क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ को लेकर इन दिनों खूब हलचल है. मुंबई में इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की गई, जिसके बाद फिल्म की स्टार कास्ट और फिल्म के डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन ने मीडिया से बातचीत की. वहीं एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कुछ सवालों के जवाब दिए, जिसमें नोलन ने ‘द ओडिसी’ से जुड़े कई खुलासे किए.
क्यों देख सकते है द ओडिसी ?
जब नोलन से यह पूछा गया कि वो बहुत सारी शानदार फिल्में बना चुके हैं, तो ‘द ओडिसी’ की सबसे खास बात क्या है कि दर्शक उसे देखने जाएं? इस पर नोलन ने जवाब दिया, ‘मुझे लगता है ‘द ओडिसी’ की सबसे खास बात है इसका स्केल, क्योंकि मुझे लगता है कि हमने जो भी फिल्में बनाई हैं उनकी अपनी चुनौतियां थीं, लेकिन इस फिल्म में चुनौतियां कहीं ज्यादा थीं. हमने अलग-अलग लोकेशन्स पर शूट किया, हर जगह बहुत पेचीदा और बड़े-बड़े सेट लगे, हम जो भी फिल्म बनाते हैं. उसमें कम से कम एक बड़ा सीन तो होता है जिस पर काफी वक्त लगता है.’
नोलन ने कहा, ‘यह सोचने में कि इसे कैसे शूट किया जाएगा, लेकिन इसमें ऐसे कई सीन थे और हर बार जब हम ऐसा एक सीन खत्म करते थे तो बहुत अच्छा महसूस होता था. लेकिन फिर यह भी लगता था कि अगले हफ्ते दूसरा बड़ा सीन भी करना है, लेकिन मेरे पास एक कमाल की कास्ट थी, कमाल का क्रू था और इन लोगों ने इस एक्सपीरियंस को काफी मजेदार और आसान बना दिया.’
इंडिया में क्यों आए नोलन ?
वहीं क्रिस्टोफर नोलन से जब पूछा गया कि वह अपनी फिल्म के प्रीमियर के लिए इंडिया क्यों आए, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘मेरे लिए इंडिया को चुनना काफी आसान था, पहली बार जब सालों पहले मैं मुंबई आया था, तो मेरे दोस्त शिवेंद्र मुझे फिल्मों के फ्यूचर पर हुई एक कॉन्फ्रेंस में लाए थे. वहां मैं बहुत सारे फिल्ममेकर्स से मिला और मैंने यहां के फिल्म कल्चर के बारे में जाना. मैं दुनिया में ऐसी और किसी जगह नहीं गया, जहां फिल्मों को इतना ज्यादा पसंद किया जाता हो और फिल्मों को दर्शक इस तरह से लेते हों, इसलिए मुझे लगा कि हमारी फिल्मों को यहां मुंबई में प्रीमियर जरूर होना चाहिए और मुंबई स्पेशल है.’
ये भी पढ़ें: Moana Review | ये एक गैर जरूरी और एवरेज रीमेक है, Disney के फैंस होंगे निराश
नोलन ने शेयर किया एक्सपीरियंस
इसके बाद क्रिस्टोफर नोलन से पूछा गया कि उन्होंने इंडिया में बहुत से लोगों को IMAX में फिल्में देखने के लिए प्रेरित किया है, तो इंडिया में उनके काम करने का अनुभव कैसा रहा और इंडियन IMAX फैंस उनके लिए कितने स्पेशल हैं? इस सवाल के जवाब में नोलन ने कहा, ‘इंडिया में काम करने के मेरे दो अनुभव रहे, एक काम को लेकर और एक मुंबई को लेकर और दोनों शानदार रहे. उन्होंने कहा कि जो भी इस शहर में आता है और इस शहर को एक नए नजरिये से देखता है, तो उसके पास एक फिल्ममेकर के तौर पर करने के लिए काफी कुछ होता है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘आपको हर जगह खूबसूरती दिखती है, आपको हर जगह बहुत सी चीजें दिखती हैं, टेक्सचर दिखता है, यहां के लोकल क्रू के साथ काम करने में काफी मजा आता है और इस बार हम IMAX में शूट कर रहे थे, हमने पूरी फिल्म IMAX में शूट की है, ऐसा हम पहले नहीं कर पाए थे, लेकिन इस बार कर पाए, तो हम दुनिया की अलग-अलग जगहों पर सबसे बेहतरीन तरीकों से फिल्में शूट करना चाहते हैं, जहां दर्शक जाकर इन बड़ी-बड़ी स्क्रीन पर उन फिल्मों को इंजॉय कर सकें, हम उन्हें एक शानदार अनुभव देना चाहते हैं.’
शेखर कपूर संग काम करना चाहते हैं मैट डैमन
इसके अलावा इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैट डैमन से भी एक दिलचस्प सवाल पूछा गया कि अगर उन्हें किसी इंडियन फिल्ममेकर के साथ काम करना हो, तो वो किसके साथ काम करेंगे? इस पर उनका जवाब था, ‘वो फिल्ममेकर हैं शेखर कपूर. मुझे याद है कि मैं किसी वजह से उनके साथ फोर फेदर्स नहीं कर पाया था. उस वजह से मैं काफी परेशान भी था और वो तभी से मेरी लिस्ट में हैं. मैं उनके साथ काम करना चाहता हूं. बीस साल से मैं ये सोच रहा हूं कि मैं उनके साथ काम कब करूंगा.’
कुल मिलाकर क्रिस्टोफर नोलन अपनी फिल्म ‘द ओडिसी’ के प्रीमियर को लेकर काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय दर्शकों को उनकी यह फिल्म जरूर पसंद आएगी.
ये भी पढ़ें: 7 साल बाद गोविंदा का कमबैक, अनाउंस की फिल्म ‘रूपा’, नई एक्ट्रेस संग आएंगे नजर