केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें इन दिनों 8वें वेतन आयोग पर टिकी हुई हैं. हर कोई यह जानना चाहता है कि नए वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने पर उनकी सैलरी, भत्तों और पेंशन में कितना बदलाव आएगा. हालांकि, अभी इसके लिए इंतजार करना होगा, क्योंकि आयोग को पहले अपनी रिपोर्ट तैयार करके केंद्र सरकार को सौंपनी है. इसके बाद भी सिफारिशें तुरंत लागू नहीं होंगी, बल्कि सरकार को कई अहम प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी.
दरअसल, अक्टूबर 2026 में बेंगलुरु और मुंबई में भी दो अहम बैठकें हुई थीं. अब आयोग को अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है. इसके बाद सरकार पांच प्रमुख चरणों में आगे की कारवाई कर सकती है. आइए जानते हैं कि 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने के बाद सरकार कौन-कौन से फैसले ले सकती है.
रिपोर्ट की समीक्षा करेगी सरकार
सबसे पहले केंद्र सरकार 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट का बारीकी से अध्ययन करेगी. इसमें फिटमेंट फैक्टर, बेसिक सैलरी, भत्ते, पेंशन और कर्मचारियों की सेवा से जुड़ी शर्तों पर दी गई सिफारिशों को देखा जाएगा.
कुछ मुद्दों की हो सकती है अतिरिक्त जांच
भत्तों, पेंशन और दूसरे जटिल मामलों से जुड़ी सिफारिशों पर सरकार को अतिरिक्त जांच करानी पड़ सकती है. जरूरत पड़ने पर किसी समिति से भी इनकी समीक्षा कराई जा सकती है.
सरकार जारी करेगी आधिकारिक आदेश
सरकार के अंतिम फैसले के बाद नई वेतन संरचना और जरूरी नियमों को लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी. इसमें बदलावों और उन्हें लागू करने से जुड़ी जानकारी दी जाएगी.
सिफारिशों को स्वीकार या खारिज करने पर फैसला
रिपोर्ट की जांच के बाद सरकार यह तय करेगी कि आयोग के किन सुझावों को स्वीकार करना है और किनमें बदलाव करना है. जरूरत पड़ने पर कुछ सिफारिशों को पूरी तरह खारिज भी किया जा सकता है. यह फैसला वित्तीय और प्रशासनिक पहलुओं को ध्यान में रखकर लिया जाएगा.
लागू होने की तारीख होगी तय
आखिर में सरकार 8 वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने की तारीख तय करेगी. इसके बाद संबंधित विभाग कर्मचारियों की नई सैलरी और पेंशन की गणना करेंगे. पात्र कर्मचारियों को नियमों के मुताबिक एरियर भी दिया जाएगा.
कब तक आएगी 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट?
8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था. आयोग को गठन के तारीख से 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है. इस हिसाब से रिपोर्ट जमा करने की समयसीमा करीब 3 मई 2027 तक बनती है. ऐसे में कर्मचारियों और पेंशनर्स को आयोग की सिफारिशों और सरकार के अंतिम फैसले के लिए इंतजार करना होगा.
60000 करोड़ की क्रिप्टो चोरी में हैकर्स का नाम आया सामने, जानें किस देश है ताल्लुक