भारतीय क्रिकेट टीम जुलाई में इंग्लैंड का दौरा करेगी, जिसमें पहले 5 मैचों की टी20 मैचों की सीरीज होगी और फिर 3 मैचों की वनडे सीरीज. BCCI ने सोमवार को वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया, विराट कोहली की वापसी हुई है लेकिन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उनका खेलना उनकी फिटनेस पर तय करेगा. जसप्रीत बुमराह भी स्क्वॉड में शामिल हैं, जिन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में आराम दिया गया था. यहां हम उन 5 खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें बोर्ड द्वारा इग्नोर किया गया.
यशस्वी जायसवाल
यशस्वी जायसवाल ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में नाबाद 110 रनों की पारी खेली थी, हालांकि शुरूआती 2 मैचों में वह कुल 28 रन (24 और 4) ही बना पाए थे. शतक के बाद माना जा रहा था कि बोर्ड यशस्वी के नाम पर विचार कर सकती है, लेकिन इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में नहीं चुने गए. बता दें कि यशस्वी अफगानिस्तान के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में भी विराट कोहली का रिप्लेसमेंट बनकर ही आए थे.
मोहम्मद सिराज
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भी इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में जगह नहीं मिली है, इससे पहले वह आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टी20 से भी बाहर हो चुके हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर भी उनको लेकर सवाल उठ रहे हैं. गुरनूर बरार को मौका मिला है, जो नेशनल टीम के साथ उनका पहला विदेश दौरा होगा लेकिन कई फैंस सिराज के नहीं होने पर सवाल कर रहे हैं. सिराज ने भारत के लिए 50 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 76 विकेट हैं.
हर्ष दुबे
हर्ष दुबे ने अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में डेब्यू किया था. धर्मशाला में अपने डेब्यू मैच में उन्होंने 3 विकेट लिए, चेन्नई में हुए तीसरे वनडे में उन्होंने 1 विकेट चटकाया. उनका प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन इंग्लैंड दौरे के लिए उनकी जगह नहीं बन पाई.
यह भी पढ़ें- आयरलैंड टी20 सीरीज से बाहर हुआ ये भारतीय गेंदबाज, BCCI ने दी जानकारी; जानिए क्यों लिया गया ये फैसला
प्रिंस यादव
तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शामिल किया गया था. उन्होंने लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे में डेब्यू किया, जिसमें 2 विकेट चटकाए. चेन्नई में उन्होंने 1 विकेट लिया. वह भी इंग्लैंड दौरे के लिए वनडे टीम से बाहर हैं.
ऋषभ पंत
ऋषभ पंत काफी समय से भारतीय वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं, उन्होंने अगस्त, 2024 में अपना आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच खेला था. उन्हें इंग्लैंड दौरे पर भी इग्नोर किया गया. उन्होंने भारत के लिए 31 वनडे मैचों में खेली 27 पारियों में 871 रन बनाए हैं.
यह भी पढ़ें- 6,6,6,6,6… वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 21 साल पुराना रिकॉर्ड, 11 गेंद में जड़ा ‘ऐतिहासिक’ अर्धशतक
इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय ODI स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली (सब्जेक्ट टू फिटनेस), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार.