Winter Hair Care: ठंड के हफ्तों में कितनी बार धोएं सिर, जान लें सही तरीका

b77feb35d62ad61440bd318d5b0b12aa17935344300821473 original


सर्दियों का मौसम आते ही हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से लेकर त्वचा और बालों की देखभाल तक कई चीजें बदल जाती हैं. ठंडे मौसम के कारण लोग अक्सर नहाने से बचते हैं और बाल धोने के बीच का अंतर भी बढ़ा देते हैं. कुछ लोगों को लगता है कि सर्दियों में बार-बार सिर धोने से बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं, इसलिए वे कई-कई दिनों तक शैंपू नहीं करते. वहीं कुछ लोग गर्म पानी से रोजाना बाल धोना पसंद करते हैं.

ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल होता है कि आखिर ठंड के मौसम में सिर कितने दिनों में या हफ्ते में कितनी बार धोना चाहिए? दरअसल सर्दियों में बालों की सफाई का एक संतुलित तरीका अपनाना बेहद जरूरी है. बहुत ज्यादा या जरूरत से कम शैंपू करना, दोनों ही स्कैल्प की सेहत को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में जानिए ठंड के दिनों में बालों की सही देखभाल करने के आसान तरीके.

हफ्ते में कितनी बार धोने चाहिए बाल?

सर्दियों में कितनी बार बाल धोने चाहिए, इसका कोई एक नियम नहीं है. यह आपके स्कैल्प के नेचर, बालों की बनावट और उनकी जरूरत पर निर्भर करता है. सामान्य तौर पर जिन लोगों की स्कैल्प नॉर्मल है, वे हफ्ते में दो से तीन बार बाल धो सकते हैं. वहीं अगर आपकी स्कैल्प ऑयली है और बाल जल्दी चिपचिपे हो जाते हैं, तो आपको ज्यादा बार शैंपू करने की जरूरत पड़ सकती है. जिन लोगों के बाल रूखे, घुंघराले या मोटे हैं, वे कम बार शैंपू कर सकते हैं. ऐसे लोगों के लिए हफ्ते में एक बार या जरूरत के मुताबिक बाल धोना पर्याप्त होता है.

सर्दियों में भी बाल धोना जरूरी है.

ठंड के मौसम में पसीना कम आने के कारण लोगों को लगता है कि स्कैल्प को बार-बार साफ करने की जरूरत नहीं है. लेकिन ऐसा सोचना सही नहीं है. हमारी स्कैल्प में प्राकृतिक रूप से सीबम यानी तेल बनता है. इसके अलावा धूल, गंदगी, पसीना और हेयर प्रोडक्ट्स के अवशेष भी सिर पर जमा होते रहते हैं. अगर लंबे समय तक स्कैल्प की सफाई नहीं की जाए, तो बाल चिपचिपे हो जाते हैं. इसके साथ खुजली, रूसी और स्कैल्प में जलन जैसी समस्याएं भी होती हैं. इसलिए सिर्फ ठंड होने की वजह से बाल धोना पूरी तरह बंद नहीं करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: सर्दियों में पार्टी के लिए अपनाएं ये आउटफिट, ठंड से बचेंगे और लुक भी लगेगा शानदार

जानें बाल धोने का सही तरीका

सर्दियों में बाल धोते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है. ठंड में गर्म पानी से नहाना अच्छा लगता है, लेकिन बहुत गर्म पानी स्कैल्प और बालों की प्राकृतिक नमी को कम कर सकता है. इसलिए बाल धोने के लिए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. अपनी स्कैल्प और बालों की जरूरत के हिसाब से शैंपू चुनें. अगर बाल रूखे हैं, तो मॉइस्चराइजिंग शैंपू बेहतर विकल्प हो सकता है. वहीं ऑयली स्कैल्प वाले लोग अपनी जरूरत के अनुसार क्लीनिंग शैंपू इस्तेमाल कर सकते हैं. कई लोग बाल धोते समय शैंपू को सीधे पूरे बालों में लगा लेते हैं. ऐसा करने के बजाय शैंपू को स्कैल्प पर लगाना और उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से मसाज करना ज्यादा सही होता है.

बालों को सही से सुखाएं

शैंपू करने के बाद बालों की लंबाई और सिरों पर कंडीशनर जरूर लगाएं. इससे बालों में नमी बनाए रखने, उलझन कम करने और टूटने से बचाने में मदद मिलती है. गीले बाल नाजुक होते हैं, ऐसे में इन्हें तौलिए से जोर-जोर से रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं. वहीं अगर आप हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करते हैं, तो कम तापमान रखना बालों के लिए बेहतर होता है.

यह भी पढ़ें: Delhi Shopping Markets: दीवाली पर दिल्ली के इन बाजारों से करें शॉपिंग, कम खर्च में ज्यादा आएगा सामान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *