How To Make Thin Hair Thick Again Naturally: आजकल कम उम्र में ही बाल झड़ने और पतले होने की समस्या तेजी से बढ़ रही है. कभी तकिए पर टूटे बाल दिखते हैं, तो कभी कंघी करते समय मुट्ठीभर बाल निकल आते हैं. ऐसे में लोग महंगे इलाज और तरह-तरह के उत्पादों का सहारा लेने लगते हैं, लेकिन कई बार बालों को दोबारा घना बनाने का उपाय घर की रसोई और रोजमर्रा की आदतों में ही छिपा होता है.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
pharmeasy के एक्सपर्ट के मुताबिक रोज कुछ बाल टूटना सामान्य माना जाता है, लेकिन जब नए बाल उगने की रफ्तार कम हो जाए और बाल लगातार पतले होने लगें, तब ध्यान देने की जरूरत होती है. बाल झड़ने के पीछे बढ़ती उम्र, शरीर में पोषण की कमी, तनाव, हार्मोन असंतुलन और गलत खानपान जैसी कई वजहें हो सकती हैं.
आंवला बेहद कारगर
बालों को फिर से घना और मजबूत बनाने के लिए आंवला बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें भरपूर मात्रा में ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. नारियल तेल में सूखा आंवला पकाकर लगाने से बालों को पोषण मिल सकता है. वहीं आंवले का रस और नींबू मिलाकर लगाने से भी बालों का झड़ना कम करने में मदद मिलती है.
प्याज भी फायदेमंद
प्याज भी बालों के लिए किसी घरेलू औषधि से कम नहीं माना जाता. इसमें मौजूद गंधक और दूसरे तत्व बालों की जड़ों को सक्रिय करने में मदद कर सकते हैं. जिन लोगों के सिर में जगह-जगह से बाल उड़ने लगे हों, उनके लिए प्याज का रस उपयोगी माना जाता है. प्रभावित हिस्से पर प्याज का रस लगाने के बाद थोड़ा शहद लगाने की सलाह दी जाती है.
अखरोट का तेल
इसके अलावा कई तरह के सुगंधित तेल भी बालों की जड़ों तक ब्लड फ्लो बेहतर करने में मदद कर सकते हैं. नियमित मालिश से सिर की त्वचा को आराम मिलता है और बालों की पकड़ मजबूत हो सकती है. अखरोट का तेल भी बालों के लिए फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो बालों को भीतर से पोषण देने में मदद करते हैं.
गुड़हल के फूल और पत्तियां
गुड़हल के फूल और पत्तियां भी लंबे समय से बालों की देखभाल में इस्तेमाल किए जाते रहे हैं. दही के साथ इसका लेप बनाकर बालों में लगाने से बाल मुलायम और घने दिख सकते हैं. वहीं हरी चाय का इस्तेमाल भी बालों की मजबूती बढ़ाने के लिए किया जाता है.
इसे भी पढ़ें – Heart Fights Cancer: दिल धड़क रहा है यानी कैंसर से लड़ रहा है, नई स्टडी से जागी उम्मीद
पुदीने के तेल
पांचवां उपाय है पुदीने के तेल की मालिश. इसे बालों की सेहत के लिए काफी असरदार माना जाता है. नियमित रूप से सिर की त्वचा पर इसकी हल्की मालिश करने से जड़ों तक ब्लड फ्लो बेहतर हो सकता है, जिससे बालों को मजबूती मिलने में मदद मिलती है.
डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?
अगर अचानक तेजी से बाल झड़ने लगें, सिर में गोल चकत्ते दिखें या जलन और खुजली महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसे मामलों में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी माना जाता है.
इसे भी पढ़ें- Vitamin D Deficiency: क्या बिना बात रहता है बदन दर्द और खराब मूड, कहीं इस विटामिन की कमी से तो नहीं हो रहा ऐसा?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.