- इंदौर की फीडबॉक्स ने दिवाली पर कर्मचारियों को सात दिन की छुट्टी दी.
- कंपनी की छुट्टी घोषणा पर 24 घंटे में 250 नौकरी आवेदन मिले.
- छुट्टी से कर्मचारियों को परिवार के साथ पर्याप्त समय मिला.
- कंपनी ग्राहकों को पहले ही सूचित कर कार्यभार समायोजित करती है.
आज के समय में जहां एक तरफ लोग टॉक्सिक वर्क कल्चर को लेकर परेशान हैं. वहीं, दूसरी तरफ कुछ कंपनियां ऐसी भी हैं, जो अपने वर्कर्स के वर्क-लाइफ बैलेंस का पूरा ध्यान रखती हैं. एक ऐसी ही कंपनी है- Feedbox, जो इंदौर बेस्ड एक स्टार्टअप है. कंपनी ने दीवाली पर अपने वर्कर्स को पूरे 7 दिनों की छुट्टी दी है ताकि उन्हें अपने परिवारों व दोस्तों के साथ समय बिताने का पूरा मौका मिले.
FeedBox एक डिजिटल मार्केटिंग एजेंसी है. कंपनी के को-फाउंडर यश कुलश्रेष्ठ (Yash Kulshrestha) ने लिंक्डइन पर दीवाली के मौके पर कंपनी के हॉलिडे शेड्यूल को लेकर एक पोस्ट शेयर किया था. यह पोस्ट इतनी तेजी से वायरल हुई कि कंपनी को 24 घंटे के भीतर 250 से नौकरी के लिए आवेदन मिले. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि आवेदन करने वालों में केवल इंटर्न ही नहीं, बल्कि ऑपरेशंस हेड्स और CXO लेवल के प्रोफेशनल्स भी शामिल हैं.
कुछ ऐसा था फीडबॉक्स का ‘दीवाली हॉलिडे कैलेंडर’
4 नवंबर- ऑफिस में सभी कर्मचारियों को मिठाइयां और दीवाली गिफ्ट्स बांटे गए.
5 और 6 नवंबर- इन दो दिनों के लिए ‘वर्क-फ्रॉम-होम’ (WFH) दिया गया. इसका सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि जो कर्मचारी इंदौर से बाहर के थे, वे ट्रैफिक और भीड़ से बचते हुए समय पर अपने घर पहुंच गए और घर से ही काम किया.
7 नवंबर से आगे- इसके बाद दीवाली की छुट्टियां शुरू हो गई और आधे दिन का ब्रेक भी दिया गया ताकि वर्कर्स आराम से परिवार को वक्त देते हुए त्योहार मना सके.
11 नवंबर- पूरे एक हफ्ते के इस शानदार ब्रेक बाद सभी कर्मचारी वापस ऑफिस लौटेंगे.
अब कैसे मैनेज होगा काम?
कंपनी की लीव पॉलिसी की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि कंपनी ने इसे एक कड़े नियम की तरह लागू नहीं किया. मैनेजमेंट ने कर्मचारियों को इस बात की खुली छूट भी दी थी कि अगर किसी को अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिए छुट्टियां एक्सटेंड कराने की जरूरत पड़े, तो भी करा सकते हैं.
यश कुलश्रेष्ठ के मुताबिक, उनकी टीम के लगभग सभी सदस्य इंदौर से बाहर के रहने वाले हैं. आम तौर पर त्योहारों पर घर जाने में ही लोगों का आधा समय सफर में ही बीत जाता है. ऐसे में वर्कर्स को अपने परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का पूरा मौका मिले इसीलिए कंपनी ने यह कदम उठाया. 2019 में बनी यह कंपनी छुट्टियों से कम से कम तीन सप्ताह पहले क्लाइंट्स को इसकी जानकारी दे देती है, जिससे टीम को अपना काम समेटने का पूरा समय मिल जाता है.
यूनिकॉर्न, लिस्टेड कंपनियों और फंडेड स्टार्टअप्स के साथ काम करने वाली यह कंपनी इस दौरान कंपनी नए काम लेने से बचती है. कुलश्रेष्ठ के लिए, यह कोई एक बार का पब्लिसिटी स्टंट नहीं है. उनका कहना है कि कंपनी कई सालों से ऐसा करती आ रही है और सोशल मीडिया पर मिलने वाले अटेंशन के बिना भी इसे जारी रखना चाहती है.
ये भी पढ़ें:
मुहूर्त ट्रेडिंग: आज सिर्फ 1 घंटे के लिए खुलेगा बाजार, नोट कर लें कमाई का शुभ समय!