दूध हर घर की रोजमर्रा की जरूरत है, लेकिन जब बाजार में अलग अलग तरह के दूध नजर आते हैं तो समझना मुश्किल हो जाता है कि कौन सा बेहतर है. फुल क्रीम और टोंड दूध दो सबसे आम विकल्प हैं, जिनके बीच का फर्क जानना जरूरी है. सही जानकारी होने से न सिर्फ आप बेहतर स्वाद चुन सकते हैं, बल्कि अपनी सेहत के हिसाब से भी सही फैसला ले सकते हैं.
फुल क्रीम दूध क्या होता है?
फुल क्रीम दूध अपने प्राकृतिक रूप में होता है और इसमें फैट की मात्रा ज्यादा रहती है. इसमें करीब 6 प्रतिशत तक फैट हो सकता है, जिससे इसका स्वाद गाढ़ा और मलाईदार होता है. यही वजह है कि इससे बने दही, घी और मिठाइयां ज्यादा स्वादिष्ट लगती हैं. साथ ही यह दूध उन लोगों के लिए अच्छा माना जाता है जिन्हें ज्यादा एनर्जी की जरूरत होती है, जैसे बच्चे, एथलीट या शारीरिक मेहनत करने वाले लोग. हालांकि इसमें कैलोरी और फैट ज्यादा होने की वजह से अगर इसे ज्यादा मात्रा में लिया जाए तो वजन बढ़ने या कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का खतरा भी हो सकता है.
यह भी पढ़ेंः बच्चों में डायबिटीज पर सरकार का बड़ा कदम, फ्री स्क्रीनिंग और इलाज के लिए नई गाइडलाइन जारी
टोंड दूध क्या होता है?
टोंड दूध को इस तरह तैयार किया जाता है कि उसमें फैट की मात्रा कम हो जाए. इसके लिए फुल क्रीम दूध में स्किम्ड दूध और पानी मिलाया जाता है. इस प्रक्रिया से दूध हल्का हो जाता है, लेकिन इसमें मौजूद जरूरी पोषक तत्व जैसे प्रोटीन और कैल्शियम बने रहते हैं. टोंड दूध पचाने में आसान होता है और इसमें कैलोरी भी कम होती है. इसलिए यह उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है जो वजन कंट्रोल करना चाहते हैं या हल्का और संतुलित आहार लेना पसंद करते हैं. साथ ही ये रोज के इस्तेमाल के लिए भी इसे बेहतर माना जाता है.
फुल क्रीम और टोंड दूध में मुख्य अंतर
दोनों के बीच सबसे बड़ा फर्क फैट और कैलोरी का होता है. फुल क्रीम दूध ज्यादा फैट वाला होता है, इसलिए यह ज्यादा ऊर्जा देता है. वहीं टोंड दूध में फैट कम होने के कारण यह हल्का और कम कैलोरी वाला होता है. वही स्वाद के मामले में फुल क्रीम दूध गाढ़ा और ज्यादा मलाईदार होता है, जबकि टोंड दूध थोड़ा पतला और हल्का लगता है. अगर हेल्थ के नजरिए से देखें तो टोंड दूध उन लोगों के लिए बेहतर है जो फैट कम लेना चाहते हैं, जबकि फुल क्रीम दूध बच्चों और ज्यादा एनर्जी की जरूरत वाले लोगों के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है.
कौन सा दूध आपके लिए सही है?
दूध का चुनाव करते समय अपनी उम्र, लाइफस्टाइल और सेहत को ध्यान में रखना बहुत जरूरी है. अगर आप वजन कम करना चाहते हैं या फिट रहना चाहते हैं, तो टोंड दूध बेहतर रहेगा. वहीं अगर आपको ज्यादा ताकत और ऊर्जा की जरूरत है, तो फुल क्रीम दूध एक अच्छा विकल्प है. सही जानकारी के साथ लिया गया फैसला आपको स्वस्थ और फिट रखने में मदद करेगा.
यह भी पढ़ेंः रामपुर जिला अस्पताल में बढ़े आंखों के मरीज, जानें गर्मी के मौसम में क्यों होती है दिक्कत?