Indian Team Fielding Coach: भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है. पहले बताया गया कि असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने इस्तीफा दिया. अब फील्डिंग कोच टी दिलीप की छुट्टी और रिप्लेसमेंट की खबर आई. यह बदलाव टीम इंडिया के श्रीलंका दौरे से पहले हुए.
स्पोर्ट्स स्टार के हवाले से बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि दोनों (रयान टेन डोशेट और टी दिलीप) का आयरलैंड और इंग्लैंड दौर पर कॉन्ट्रैक्ट समाप्त हो गया था. दोनों के कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाया गया. बता दें कि टी दिलीप 2021 से टीम इंडिया के साथ हैं. पिछले साल उनके कॉन्ट्रैक्ट को एक साल के लिए बढ़ाया गया था.
शुभदीप घोष नए फील्डिंग कोच
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि शुभदीप घोष टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में टी दिलीप की जगह लेंगे. 15 अगस्त से टीम इंडिया को श्रीलंका दौरे पर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. शुभदीप घोष के लिए यह भारत के फील्डिंग कोच के रूप में पहली सीरीज हो सकती है.
कौन हैं शुभदीप घोष?
शुभदीप असम और रेलवे के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी रहे. वह टीम इंडिया के लिए नहीं खेल सके. उनका फर्स्ट क्लास करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा. उन्होंने अपने घरेलू करियर में 17 फर्स्ट क्लास और 17 लिस्ट-ए मैच खेले. फर्स्ट क्लास की 25 पारियों में उन्होंने 316 रन बनाए और लिस्ट-ए की 17 पारियों में 307 रन स्कोर किए.
हालांकि गौर करने वाली बात यह है कि बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर कोचिंग स्टाफ में हुए बदलाव को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है.
टीम इंडिया की कमजोर फील्डिंग
2023 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान टी दिलीप ने बेस्ट फील्डिंग मेडल के साथ काफी सुर्खियां बटोरी थीं. मैच में बेस्ट फील्डर को मेडल दिया जाता था. इसके साथ भारत की फील्डिंग में काफी सुधार भी देखने को मिला था, लेकिन बीते कुछ वक्त से टीम इंडिया का फील्डिंग डिपार्टमेंट काफी कमजोर नजर आया है.
यह भी पढ़ें: सारांश जैन को टीम इंडिया में जगह मिलने के पीछे हरभजन सिंह का हाथ, जानिए कहानी