Nikhil Chaudhary Statement: भारत की राजधानी दिल्ली में जन्म लेने और पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले निखिल चौधरी (Nikhil Chaudhary) ने बीते बुधवार (17 जून) ऑस्ट्रेलिया लिए अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया. निखिल को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11 का हिस्सा बनाया गया. अब कंगारू टीम से डेब्यू के बाद निखिल ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह हमेशा से ही ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना चाहते थे.
बताते चलें कि निखिल ने मार्च 2017 में पंजाब के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था. उन्होंने युवराज सिंह, हरभजन सिंह और शुभमन गिल जैसे सितारों के साथ पंजाब के लिए खेला. लेकिन अब अचानक ऑस्ट्रेलिया डेब्यू के बाद उनका बयान चौंकाने वाला रहा.
‘हमेशा ऑस्ट्रेलिया से खेलने का ख्वाब’
बांग्लादेश के खिलाफ डेब्यू मैच के बाद बात करते हुए निखिल ने कहा, “आप हमेशा ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने का सपना देखते हैं. एक बार मैंने ऑस्ट्रेलिया में खेलना शुरू किया, तो फिर मैंने हमेशा ऑस्ट्रेलिया से खेलने का सपना देखा. यह शायद मेरी जिंदगी का बेस्ट मोमेंट था.”
From Punjab to an Australian debut 🇦🇺
Congratulations to Nikhil Chaudhary who became Australian T20I Cap No. 117 last night against Bangladesh! pic.twitter.com/2IKHPpgjem
— Cricket Australia (@CricketAus) June 18, 2026
कैसे ऑस्ट्रेलिया पहुंचे निखिल?
निखिल 2020 में किसी काम से ऑस्ट्रेलिया आए थे. उसी वक्त कोविड के कारण इंटरनेशनल उड़ानें और सीमाएं बंद हो गईं. अब निखिल को ऑस्ट्रेलिया में ही रुकना पड़ा. इसके बाद निखिल ने स्थाई रूप से ऑस्ट्रेलिया में रुकने का फैसला किया. निखिल को ऑस्ट्रेलिया से खेलने की अनुमति मिल गई, भले ही वह ऑस्ट्रेलिया के नागरिक नहीं थे.
निखिल को 2024-25 बिग बैश लीग में हरिकेन्स से खेलने का मौका मिला. इसके बाद उन्होंने तस्मानिया के लिए लिस्ट-ए और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया. धीरे-धीरे निखिल ऑस्ट्रेलिया टीम के करीब पहुंचे. अब बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में ट्रेविस हेड की गैरमौजूदगी में निखिल को खेलने का मौका मिल गया. इस तरह निखिल ऑस्ट्रेलिया पहुंचे और उन्हें खेलने का मौका मिला. अब देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए निखिल का करियर कितना लंबा चलता है.
यह भी पढ़ें: स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली खिलाड़ी बनी, पुरुष क्रिकेटर तो कोसों दूर