दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में 2027 वनडे वर्ल्ड कप का आगाज अगले साल 2 अक्टूबर से होगा. टीमों के पास तैयारी के लिए एक साल से भी कम समय बचा है. उन्हीं में से एक टीम इंडिया भी लगातार नए-नए खिलाड़ियों पर प्रयोग करके एक जबरदस्त प्लेइंग इलेवन कॉम्बिनेशन बनाने का प्रयास कर रही है.
पिछले एक साल के भीतर खासतौर पर गेंदबाजी में टीम मैनेजमेंट ने कई डेब्यू करवाए हैं. इनमें आकिब नबी, प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ जैसे नाम शामिल हैं. वर्ल्ड कप के लिए जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल जैसे कई नाम लगभग कंफर्म हैं. मगर टीम मैनेजमेंट ने भी ऐसे खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया होगा, जिनमें से वर्ल्ड कप का स्क्वाड तैयार किया जा सकता है. यहां ऐसे 25 खिलाड़ियों पर नजर डाल लीजिए.
बल्लेबाजी
बल्लेबाजी में शुभमन गिल, विराट कोहली और रोहित शर्मा का टॉप ऑर्डर में खेलना लगभग तय है. चूंकि टॉप ऑर्डर में स्थान खाली नहीं है, ऐसे में शायद यशस्वी जायसवाल को स्क्वाड में जगह ना मिले. जायसवाल को बैकअप या रिजर्व खिलाड़ियों में भी शामिल नहीं किया जाएगा. इसका एक ही कारण है कि चयनकर्ताओं ने फिलहाल जायसवाल को वनडे फॉर्मेट से पूरी तरह अलग-थलग कर दिया है.
ऋतुराज गायकवाड़ को मौका मिलना संभव है, क्योंकि उन्हें वेस्टइंडीज के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ भी स्क्वाड में जगह मिली है. गायकवाड़ के साथ एडवांटेज यह होगा कि किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर वह ओपनिंग के अलावा नंबर-5 तक का भार भी संभाल सकते हैं. नंबर-4 श्रेयस अय्यर का पक्का है, वहीं नमन धीर ने मिडिल और लोवर मिडिल ऑर्डर में आकर दमदार बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. नमन कहने को एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी भी कर सकते हैं.
विकेटकीपर
यह तय है कि केएल राहुल वर्ल्ड कप में भारतीय टीम में विकेटकीपर की पहली चॉइस होंगे. जंग छिड़ी है, दूसरे विकेटकीपर की पोजीशन के लिए. ईशान किशन ने अपनी जबरदस्त फॉर्म से सबका ध्यान खींचा है और संभव ही वह दूसरे विकेटकीपर की रेस में ऋषभ पंत से आगे निकल चुके हैं. पंत अगस्त 2024 के बाद कोई भी ODI मैच नहीं खेले हैं. फिलहाल राहुल और ईशान ही विकेटकीपर के दो ऑप्शन नजर आते हैं.
ऑलराउंडर्स
ऑलराउंडर्स में हार्दिक पांड्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. वह अभी चोटिल हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट पूरी आस लगा रहा होगा कि हार्दिक किसी भी तरह फिट हो जाएं. क्योंकि अफ्रीकी पिचों पर हार्दिक जैसा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर टीम इंडिया को मजबूती प्रदान कर रहा होगा. हार्दिक जाएं या ना, नीतीश कुमार रेड्डी का भी वर्ल्ड कप में चयन लगभग पक्का लग रहा है. अफ्रीकी कंडीशंस में 2 तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर होना एक प्लस पॉइंट होगा. स्पिन ऑलराउंड डिपार्टमेंट को अक्षर पटेल लीड कर रहे होंगे और उन्हें सपोर्ट करने के लिए वाशिंगटन सुंदर को स्क्वाड में जगह मिल सकती है.
गेंदबाज
बेशक गेंदबाजी अटैक को जसप्रीत बुमराह लीड कर रहे होंगे. मोहम्मद सिराज को चाहे प्लेइंग इलेवन में चांस ना मिल रहा हो, लेकिन उनके जैसा सीनियर गेंदबाज भारतीय स्क्वाड में होना जरूरी है. अर्शदीप सिंह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के तौर पर टीम में शामिल होंगे. वहीं पिछली कुछ सीरीज में गुरनूर बराड़ ने मौकों को भुनाया है. उनके अलावा आकिब नबी, अंशुल कंबोज ने भी न्यूजीलैंड में अपने प्रदर्शन के बल पर वर्ल्ड कप के लिए दावेदारी पेश कर दी है.
बताते चलें कि हर्षित राणा भी कई महीनों से टीम इंडिया से बाहर हैं. उनके पास अच्छा कद और रफ्तार है, जो अफ्रीकी कंडीशंस में उन्हें बहुत घातक सिद्ध कर सकती है. इसलिए उन्हें भी इग्नोर नहीं किया जा सकता है. वहीं कुलदीप यादव टीम के साथ मुख्य स्पिनर का रोल निभाने के लिए जा सकते हैं.
वर्ल्ड कप स्क्वाड की रेस में 25 खिलाड़ी: शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ऋतुराज गायकवाड़, नमन धीर, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़, आकिब नबी, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशान किशन
यह भी पढ़ें:
Watch: कैमरे पर दिखी विराट कोहली की नाराजगी, फैंस को दिखाई उंगली, देखें वीडियो