बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस सायरा बानो ने दिवाली के मौके पर अपने दिवंगत पति और एक्टर दिलीप कुमार को याद किया है. उन्होंने एक इंसटाग्राम पोस्ट शेयर कर दिवाली की कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर की जिसमें दोनों साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं.
सायरा ने जो फोटोज शेयर की हैं, उनमें सबसे पहली फोटो में दोनों बाकी लोगों के साथ दिवाली मनाते दिख रहे हैं, ये काफी पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट फोटो है. इसके अलावा उन्होंने पिछले कुछ सालों की भी 2 तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इन फोटोज में दोनों साथ में बैठे दिख रहे हैं और उनके सामने टेबल पर दीयों से सजी थाली दिख रही है. फोटोज के साथ उन्होंने कैप्शन में एक इमोश्नल नोट भी लिखा है.
हर दिवाली पर निभाते थे खास परंपरा
सायरा बानो ने अपने नोट में लिखा, ‘मैं अक्सर दिवाली के उन दिनों के बारे में सोचती हूं, जो मैंने दिलीप साहब के साथ बिताए थे. हमारी एक छोटी सी परंपरा थी कि हम हर साल दीयों की रोशनी के बीच अपनी एक तस्वीर खिंचवाते थे. हमारा घर भी छोटे-छोटे दीयों की रोशनी से जगमगा उठता था.’
उन्होंने अपने शुरुआती फिल्मी दिनों की दिवाली पार्टियों को भी याद किया. उन्होंने बताया कि उस दौर में फिल्म इंडस्ट्री में शानदार दिवाली पार्टियां आयोजित होती थीं. इनमें उनके दोस्त शामिल होते थे और सभी मिलकर त्योहार का जश्न मनाते थे. सायरा ने फुलझड़ियां जलाने की खुशी का जिक्र करते हुए लिखा कि उन दिनों की यादें आज भी उनके साथ हैं.
दिवाली पर खुशी और संतुष्टि की कामना की
सायरा ने आगे सभी लोगों को दिवाली विश करते हुए लिखा, ‘मैं चाहती हूं कि इस दिवाली पर हर घर में खुशियां हो, हर दिल में संतोष हो और हर किसी के जीवन में ऐसे पल आएं जो बाद में खूबसूरत यादों का रूप ले ले. आप सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं.’
12 साल की उम्र में दिलीप कुमार को दिल दे बैठी थीं सायरा
सायरा बानो और दिलीप कुमार की प्रेम कहानी की शुरुआत तब हुई थी, जब सायरा महज 12 साल की थीं. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि बचपन में दिलीप कुमार को देखने के बाद ही वह उन्हें अपना जीवनसाथी मानने लगी थीं.
हालांकि, दोनों के रिश्ते की असली शुरुआत 23 अगस्त 1966 को हुई, जब दिलीप कुमार सायरा के जन्मदिन और नए घर की पार्टी में शामिल हुए थे. इसके बाद दोनों की मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ. कुछ ही दिनों में दिलीप कुमार ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज कर दिया. 11 अक्टूबर 1966 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए. बाद में दिलीप ने एक और शादी भी की थी लेकिन दो साल के अंदर ही ये शादी टूट गई. दूसरी शादी के बाद भी सायरा ने जुलाई 2021 में दिलीप कुमार के निधन तक उनका साथ दिया.