क्या आप आने वाले समय में विदेश घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं? अगर आप दुबई या सिंगापुर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. दरअसल अब दुबई और सिंगापुर में भी भारतीय पेमेंट मोड UPI के जरिए आप पेमेंट कर सकते हैं. यदि आप दुबई जा रहे हैं तो यहां पर आप UPI की मदद बुर्ज खलीफा का टिकट बुक कर सकते हैं. तो वहीं सिंगापुर के यूनिवर्सल स्टूडियो का टिकट भी बुक किया जा सकता है.
खास बात ये है कि यहां जाने के बाद अब भारतीयों को विदेशी कार्ड या दूसरे अंतरराष्ट्रीय पेमेंट ऑप्शंस पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. वित्त मंत्रालय ने 30 अक्टूबर 2026 को इस नई सुविधा की जानकारी दी है. इसका उद्देश्य विदेश यात्रा के दौरान भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट बुक करना और भुगतान करना आसान बनाना है.
किन जगहों पर चलेगा UPI?
इस नई सुविधा के तहत फिलहाल दुबई और सिंगापुर के मुख्य पर्यटन वाली जगहों पर UPI से ऑनलाइन पेमेंट किया जा सकेगा. इस लिस्ट में दुबई का बुर्ज खलीफा, सिंगापुर का यूनिवर्सल स्टूडियो और ओशनेरियम और एडवेंचर कोव वॉटरपार्क का नाम शामिल है. यदि आप इनमें से किसी भी जगह जाते हैं तो आप पेमेंट के लिए भारतीय यूपीआई का इस्तेमाल कर सकते हैं.
कैसे बुक करें बुर्ज खलीफा का टिकट बुक?
अगर आप दुबई घूमने जा रहे हैं तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करके टिकट बुक कर सकते हैं.
- सबसे पहले बुर्ज खलीफा की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं.
- यहां पर अपनी पसंद का टिकट पैकेज सिल्वर, गोल्ड या प्लेटिनम को चुनें.
- इसके बाद ‘बुक नाओ’ पर क्लिक करेंगे तो घूमने की तारीख और समय चुनने का ऑप्शन मिलेगा.
- इसमें सारी जानकारी भरें और ‘एड टू कार्ट’ पर क्लिक करें.
- इसके बाद चेकआउट करने पर पेमेंट का ऑप्शन आ जाएगा, इसमें UPI को चुनकर भुगतान करें.
भारतीय पर्यटकों को क्या होगा फायदा?
बता दें कि इस नई सुविधा से विदेश जाने वाले भारतीयों को काफी सहूलियत मिलेगी. अब उन्हें टिकट खरीदने के लिए हर बार अंतरराष्ट्रीय डेबिट या क्रेडिट कार्ड की जरूरत नहीं होगी. वो अपने नॉर्मल UPI एप से ही भुगतान कर सकेंगे. इससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया आसान होगी और विदेशी पर्यटन स्थलों पर भारतीय डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल भी बढ़ेगा.
ये भी पढ़ें: टीवी-गीजर समेत इलेक्ट्रॉनिक गैजेट 7% महंगे, 15% बढ़े मिठाई के दाम