जयदीप अहलावत इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म में वह राजवीर सिंह तोमर नाम के एसीपी क्राइम ब्रांच के किरदार में नजर आएंगे. यानी पर्दे पर एक बार फिर वह एक ऐसे पुलिस अफसर की भूमिका निभाते दिखेंगे, जिसकी नजर विजय सालगांवकर और उसके परिवार पर होगी. लेकिन जयदीप के इस किरदार से जुड़ी खास बात ये है कि उनकी असल जिंदगी से भी कहीं न कहीं जुड़ती है.
जयदीप अहलावत फौज में जाना चाहते थे
दरअसल जयदीप अहलावत हरियाणा के रोहतक से आते हैं. उनके इलाके में बहुत सारे युवा आज भी फौज में जाने का सपना देखते हैं. कुछ ऐसा ही सपना जयदीप अहलावत का भी था. वे आर्मी ऑफिसर बनना चाहते थे. करियर के लिए उनकी पहली पसंद एक्टिंग नहीं आर्मी ही थी. इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने पेपर भी दिया, लेकिन वे एसएसबी का इंटरव्यू क्लियर नहीं कर पाए.
आर्मी का सपना पूरा नहीं हुआ तो एक्टिंग की राह पकड़ी
एसएसबी में सफलता नहीं मिलने के बाद जयदीप का इंटरेस्ट थिएटर और एक्टिंग की तरफ बढ़ा. उन्होंने थिएटर किया और फिर एक्टिंग को सिर्फ शौक की तरह रखने के बजाय इसे करियर बनाने का फैसला किया. उनके पिता ने भी उनके इस फैसले में उन्हें सपोर्ट किया. इसके बाद जयदीप ने पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्ट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) में ट्रेनिंग ली. उन्होंने 2008 में अपनी ट्रेनिंग पूरी की और इसके बाद एक्टिंग में करियर बनाने के लिए मुंबई पहुंच गए.
ये भी पढ़ें: रितेश देशमुख के पास नहीं थे 100 रुपये, पैपराजी ने की मदद, दिल छू लेगा किस्सा
मुंबई आने के बाद भी उन्हें तुरंत बड़ी पहचान नहीं मिली. उन्होंने कई फिल्मों में छोटे और सपोर्टिंग रोल किए. 2010 में उन्होंने अजय देवगन और अक्षय खन्ना स्टारर ‘आक्रोश’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया. इसके बाद वह ‘रॉकस्टार’, ‘कमांडो’ और ‘विश्वरूपम’ जैसी फिल्मों में नजर आए.
लेकिन जयदीप को असली पहचान तब मिली, जब उन्हें ज्यादा दमदार और चुनौतीपूर्ण किरदार मिलने लगे. वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ में हाथीराम चौधरी के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. इसके बाद धीरे-धीरे उनकी गिनती हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के प्रभावशाली एक्टर्स में होने लगी.
जयदीप अहलावत का असली नाम क्या है?
फिल्म इंडस्ट्री में कई एक्टर्स अपने असली नाम से नहीं जाने जाते. सिनेमा जगत में आने से पहले जयदीप अहलावत ने भी अपना नाम बदला था. उनका असली नाम जय किशन अहलावत था. लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में पहचान पाने के लिए उन्होंने अपने नाम को थोड़ा मॉर्डन बनाया. अब बहुत कम लोग उन्हें उनके रियल नेम से जानते हैं.
अब ‘दृश्यम 3’ में निभाएंगे एसपी क्राइम ब्रांच का रोल
जिस जयदीप का सपना कभी आर्मी की वर्दी पहनकर अफसर बनने का था, अब वह बड़े पर्दे पर एक पुलिस अफसर की भूमिका निभा रहे हैं. ‘दृश्यम 3’ में उनका किरदार एसपी क्राइम ब्रांच राजवीर सिंह तोमर का है.
ये भी पढ़ें: बच्चे के धर्म को लेकर उठाए सवाल, देवोलीना ने ट्रोलर्स को सुनाई खरी-खरी
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के रोल में लौट रहे हैं. तब्बू मीरा देशमुख की भूमिका निभाएंगी, जबकि श्रिया सरन और इशिता दत्ता भी अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगी. प्रकाश राज और रजत कपूर भी इस फिल्म का हिस्सा हैं.