Bryan Johnson Girlfriend Period Blood Experiment: लंबी उम्र पाने और बढ़ती उम्र के असर को धीमा करने के लिए दुनियाभर में तरह-तरह के प्रयोग किए जा रहे हैं. इन्हीं प्रयोगों के लिए मशहूर टेक कारोबारी ब्रायन जॉनसन एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी गर्लफ्रेंड के पीरियड्स के खून को जमा करके रखना है. जॉनसन ने खुलासा किया है कि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड केट टोलो के पीरियड्स के ब्लड का सेंपल बेहद कम तापमान पर सुरक्षित रखा है. इसके बाद से सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा करने की जरूरत क्या है और क्या इससे सच में उम्र बढ़ाने में कोई मदद मिल सकती है?
ब्रायन जॉनसन लंबे समय से बढ़ती उम्र के असर को धीमा करने के लिए अपने शरीर पर कई तरह के प्रयोग करते रहे हैं. वह हर साल इन प्रयोगों पर लाखों डॉलर खर्च करते हैं. उन्होंने हाल ही में बताया कि अपनी गर्लफ्रेंड के पीरियड्स के करीब 10 मिलीलीटर खून को लैब के एक स्पेशल टेक्निक में शून्य से 80 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान पर सुरक्षित रखा गया है. जानकारी सामने आते ही इंटरनेट पर चर्चा शुरू हो गई. कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि लंबी उम्र पाने की उनकी कोशिश कहीं हद से आगे तो नहीं बढ़ रही है. वहीं, कुछ लोगों ने इसके पीछे छिपी साइंटफिक संभावनाओं में दिलचस्पी दिखाई.
क्यों जमा किया गर्लफ्रेंड का पीरियड्स का खून?
जॉनसन का कहना है कि पीरियड्स के खून को सुरक्षित रखने के पीछे मकसद कोई सनसनीखेज प्रयोग करना नहीं, बल्कि इससे स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियां हासिल करना है. उनके मुताबिक, पीरियड्स का खून शरीर के बारे में ऐसी जानकारी दे सकता है, जो सामान्य खून की जांच से मिलना मुश्किल हो सकता है. इसकी वजह यह है कि पीरियड्स का खून सीधे यूट्रस से आता है. इसमें यूट्रस की सेल्स के साथ इम्यून से जुड़ी सेल्स और मूल सेल्स भी मिल सकती हैं. इनका अध्ययन करके यूट्रस और महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने की संभावना तलाशी जा रही है.

इसके अलावा जॉनसन का दावा है कि इस खून की जांच से शरीर में मौजूद बेहद छोटे प्लास्टिक कणों और लंबे समय तक पर्यावरण में बने रहने वाले कुछ हानिकारक रसायनों का भी पता लगाया जा सकता है. साइंटिस्ट इस बात का अध्ययन कर रहे हैं कि ऐसे पदार्थों का इंसान के स्वास्थ्य और प्रजनन क्षमता पर क्या प्रभाव पड़ सकता है.
क्या इससे सच में बढ़ सकती है उम्र?
यह समझना जरूरी है कि पीरियड्स के खून को जमा करके रखने से सीधे किसी व्यक्ति की उम्र बढ़ने का अभी कोई प्रमाण नहीं है. न तो इससे ब्रायन जॉनसन की उम्र बढ़ेगी और न ही इसे उनकी गर्लफ्रेंड की उम्र बढ़ाने वाला कोई इलाज माना जा सकता है.

इसके पीछे विचार यह है कि अगर पीरियड्स के खून की जांच से शरीर में होने वाले बदलाव, यूट्रस से जुड़ी समस्याएं या हानिकारक पदार्थों का समय रहते पता लगाया जा सके तो भविष्य में स्वास्थ्य की निगरानी में मदद मिल सकती है. बीमारियों या स्वास्थ्य से जुड़े जोखिमों को जल्दी पहचानने की ऐसी कोशिशों को लंबी और स्वस्थ जिंदगी से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, यह अभी शोध का विषय है और इसे उम्र बढ़ाने का प्रमाणित तरीका नहीं कहा जा सकता.
एक्सपर्ट ने इसको लेकर क्या बताया?
मुंबई की प्रजनन एक्सपर्ट डॉ. प्रज्ञा शेट्टी के मुताबिक, इस मामले को जिस तरह लोगों के सामने पेश किया गया है, वह कुछ लोगों को असहज कर सकता है, लेकिन इसके पीछे का साइंटफिक विचार बेबुनियाद नहीं है. उनका कहना है कि मासिक धर्म के दौरान निकलने वाले ऊतक खास हैं, क्योंकि शरीर इन्हें हर महीने बाहर निकालता है और फिर से तैयार करता है. इसी वजह से इनके जरिए बिना किसी बड़ी चिकित्सकीय प्रक्रिया के गर्भाशय के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल करने की संभावना है.
इसे भी पढ़ेंः Does Paan Cause Cancer: क्या पान खाने से सच में होता है कैंसर? जानिए सच्चाई
डॉ. शेट्टी के मुताबिक, दुनियाभर में रिसर्चर पीरियड्स के खून की मदद से एंडोमेट्रियोसिस जैसी बीमारी की पहचान करने की संभावनाओं पर भी काम कर रहे हैं. इस बीमारी का पता लगाने में कई बार सात से दस साल तक का समय लग सकता है. अगर भविष्य में पीरियड्स के खून से इसकी पहचान आसान होती है तो महिलाओं को बड़ी चिकित्सकीय जांच से बचाने में मदद मिल सकती है.
शून्य से 80 डिग्री नीचे क्यों रखा खून?
डॉ. शेट्टी ने यह भी साफ किया कि मासिक धर्म के खून को शून्य से 80 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान पर रखना अपने आप में कोई असामान्य बात नहीं है. शोध के लिए बॉयोलॉजिकल सेंपल को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए बेहद कम तापमान का इस्तेमाल किया जाता है. उनके मुताबिक, मासिक धर्म के खून में बेहद छोटे प्लास्टिक कणों और कुछ हानिकारक केमिकल की तलाश भी महत्वपूर्ण हो सकती है.
इसे भी पढ़ेंः Exam Preparation: क्या रातभर जागकर पढ़ते हैं? जानें बड़े नुकसान
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator