सुनील शेट्टी की बेटी और बॉलीवुड एक्ट्रेस आथिया शेट्टी 5 नवंबर को अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं. इस खास मौके पर उनके पिता सुनील शेट्टी ने उन्हें बेहद प्यारे अंदाज में बर्थडे विश किया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर आथिया के बचपन की दो तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वो अपनी बेटी के साथ नजर आ रहे हैं. ये दोनों तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं.
पहली तस्वीर में सुनील अपनी गोद में आथिया को लिए उन पर प्यार लुटाते दिख रहे हैं. वहीं, दूसरी तस्वीर में वो बेटी को किस करते नजर आ रहे हैं. इन तस्वीरों के साथ सुनील ने एक इमोशनल नोट भी लिखा.
‘मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं…’
तस्वीरें शेयर करते हुए सुनील शेट्टी ने कैप्शन में लिखा, ‘तुम चाहे कितनी भी बड़ी हो जाओ, मेरे लिए तुम हमेशा वही छोटी बच्ची रहोगी, जिसे मैं कभी ‘ना’ नहीं कह पाता था. अब तुम्हें अपनी एक छोटी-सी दुनिया बसाते हुए देखकर मुझे एहसास होता है कि कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं. जन्मदिन मुबारक हो मेरी बच्ची. मैं तुमसे इतना प्यार करता हूं कि उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता.’
सुनील शेट्टी की इस पोस्ट पर आथिया ने भी कमेंट किया. उन्होंने रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘मैं आपसे प्यार करती हूं.’ वहीं, सुनील की इस पोस्ट पर फैंस भी कमेंट कर आथिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं.
‘तुम मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा हो’
क्रिकेटर केएल राहुल ने भी पत्नी आथिया शेट्टी पर खूब प्यार लुटाया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर आथिया की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी. इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो वाइफी! तुम मेरे दिल को प्यार से और मेरी जिंदगी को मायने देती हो. तुम मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा हो. तुमसे बहुत प्यार करता हूं.’
ऐसा रहा आथिया शेट्टी का फिल्मी करियर
आथिया शेट्टी ने साल 2015 में सलमान खान के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘हीरो’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. इस फिल्म में वो सूरज पंचोली के साथ नजर आई थीं. इसके बाद साल 2017 में उन्होंने अनीस बज्मी की कॉमेडी फिल्म ‘मुबारकां’ में काम किया, जिसमें अनिल कपूर और अर्जुन कपूर भी अहम भूमिकाओं में थे.
साल 2019 में आथिया नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ फिल्म ‘मोतीचूर चकनाचूर’ में नजर आईं. इसके अलावा वो ‘नवाबजादे’ के गाने ‘तेरे नाल नचना’ में भी दिखाई दी थीं. हालांकि, फिल्मों में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा और बाद में उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली.