आईटी कंपनियों के लिए ये साल कुछ अच्छा नहीं रहा है. इस साल कई कंपनियों ने काफी ले-ऑफ भी किए हैं. तो वहीं माइक्रोसॉफ्ट ने तो कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर तक दे दिया है. इसी बीच कंपनी ने इस साल कर्मचारियों की सैलरी हाइक भी की, वो भी 5 प्रतिशत से भी कम. इस बात का खुलासा हाल ही में एक सर्वे के दौरान हुआ है.
प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म ‘ब्लाइंड’ के द्वारा हुए हाल ही में एक सर्वे के अनुसार, भारत में माइक्रोसॉफ्ट के 10 में से 9 से ज्यादा कर्मचारियों को 2026 के अप्रेजल साइकल के दौरान 5% या उससे कम की वेतन वृद्धि मिली है.
सर्वे में क्या आया सामने?
भारत में काम करने वाले 2,178 पेशेवरों के बीच किए गए एक ब्लाइंड सर्वे के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट के 91% कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें इस साल 5% या उससे कम की वेतन वृद्धि मिली है. ये आंकड़ा पिछले साल के 45% से काफी ज्यादा है. सिर्फ 5% कर्मचारियों को 10% से ज्यादा की सैलरी हाइक मिली, जो पिछले साल के 27% के मुकाबले काफी कम है.
इस सर्वेक्षण के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट के 86% रिस्पॉन्डेंट्स ने अपनी सैलरी हाइक से सैटिस्फैक्शन जाहिर नहीं किया, जिससे ये सबसे बड़ी टेक कंपनी सबसे कम रेटिंग वाले एम्प्लॉयर में से एक बन गई, जो केवल जोहो के बाद दूसरे स्थान पर है.
नौकरी छोड़ने का ऑफर
बता दें कि ये सैलरी में मामूली बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब ये टेक कंपनी रिकॉर्ड मुनाफे की रिपोर्ट दे रही है. इसके अलावा कंपनी ने कर्मचारियों को वॉलेंट्री एग्जिट लेने का भी ऑफर दिया है. जिसका असर दुनिया भर में हजारों कर्मचारियों पर पड़ेगा. कंपनी ने करीब 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है. ये ऑफर कंपनी के यूएस, कनाडा, भारत और यूके के कर्मचारियों को दिया गया है.
ये ऑफर कर्मचारियों को इसलिए दिया गया है जिससे कि कंपनी कॉस्ट कटिंग कर सके और जो पैसा बचेगा उसे एआई के बढ़ावा देने के लिए लगा सके. इस ऑफर के तहत कर्मचारियों को एग्जिट के बाद कई सुविदाएं दी जाएंगी. हालांकि जो कर्मचारी ये वॉलेंट्री एग्जिट नहीं लेना चाहते हैं उनके काम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: सोने पर टैक्स बढ़ा तो तस्करी 1500% बढ़ी, देश में 50 टन सोना चोरी से आया