Pashupatinath Nepal Darshan Yatra Tour Package: भारत और नेपाल के बीच पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन ने पहली बार नेपाल जाने वाली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन शुरू की है. “पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा” नाम की यह विशेष ट्रेन यात्रियों को नेपाल के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की सैर कराएगी. यह यात्रा उन लोगों के लिए खास मानी जा रही है जो आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ नेपाल की खूबसूरती को करीब से देखना चाहते हैं.
कब शुरू होगी यात्रा?
आईआरसीटीसी की यह यात्रा 24 जून 2026 को इंदौर से शुरू होगी. करीब 38 से 42 घंटे की ट्रेन यात्रा के बाद पर्यटक बिहार के रक्सौल पहुंचेंगे, जहां से नेपाल सीमा पार कर सड़क मार्ग से चितवन, पोखरा और काठमांडू ले जाया जाएगा. यात्रा के दौरान चितवन नेशनल पार्क, फेवा झील, मनकामना मंदिर और पशुपतिनाथ मंदिर समेत कई प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे.
1 जुलाई को काठमांडू से सड़क मार्ग के जरिए यात्रियों को वापस रक्सौल लाया जाएगा, जहां से भारत गौरव ट्रेन इंदौर के लिए रवाना होगी. वापसी में ट्रेन मध्य प्रदेश के सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, सीहोर, शुजालपुर और उज्जैन होते हुए 3 जुलाई को इंदौर पहुंचेगी. इसमें ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, भोजन, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों की सैर शामिल है, जिससे यात्रियों को अलग से किसी व्यवस्था की चिंता नहीं करनी पड़ेगी.
Embark on a divine spiritual journey to Nepal with IRCTC’s Bharat Gaurav Deluxe AC Tourist Train and seek blessings at the sacred Pashupatinath Temple.https://t.co/azanyUUNPD
(package Code=WZDBG04) pic.twitter.com/Fpyza9NYM3
— IRCTC Bharat Gaurav Tourist Train (@IR_BharatGaurav) May 29, 2026
यात्रा के प्रमुख डेस्टिनेशन
इस यात्रा के दौरान पर्यटक नेपाल की राजधानी काठमांडू, खूबसूरत शहर पोखरा, प्रसिद्ध मनकामना मंदिर और वन्यजीवों के लिए मशहूर चितवन नेशनल पार्क का भ्रमण कर सकेंगे. यात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण काठमांडू स्थित भगवान शिव को समर्पित पशुपतिनाथ मंदिर है, जहां हर साल बड़ी संख्या में भारतीय श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इसके अलावा यात्रियों को मनकामना मंदिर तक पहुंचने के लिए रोपवे की सवारी का भी अवसर मिलेगा. पहाड़ी की चोटी पर स्थित यह मंदिर नेपाल के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. वहीं प्रकृति और वन्यजीव प्रेमियों के लिए चितवन नेशनल पार्क में जीप सफारी की व्यवस्था भी की गई है. यहां गैंडे, हाथी और बंगाल टाइगर समेत कई दुर्लभ वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक वातावरण में देखा जा सकता है.
इसे भी पढ़ें-Divya Dakshin Yatra: सिर्फ 15K में पूरा साउथ इंडिया घुमा रहा IRCTC, खाने-पीने और रहने के साथ 8 रात का रहेगा ट्रिप
कितना होगा इसका किराया?
इस विशेष भारत गौरव ट्रेन में कुल 150 सीटें उपलब्ध हैं. यात्रियों के लिए एसी फर्स्ट क्लास और एसी सेकेंड व थर्ड क्लास की सुविधाएं दी गई हैं. इसमें सुपीरियर एसी-1 कूपे श्रेणी में 20 सीटें, सुपीरियर एसी-1 केबिन में 38 सीटें, डीलक्स एसी-2 टियर में 36 सीटें और कम्फर्ट एसी-3 टियर में 56 सीटें उपलब्ध हैं. यात्रा के लिए यात्री इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और सतना स्टेशन से ट्रेन में सवार हो सकेंगे.
सुपीरियर एसी-1 कैटेगरी में सिंगल शेयरिंग के लिए 99,980 रुपये, डबल शेयरिंग के लिए 90,400 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग के लिए 89,035 रुपये प्रति व्यक्ति देने होंगे, जबकि 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए किराया 84,025 रुपये है. वहीं डीलक्स एसी-2 कैटेगरी में सिंगल शेयरिंग का किराया 86,130 रुपये, डबल शेयरिंग का 76,550 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग का 75,185 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है. इस कैटेगरी में बच्चों का किराया 70,175 रुपये है. कम्फर्ट एसी-3 कैटेगरी में सिंगल शेयरिंग के लिए 72,290 रुपये, डबल शेयरिंग के लिए 62,710 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग के लिए 61,340 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे, जबकि बच्चों के लिए किराया 56,335 रुपये रखा गया है.
इसे भी पढ़ें- मां कामाख्या के दर्शन करने हैं तो IRCTC ले आया बेहतरीन प्लान, मात्र 2550 में मिल रहा पूरा पैकेज