारी में आयोजित एक पारंपरिक ‘टेसू-झेंझी’ कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ. मार्विन का आरोप है कि उन्हें इस कार्यक्रम के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई और बिना कुछ समझाए उनके चेहरे पर काला रंग लगाकर मूंछें बना दी गईं.
उनका कहना है कि वो भारतीय संस्कृति को समझने और शिवानी को अपना दोस्त मानकर गांव पहुंचे थे, लेकिन उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया. मार्विन ने ये भी सवाल उठाया कि क्या शिवानी ने यह सब सिर्फ अपने वीडियो के लिए कंटेंट बनाने और व्यूज व अटेंशन पाने के मकसद से किया था. सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट्स देखने के बाद उन्हें लगा कि उनके भरोसे का गलत फायदा उठाया गया है.