How To Clean Wall Paint Without Damaging It: घर की दीवारों पर उंगलियों या हाथों के निशान पड़ना एक आम समस्या है. खासकर जिन घरों में छोटे बच्चे हों या लोगों की आवाजाही ज्यादा रहती हो, वहां दीवारों पर उंगलियों के निशान जल्दी दिखाई देने लगते हैं. समय के साथ ये दाग पूरे कमरे की खूबसूरती बिगाड़ देते हैं और दीवारें गंदी नजर आने लगती हैं. हालांकि, इन्हें साफ करने के लिए हर बार महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से इन निशानों को कुछ ही मिनटों में हटाया जा सकता है. हालांकि, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले उसे दीवार के किसी छोटे और कम दिखाई देने वाले हिस्से पर जरूर आजमा लें, ताकि यह पता चल सके कि पेंट पर उसका कोई असर तो नहीं पड़ रहा.
कैसे हटाएं उंगलियों के निशान?
अगर दीवार पर उंगलियों के निशान हैं तो बर्तन धोने वाला लिक्विड सबसे आसान और सुरक्षित उपाय माना जाता है. इसके लिए एक बाल्टी में गुनगुना पानी लें और उसमें बर्तन धोने वाले लिक्विड की कुछ बूंदें मिला दें. अब माइक्रोफाइबर कपड़े को इस घोल में हल्का-सा भिगोकर निचोड़ लें और दाग वाली जगह को धीरे-धीरे साफ करें. जब निशान हट जाएं तो दीवार को अपने आप सूखने दें. अगर सूखने के बाद भी हल्के निशान दिखाई दें तो यही प्रक्रिया एक बार फिर दोहराई जा सकती है.
इसे भी पढ़ेंः Quit Smoking: ये 4 तरीके अपना लिए तो तुरंत छूट जाएगी सिगरेट, गलती से भी नहीं लगाएंगे हाथ
सिरका भी निशान हटाने के लिए कारगर
सफेद सिरका भी दीवारों पर पड़े चिकनाई वाले दाग हटाने में काफी असरदार माना जाता है. इसमें नेचुरल रूप से ग्रीस हटाने वाले गुण मौजूद होते हैं. इसके लिए आधा कप सफेद सिरका करीब दो लीटर गुनगुने पानी में मिलाएं. इसके बाद माइक्रोफाइबर कपड़े को इस घोल में हल्का गीला करें और उंगलियों के निशानों वाली जगह को धीरे-धीरे पोंछें. सफाई पूरी होने के बाद उसी हिस्से को केवल साफ गुनगुने पानी से दोबारा पोंछें और फिर सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से सुखा दें. अगर निशान पूरी तरह साफ न हों तो इस तरीके को दोबारा अपनाया जा सकता है.
साधारण सफेद चॉक भी कारगर
बहुत कम लोग जानते हैं कि साधारण सफेद चॉक भी दीवारों से ऑयली उंगलियों के निशान हटाने में मदद कर सकती है. चॉक में तेल सोखने की क्षमता होती है, जिससे दाग हल्के होने लगते हैं. नई चॉक का नुकीला हिस्सा पहले थोड़ा घिस लें ताकि दीवार पर खरोंच न आए. इसके बाद चॉक को निशान वाली जगह पर हल्के हाथ से रगड़ें और 5 से 10 मिनट तक छोड़ दें. फिर सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से चॉक को साफ करें. आखिर में उसी कपड़े को हल्का गीला करके बची हुई चॉक और दाग दोनों को पोंछ दें. जरूरत पड़ने पर इस प्रक्रिया को दोबारा दोहराया जा सकता है.
इसे भी पढ़ेंः Mopping Tips: पोछा लगाने के बाद भी नहीं महकता घर? पानी की बाल्टी में डालें ये चीज, आ जाएगी खुशबू