‘मां का प्यार कोर्ट को कैसे समझाऊं?, बेटे की कब्र पर फूट-फूटकर रोईं सेलिना जेटली

726b1cc6da5f0fc1d028d815fdf5ffaf17891833764741400 original


बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली पिछले कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं. पति पीटर हाग से तलाक की खबरों, घरेलू हिंसा के आरोपों और अपने तीनों बच्चों से दूरी के बीच सेलिना मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. अब इसी बीच सेलिना जेटली ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है, जिसमें वो अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र पर फूट-फूटकर रोती नजर आ रही हैं.

सेलिना जेटली ने शेयर किया इमोशनल वीडियो
दिवंगत बेटे शमशेर के बर्थडे पर सेलिना जेटली ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद इमोशनल वीडियो शेयर किया है. वीडियो में एक्ट्रेस अपने बेटे की कब्र के पास बैठी नजर आ रही हैं. कुछ देर तक वो चुपचाप कब्र के पास बैठी रहती हैं और फिर वहां फूल रखती हैं. इसके बाद सेलिना खुद को संभाल नहीं पातीं और फूट-फूटकर रोने लगती हैं. इसके साथ ही उन्होंने एक दिल छू लेने वाला लंबा इमोशनल नोट भी लिखा है.

सेलिना जेटली का इमोशनल नोट
सेलिना जेटली ने लिखा, ‘मेरी इच्छा है कि जब मेरी जिंदगी का अंत हो, तो मेरा अंतिम संस्कार मेरे देश भारत में हो और मेरी अस्थियों को ऑस्ट्रिया में मेरे बेटे शमशेर के पास रखा जाए. एक मां की इच्छा है कि वो उस बच्चे के करीब रहे, जिसे वो ज्यादा समय तक अपनी गोद में नहीं रख पाई. मेरे प्यारे शमशेर, जब मम्मी इस अप्रैल में ऑस्ट्रिया में थीं, तो मैंने ये वीडियो रिकॉर्ड किया था, क्योंकि मुझे नहीं पता था कि मैं तुमसे दोबारा कब मिल पाऊंगी. मुझे तब तक के लिए एक ऐसी याद की जरूरत थी, जिसे मैं अपने दिल के करीब रख सकूं.’

‘मम्मी का दिल टूट गया है…’
उन्होंने आगे लिखा, ‘उस यात्रा के दौरान मैं तुम्हारे भाइयों से नहीं मिल पाई. मम्मी का दिल टूट गया है, मेरे बेटे, लेकिन मम्मी मजबूत हैं. मैं तुम्हारे भाइयों के लिए आगे बढ़ती रहती हूं और जीती रहती हूं, तुम चारों को अपने दिल में बसाए हुए. आज तुम आर्थू के साथ पैदा हुए थे. तुम उसके तुरंत बाद हमें छोड़कर चले गए, लेकिन तुमने मुझे कभी नहीं छोड़ा. मैंने आर्थू की आंखों में तुम्हारे लिए तड़प देखी है और उसकी बातों में उसे सुना है. मेरा मानना है कि तुम उस पर नजर रखते हो और किसी तरह, इन सबके बीच, मुझे लगता है कि तुम मुझ पर भी नजर रखते हो.’

एक्ट्रेस लिखती हैं, ‘हमारे परिवार की चल रही कानूनी कार्यवाही के बीच मुझे नहीं पता कि मैं तुम्हारे पास बैठने के लिए कब वापस आ पाऊंगी. यहां तक कि ये छोटी सी इच्छा भी बहुत दूर की बात लगती है. मैंने अपने परिवार के साथ जिंदगी बनाने के लिए अपना देश, अपने माता-पिता, अपना काम और हर जानी-पहचानी चीज छोड़ दी. आज कभी-कभी मुझे लगता है कि मुझे शब्दों और दस्तावेजों में ये बताना होगा कि मां बनने के बाद से मेरी हर सांस में क्या बसा है. एक मां अपनी जिंदगी भर का प्यार अदालत के सामने कैसे रख सकती है?’

‘अपने तीनों भाईयों का ध्यान रखना…’
सेलिना ने लिखा, ‘मुझे माफ करना, मेरे प्यारे, कि मुझे ये सब एक रिकॉर्डिंग के जरिए कहना पड़ रहा है. काश मैं सीधे तुम्हारे भाइयों से बात कर पाती और उन्हें खुद याद दिला पाती कि मम्मी हमेशा यहीं हैं. मेरा प्यार तुमसे कभी दूर नहीं हुआ. इसे पाने के लिए तुममें से किसी को कुछ करने की जरूरत नहीं है. ये हमेशा के लिए तुम्हारा है. जन्मदिन मुबारक हो, मेरे प्यारे शमशेर और मेरे प्यारे आर्थू. मैं हमेशा उन दोनों बच्चों की मां रहूंगी, जिन्हें मैं उस दिन इस दुनिया में लाई थी. विंस्टन, विराज और आर्थू का ध्यान रखना, मेरे बेटे. मम्मी आगे बढ़ने की हिम्मत जुटाती रहेंगी. जब तक हम दोबारा नहीं मिलते, मेरे प्यारे शमशेर. जब तक हम दोबारा नहीं मिलते.’ 

मां का प्यार कोर्ट को कैसे समझाऊं?, बेटे की कब्र पर फूट-फूटकर रोईं सेलिना जेटली

ये भी पढ़ें:-सूर्या की 200 करोड़ से ज्यादा कमाने वाली ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ OTT पर हुई रिलीज, जानें- कहां देखें?

कब हुई थी सेलिना जेटली की शादी?
बता दें कि सेलिना जेटली ने साल 2011 में पीटर हाग से शादी की थी. शादी के एक साल बाद यानी 2012 में एक्ट्रेस जुड़वां बच्चों विंस्टन और विराज की मां बनीं. इसके बाद साल 2017 में सेलिना ने फिर से जुड़वां बच्चों शमशेर और आर्थर को जन्म दिया. हालांकि, शमशेर की दिल से संबंधित बीमारी के चलते उसी साल मौत हो गई थी. फिलहाल सेलिना के तीन बच्चे विंस्टन, विराज और आर्थर हैं.

सेलिना जेटली और पीटर हाग का तलाक
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, पिछले साल सितंबर में सेलिना जेटली के पति पीटर हाग ने अचानक उन्हें तलाक दे दिया था. इसके बाद नवंबर 2025 में सेलिना ने अपने पति के खिलाफ मारपीट और घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी. सेलिना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें अपनी 15वीं शादी की सालगिरह के आसपास तलाक का नोटिस मिला था. 

मां का प्यार कोर्ट को कैसे समझाऊं?, बेटे की कब्र पर फूट-फूटकर रोईं सेलिना जेटली

किसके साथ हैं सेलिना जेटली के बच्चे?
सेलिना के तीनों बच्चे (विंस्टन, विराज और आर्थर) फिलहाल उनके पति पीटर हाग के साथ ऑस्ट्रिया में हैं. वो अपने बच्चों की कस्टडी के लिए कानून का सहारा ले रही हैं. एक्ट्रेस ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि उन्हें अपने बच्चों से मिलने या बात करने से रोका जा रहा है. 

ये भी पढ़ें:-‘घमासान’ से ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ तक, फ्राइडे को OTT पर रिलीज हुईं 6 नई फिल्में-सीरीज, वीकेंड पर करें बिंज वॉच





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *