Ghee For Skin Benefits: हमारे भारतीय घरों में अक्सर दादी-नानी की ओर से दिए गए स्किन के घरेलू नुस्खे में घी का नाम जरूर शामिल होता है. ड्राई स्किन, जलन या दाग धब्बों पर घी लगाने की सलाह लंबे समय से दी जाती रही है. हालांकि कई लोग इसे पुराने जमाने का तरीका मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अब आधुनिक स्किन साइंस भी इस पारंपरिक उपाय को गंभीरता से देखने लगा है.
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह सिर्फ नमी देने वाला साधारण उपाय नहीं, बल्कि स्किन के लिए कई स्तरों पर काम करने वाला तत्व है. ऐसे में चलिए आज हम आपको बताते हैं कि क्या सच में स्किन पर घी लगाने से स्किन निखरती है और क्या डर्मेटोलॉजिस्ट इस देसी नुस्खे को बेस्ट मानते हैं या नहीं.
घी में क्या होता है खास?
घी को अगर सिर्फ तेल या चिकनाई समझा जाए तो यह अधूरी जानकारी है. इसमें मौजूद ब्यूटिरिक एसिड एक अहम तत्व है, जो स्किन में होने वाली सूजन को कम करने में मदद करता है. यह लालिमा और जलन जैसी समस्याओं में राहत देने का काम करता है. इसके अलावा इसमें कंजुगेटेड लिनोलिक एसिड और फैट- सॉल्युबल विटामिन भी होते हैं. विटामिन ई स्किन को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल से बचाने में मदद करता है, जबकि विटामिन ए स्किन की बाहरी परत को हेल्दी बनाए रखने में जरूरी भूमिका निभाता है.
घी स्किन बैरियर को भी करता है मजबूत
एयर कंडीशनर और प्रदूषण भरे माहौल में रहने से स्किन का प्राकृतिक बैरियर कमजोर हो जाता है. आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले प्रॉडक्ट्स सिर्फ ऊपर की सतह पर परत बना देते हैं. लेकिन घी की संरचना स्किन के प्राकृतिक तेल से मिलती-जुलती होती है. इस वजह से यह त्वचा की गहराई तक जाकर लिपिड्स की कमी को पूरा करता है. इससे स्किन में नमी बनी रहती है और पानी की कमी नहीं होती है. यही प्रक्रिया स्किन को अंदर से हाइड्रेट रखने में मदद करती है और छोटी-मोटी स्किन डैमेज को तेजी से ठीक होने में भी सहायक होती है.
वॉश्ड घी क्यों हो रहा है पॉपुलर?
घी की गंध और भारीपन से बचने के लिए अब वॉश्ड घी का इस्तेमाल बढ़ रहा है. इस पारंपरिक तरीके से घी को कई बार पानी के साथ धोकर तैयार किया जाता है. इस प्रक्रिया के दौरान इसकी बनावट बदल जाती है और हल्का बिना गंध वाला और स्किन में आसानी से समाने वाला बन जाता है. इससे पोर्स बंद होने की संभावना भी कम हो जाती है, जिससे यह अलग-अलग स्किन टाइप के लिए ज्यादा सुरक्षित माना जाता है
ये भी पढ़ें-Summer Health Tips: क्या गर्मियों में आपको भी कम लगती है भूख, जानें ऐसा होना कब सही और कब खतरनाक?
नियमित इस्तेमाल करने पर ही दिखता है असर
वहीं घी लगाने से तुरंत नमी का एहसास मिलता है, लेकिन इसके अन्य फायदे जैसे स्किन रिपेयर और दाग-धब्बों में सुधार समय के साथ दिखाई देते हैं. स्किन के नेचुरल रिन्यूअल साइकिल के अनुसार इसका लगातार इस्तेमाल जरूरी होता है, तभी इसके बेहतर रिजल्ट्स मिलते हैं. एक्सपर्ट्स के अनुसार हर तरह का घी स्किन के लिए समान रूप से फायदेमंद नहीं होता है. अच्छे रिजल्ट्स के लिए शुद्ध और अच्छे सोर्स से तैयार घी का इस्तेमाल जरूरी है, क्योंकि इसी में जरूरी फैटी एसिड और पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में मिलते हैं.