पाकिस्तान क्रिकेट इस समय अपने सबसे खराब दौर में है. तीनों फॉर्मेट में टीम लगातार खराब प्रदर्शन कर रही है. मौजूदा WTC प्वाइंट्स टेबल में पाकिस्तान की टीम सबसे निचले स्थान पर है. टेस्ट में पाकिस्तान की टीम आईसीसी रैंकिंग में आठवें नंबर पर है. टी20 इंटरनेशनल में छठे और वनडे क्रिकेट में पांचवें नंबर पर है. टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान की टीम की हालत सबसे खराब है. हर कोई पाकिस्तान टीम की आलोचना कर रहा है. इस बीच पूर्व दिग्गज मोहम्मद यूसुफ ने पाकिस्तान क्रिकेट की बदहाली की वजह बताई है. उन्होंने कहा कि 2021 टी20 वर्ल्ड कप में भारत से मिली जीत इसकी जिम्मेदार है.
2021 टी20 वर्ल्ड कप में बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था. यह किसी भी वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की पहली जीत थी. इस मैच में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान, दोनों ने अर्धशतक जड़े थे. पाकिस्तान ने इस जीत का बहुत जश्न मनाया था, और यहीं से बाबर आजम को पाकिस्तानी किंग कहने लगे थे.
क्या बोले पूर्व दिग्गज मोहम्मद यूसुफ?
समा टीवी पर पूर्व कप्तान और दिग्गज मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रहे मोहम्मद यूसुफ ने कहा, “2021 टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ जीत ने हमें बहुत नुकसान पहुंचाया. इस जीत से खिलाड़ियों को लगा कि उन्होंने कुछ बड़ा हासिल कर लिया है. जब आप अच्छा करें तो विनम्र रहना चाहिए. आप कॉलर उठाकर बिहेव करेंगे और बदतमीजी करेंगे, तो फिर समस्याएं आएंगी. पाकिस्तान क्रिकेट में ऐसी बहुत सारी समस्याएं आ चुकी हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “टीम में मौजूद हर खिलाड़ी कप्तान बनना चाहता है. इसका नतीजा पाकिस्तान क्रिकेट को भुगतना पड़ रहा है. पिछले 4-5 सालों में पाकिस्तान ने जितना भी क्रिकेट खेला है, वो सब बहुत खराब रहा है. चाहे टी20 वर्ल्ड कप देखिए, वनडे वर्ल्ड कप, एशिया कप या चैंपियंस ट्रॉफी. पीसीबी ने बहुत सारे प्रयास किए. कई कोच आए और गए, लेकिन किसी भी खिलाड़ी ने खड़े होकर जिम्मेदारी नहीं ली. आखिरकार पीसीबी को कड़े फैसले लेने पड़े. मैं पीसीबी के काम का समर्थन करता हूं.”
यह भी पढ़ें-
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे श्रेयस अय्यर, ये धाकड़ बल्लेबाज लेगा जगह