दिवाली का त्योहार आते ही घरों में रौनक बढ़ जाती है. कोई रंगोली बनाता है, तो कोई घर के दरवाजे और बालकनी को रंग-बिरंगी झालरों से सजाता है. वहीं पूजा के समय मिट्टी के दीये और मोमबत्तियां जलाकर घर को रोशन किया जाता है. चारों तरफ जगमगाती रोशनी त्योहार की खूबसूरती को और बढ़ा देती है. लेकिन इस सजावट के बीच एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. कई बार जलते दीये के पास रखा पर्दा आग पकड़ लेता है, तो कभी खराब वायरिंग या बिजली के सॉकेट पर ज्यादा लोड होने से शॉर्ट सर्किट हो जाता है.
ऐसे में दिवाली की तैयारियों के दौरान केवल घर को सुंदर बनाने पर ही नहीं, बल्कि उसकी सुरक्षा पर भी ध्यान देना जरूरी है. थोड़ी सी सावधानी बरतकर आप अपने परिवार और घर को आग लगने जैसी घटनाओं से बचा सकते हैं. जानिए घर की सजावट के लिए कुछ सेफ्टी टिप्स.
दीये जलाते समय रखें इन बातों का ध्यान
दिवाली पर मिट्टी के दीये जलाने की परंपरा काफी पुरानी है. पूजा घर से लेकर बालकनी और मुख्य दरवाजे तक दीये लगाए जाते हैं. लेकिन इन्हें ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां आसपास पर्दे, कागज, प्लास्टिक, सूखे फूल या कपड़े जैसी ज्वलनशील चीजें मौजूद न हों. दीयों को हमेशा समतल और मजबूत सतह पर रखें, ताकि वे गिरें नहीं. उन्हें खिड़की के पर्दों या दरवाजे के पास रखने से बचें. वहीं अगर घर में छोटे बच्चे और पालतू जानवर हों तो दीयों को उनकी पहुंच से दूर रखें. सोने से पहले सभी जलते दीयों को बुझाना न भूलें.
मोमबत्ती जलाने में न करें लापरवाही
मोमबत्तियां घर की सजावट को और सुंदर बनाती हैं, लेकिन इन्हें जलाते समय भी सावधानी जरूरी है. मोमबत्तियों को पर्दों, सोफा, बिस्तर और लकड़ी के फर्नीचर के पास न रखें. इन्हें हमेशा किसी मजबूत होल्डर में लगाएं, ताकि इनके गिरने की संभावना न रहे. जलती हुई मोमबत्ती को कभी भी बिना निगरानी के न छोड़ें. अगर घर में छोटे बच्चे हैं तो उनकी मौजूदगी में मोमबत्तियों का इस्तेमाल करते समय विशेष ध्यान रखें.
यह भी पढ़ें: Diwali Diya Safety: दिवाली पर घर की इन जगहों पर भूलकर भी न जलाएं दीए, हो सकता है खतरा
बिजली की झालर खरीदते समय चेक करें क्वालिटी
दिवाली पर घर को सजाने के लिए बाजार में कई तरह की इलेक्ट्रिक झालरें और LED लाइटें मिलती हैं. कई बार लोग कम कीमत के चक्कर में घटिया क्वालिटी वाली लाइटें खरीद लेते हैं. ऐसी लाइटों की वायरिंग और प्लग में खराबी होने से शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए हमेशा अच्छी क्वालिटी और प्रमाणित इलेक्ट्रिकल प्रोडक्ट खरीदें. झालर लगाने से पहले उसके तार, प्लग और सॉकेट की जांच कर लें. अगर कहीं तार कटा हुआ है या प्लग ढीला है तो उसका इस्तेमाल न करें.
एक ही सॉकेट पर न लगाएं कई झालरें
घर को ज्यादा रोशन करने के चक्कर में एक ही एक्सटेंशन बोर्ड या सॉकेट पर कई झालरें लगा देना खतरनाक हो सकता है. इससे बिजली के सर्किट पर जरूरत से ज्यादा लोड पड़ता है और तार गर्म होकर आग लगने की वजह बन सकते हैं. इसलिए बिजली के कनेक्शन पर उसकी क्षमता के अनुसार ही लोड डालें. जरूरत पड़ने पर अलग-अलग सॉकेट का इस्तेमाल करें. खराब एक्सटेंशन बोर्ड या ढीले कनेक्शन को तुरंत बदलवाएं.
घर से बाहर जाते समय बंद कर दें लाइटें
कई लोग दिवाली पर घर को रातभर रोशन रखने के लिए झालरें चालू छोड़ देते हैं. लेकिन ऐसा करना सुरक्षित नहीं है. अगर किसी लाइट में खराबी या शॉर्ट सर्किट हो जाए तो घर में आग लग सकती है. इसलिए सोने से पहले और घर से बाहर जाते समय सजावटी लाइटों का स्विच बंद कर दें. संभव हो तो ऐसी LED लाइटों का इस्तेमाल करें, जिनमें बिजली की खपत कम होती है और गर्मी भी अपेक्षाकृत कम पैदा होती है. दिवाली के दौरान घर में एक छोटी फायर एक्सटिंग्विशर रखना उपयोगी हो सकता है. इसके अलावा रेत की बाल्टी भी तैयार रखें.
यह भी पढ़ें: Dhanteras Broom Buying Tips: धनतेरस पर खरीदनी है झाड़ू? ऐसे करें अच्छी क्वालिटी की पहचान