दिवाली पर घर में मिठाई बनाने और मेहमानों को खिलाने का अलग ही मजा होता है. लेकिन कई बार त्योहार की तैयारियों के बीच किचन में ज्यादा समय बिताना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में आप बिना गैस जलाए भी कुछ स्वादिष्ट मिठाइयां तैयार कर सकती हैं. इन रेसिपी में न तो ज्यादा सामग्री की जरूरत होती है और न ही इन्हें बनाने में ज्यादा समय लगता है. खास बात यह है कि इनका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा. आइए जानते हैं तीन ऐसी मिठाइयों की आसान रेसिपी.
बिस्कुट से बनाएं चॉकलेट बॉल्स
चॉकलेट बॉल्स बनाने के लिए सबसे पहले किसी भी पसंदीदा क्रीम बिस्कुट को मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लें. अब इसमें थोड़ा दूध डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मिश्रण नरम आटे जैसा हो जाए. इस मिश्रण से छोटी-छोटी गोल बॉल्स तैयार करें. अब इन्हें पिघली हुई चॉकलेट में डुबोएं और ऊपर से चॉकलेट चिप्स या कटे हुए मेवे डालकर सजाएं. तैयार बॉल्स को करीब 20 से 30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडा होने के बाद ये खाने के लिए तैयार हैं.
यह भी पढ़ें : Besan Ladoo Recipe: दिवाली पर बनाएं बाजार जैसे बेसन लड्डू, स्वाद लेकर खाएगा परिवार
नारियल के लड्डू से करें मुंह मीठा
नारियल के लड्डू बनाने के लिए एक बर्तन में सूखा नारियल और कंडेंस्ड मिल्क डालकर अच्छी तरह मिला लें. अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा और कंडेंस्ड मिल्क मिलाती हैं. अब इसमें इलायची पाउडर डालकर फिर से मिलाएं. तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे लड्डू बना लें. इसके बाद इन्हें सूखे नारियल के बुरादे में लपेट दें. लड्डुओं को कुछ देर फ्रिज में रखने से इनका आकार अच्छी तरह सेट हो जाएगा. इस तरह बिना गैस जलाए स्वादिष्ट नारियल लड्डू तैयार हो जाएंगे.
ड्राई फ्रूट्स से बनाएं हेल्दी रोल
ड्राई फ्रूट्स रोल बनाने के लिए बादाम, काजू, अखरोट और खजूर को छोटे टुकड़ों में काट लें. अब खजूर को मसलकर उसका नरम पेस्ट बना लें. इसमें कटे हुए मेवे और थोड़ा नारियल पाउडर मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एक रोल का आकार दें. अब इसे बटर पेपर में लपेटकर करीब एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडा होने के बाद इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. तैयार ड्राई फ्रूट्स रोल को मेहमानों को परोस सकती हैं. इसमें खजूर से मिठास आती है, इसलिए अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती.
यह भी पढ़ें : Coconut Barfi Recipe: दीपावली पर घर पर ऐसे बनाएं नारियल की बर्फी, मेहमान करेंगे तारीफ