श्रीलंका क्रिकेट में भूचाल आ गया है, क्योंकि शम्मी सिल्वा ने तत्काल प्रभाव से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. SLC ने आधिकारिक स्टेटमेंट जारी करते हुए बताया है कि केवल शम्मी सिल्वा ही नहीं बल्कि सभी पदाधिकारी और कार्यकारी समिति के सभी सदस्यों ने अपना पद छोड़ दिया है.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड का कामकाज फिलहाल केंद्र सरकार के हाथों में रहेगा. यह फैसला बुधवार, 29 अप्रैल को लिया गया. बताते चलें कि पिछले काफी समय से SLC भ्रष्टाचार और मिसमैनेजमेंट के आरोपों से घिरा हुआ था. ये पहली बार नहीं है जब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड विवादों में घिरा है. इससे पहले 2023-24 के समय में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने राजनीतिक हस्तक्षेप का हवाला देकर एलएलसी पर दो महीने का प्रतिबंध लगा दिया था.
सरकार ने आधिकारिक स्टेटमेंट जारी करते हुए बताया कि तत्काल प्रभाव से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के प्रशासनिक कामकाज को अस्थायी रूप से युवा एवं खेल मंत्रालय के अधीन कर दिया गया है. वहीं बोर्ड के भीतर चल रही समस्याओं के समाधान और उसमें सुधार लाने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा.
चार बार के अध्यक्ष रह चुके शम्मी सिल्वा ने मंगलवार को इस्तीफा दिया था. बताया जा रहा है कि एरन विक्रमारत्ने को बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जो पेशे से इन्वेस्टमेंट बैंकर रह चुके हैं. बताते चलें कि श्रीलंका क्रिकेट टीम का प्रदर्शन भी पिछले कुछ समय में निराशाजनक रहा है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम को असफलता हाथ लगी थी. श्रीलंका की आखिरी ICC ट्रॉफी 2014 में आई थी, जब उसने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. उसके बाद 12 सालों में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने कोई बड़ी उपलब्धि हासिल नहीं की है.
यह भी पढ़ें:
BCCI ने ‘स्मोकिंग’ मामले पर रियान पराग से मांगा जवाब, ड्रेसिंग रूम से वायरल हुआ था वैपिंग का वीडियो
प्रियांश आर्य के छक्के से फैन को लगी गंभीर चोट, मुंह से निकलने लगा खून; वीडियो वायरल