पनीर की सब्जी अधिकतर लोगों को पसंद आती है. पर आप वही मटर पनीर और पालक पनीर खा कार बोर हो गए हैं, तो आप घर पर ही स्वादिष्ट पनीर दो प्याजा ट्राई कर सकते हैं. इसमें पनीर के साथ प्याज का भरपूर इस्तेमाल किया जाता है. मसालों के साथ पकने के बाद इसका स्वाद काफी अच्छा लगता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं होती. कुछ आसान सामग्री के साथ आप इसे घर पर तैयार कर सकते हैं.
पनीर दो प्याजा के लिए चाहिए ये सामान
पनीर दो प्याजा बनाने के लिए करीब 250 ग्राम पनीर लें. इसके साथ दो से तीन प्याज, दो टमाटर, एक हरी मिर्च, थोड़ा अदरक और लहसुन लें. मसालों में हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक, स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी कसूरी मेथी और हरा धनिया भी लें. साथ ही में ग्रेवी के लिए थोड़ा दही या क्रीम इस्तेमाल करने से सब्जी और स्वादिष्ट बनती है. अगर आपको ज्यादा मसालेदार खाना पसंद नहीं है तो लाल मिर्च की मात्रा कम रखें .
ऐसे तैयार करें ढाबा स्टाइल सब्जी
सबसे पहले पनीर को छोटे टुकड़ों में काट लें. एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके पनीर को हल्का सुनहरा होने तक भून लें और अलग रख दें. अब उसी कड़ाही में थोड़ा और तेल डालें. इसमें कटे हुए प्याज डालकर हल्का भूनें. इसके बाद अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालें. कुछ देर बाद कटे हुए टमाटर डालकर पकाएं. जब टमाटर नरम हो जाएं तो हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालें ओर ठंडा होने पर इसकी ग्रैवी बना लें. अब कढ़ाई में थोड़ा तेल गरम होने दें तैयार की गई ग्रैवी को लगभग 5 से 10 मिनट पकाएं. ग्रैवी के अच्छी तरह भूनने के बाद दही या क्रीम डालकर चलाएं. अब इसमें भुना हुआ पनीर डालें और थोड़ी देर पकने दें.
यह भी पढ़ें : घर में कैसे बनाएं गोल्डन मोदक? कमाल की है यह रेसिपी
आखिर में डालें प्याज और कसूरी मेथी
पनीर दो प्याजा का खास स्वाद इसमें डाले जाने वाले प्याज से आता है. इसके लिए एक प्याज को बड़े टुकड़ों में काटकर अलग से हल्का भून लें. जब पनीर मसाले में अच्छी तरह पक जाए तो इन प्याज के टुकड़ों को कड़ाही में डालें. ऊपर से कसूरी मेथी और थोड़ा गरम मसाला डालकर सब्जी को दो मिनट और पकाएं. आखिर में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. अब आपका गर्मागर्म पनीर दो प्याजा तैयार है. इसे रोटी, नान या पराठे के साथ सर्व करें.
यह भी पढ़ें : Leftover Dal Recipes: रात की बची दाल से बनाएं ये शानदार नाश्ता, पराठे को देगा टक्कर