विराट कोहली (Virat Kohli) आज (27 अप्रैल) दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में सिर्फ 11 रन बनाते ही इतिहास रच सकते हैं. इस रिकॉर्ड के साथ रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे दिग्गज कोसों दूर रह जाएंगे. बताते चलें कि कोहली मौजूदा वक्त में आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
11 रन बनाते ही कोहली के नाम हो जाएगा सबसे बड़ा रिकॉर्ड
दरअसल कोहली को अपने आईपीएल करियर में 9000 रन आंकड़ा छूने के लिए सिर्फ 11 रनों की दरकार है. आज दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में 11 रन बनाते ही कोहली टूर्नामेंट में यह आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. इस तरह कोहली सबसे बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे. गौर करने वाली बात यह है कि एक तरफ कोहली 9 हजार रनों का आंकड़ा छूने के करीब हैं, दूसरी तरफ टूर्नामेंट के इतिहास में कोई दूसरा बल्लेबाज अब तक 8 हजार का आंकड़ा भी नहीं छू सका है.
मौजूदा सीजन में भी कोहली का बल्ला जमकर बोल रहा है. उन्होंने 7 मैचों की 7 पारियों में 54.67 की औसत और 163.18 के स्ट्राइक रेट से 328 रन बना लिए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं. कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें पायदान पर हैं.
IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- विराट कोहली- 8989 रन (274 मैच)
- रोहित शर्मा- 7183 रन (276 मैच)
- शिखर धवन- 6769 रन (222 मैच)
- डेविड वॉर्नर- 6565 रन (184 मैच)
- केएल राहुल- 5579 रन (152 मैच)
विराट कोहली का आईपीएल करियर
कोहली ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 274 मुकाबले खेल लिए हैं. इन मैचों की 266 पारियों में बैटिंग करते हुए उन्होंने 39.95 की औसत और 133.76 के स्ट्राइक रेट से 8989 रन बना लिए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 66 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें हाई स्कोर 113* का रहा. बताते चलें कि कोहली उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शुमार हैं, जो पहले सीजन यानी 2008 से आईपीएल में खेल रहे हैं. शुरुआत से ही कोहली ने निरंतर रन बनाने के मामले में खुद को टॉप पर रखा है.
यह भी पढ़ें: आज DC और RCB के बीच भिड़ंत, जानें दिल्ली-बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन, पिच रिपोर्ट और मैच प्रिडिक्शन