Water Tank Cleaning: घर में इस्तेमाल होने वाला पानी जितना साफ दिखता है, उतना ही साफ होना भी जरूरी होता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो पानी आप इस्तेमाल कर रहें है, वो पानी कितनी साफ जगह से आ रहा है. अक्सर लोग पानी की टंकी की सफाई को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे धीरे-धीरे उसमें गंदगी की मोटी परत जम जाती है. साथ ही अगर इस चिलचिलाती गर्मी की बात करें इस मौसम में अगर टंकी साफ नहीं हो तो यही गंदगी आगे चलकर बीमारियों की वजह बन सकती है. ऐसे में समय-समय पर टंकी की सफाई करना बहुत जरूरी हो जाता है. अच्छी बात यह है कि अब इसे साफ करने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नही है. कुछ आसान होम टिप्स की मदद से आप इसे जल्दी और आसानी से साफ कर सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं इनके बारे में पूरी जानकारी.
गंदगी जमने के पीछे की वजह
पानी की टंकी में गंदगी जमने के कई कारण होते हैं. समय के साथ पानी में मौजूद मिट्टी, धूल और छोटे कण टंकी के तल में जमा होने लगते हैं. इसके अलावा टंकी का ढक्कन ठीक से बंद न होने पर बाहर की गंदगी भी अंदर पहुंच जाती है. साथ ही कई बार टंकी में काई भी जमने लगती है, जिससे पानी की गुणवत्ता खराब हो जाती है. इसलिए टंकी को लंबे समय तक बिना साफ किए छोड़ना सही नही माना जाता.
यह भी पढ़ेंः क्या आपकी वॉशिंग मशीन भी लगा रही कपड़ों पर दाग, जानें क्यों होता है ऐसा?
सफाई से पहले जरूरी तैयारी
टंकी की सफाई शुरू करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. सबसे पहले टंकी को पूरी तरह खाली कर लें. इसके बाद अंदर जमा मोटी गंदगी को हटाने के लिए ब्रश या किसी कपड़े का इस्तेमाल करके टंकी कि दीवारों और फर्श को रगड़ें. उसे अच्छे से रगड़ने के बाद साफ पानी डालकर उसे अच्छे से धो लें. फिर ब्लीचिंग पाउडर, बेकिंग सोडा या सिरका डालकर उसे 15 से 20 मिनट तक छोड़ दें और फिर दोबारा साफ पानी से धो लें. इससे टंकी पूरी तरह साफ और सुरक्षित हो जाती है. फिर उसके बाद उसका ढक्कन बंद कर दें ताकि उसके अंदर धूल या कोई कीड़ा मकोड़ा ना जाए. अक्सर लोग ढक्कनों पर ध्यान नहीं देते. कई बार ढक्कन टूटे होते हैं या फिर लोग सही से लगाना भूल जाते हैं. जिस वजह से धूल और कीड़े मकोड़े अंदर पहुंच जाते हैं. इसलिए इस बात का खास ध्यान रखें. ध्यान रखें कि सफाई के दौरान साफ पानी और जरूरी सामान पहले से तैयार रखें. इससे सफाई का काम आसान और जल्दी हो जाता है.
नियमित सफाई से बनी रहेगी शुद्धता
अगर आप चाहते हैं कि आपके घर का पानी हमेशा साफ और सुरक्षित रहे, तो टंकी की सफाई नियमित रूप से करना जरूरी है. समय समय पर टंकी चेक करते रहें और जरूरत पड़ने पर तुरंत साफ करें. कोशिश करें कि हर 3 से 6 महीने में आप सफाई जरूर करें. इससे गंदगी की मोटी परत जमने से पहले ही उसे हटाया जा सकता है. ये आसान होम टिप्स अपनाकर आप बिना ज्यादा मेहनत के अपनी पानी की टंकी को साफ रख सकते हैं और परिवार की सेहत का ध्यान रख सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः चॉपिंग बोर्ड खिसकने से कट सकता है हाथ! क्या आपने ट्राई किया यह वायरल हैक?