ATM कभी चालू ही नहीं किया, फिर भी SBI के खाते से उड़ गए 1.59 लाख

725a391ece106c4439931f9232986dd017942320927951346 original


बैंक में जमा पैसे सुरक्षित रहने की उम्मीद हर ग्राहक करता है, लेकिन गुजरात के राजकोट में एक बुजुर्ग के साथ ऐसा मामला सामने आया, जिसने बैंकिंग सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए. 68 साल के एक व्यक्ति के बैंक खाते से बिना उनकी जानकारी के करीब 1.60 लाख रुपये निकाल लिए गए. खास बात ये है कि उन्होंने न तो अपना ATM कार्ड चालू कराया था और न ही इंटरनेट या मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल करते थे.

अब जिला उपभोक्ता आयोग ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को ग्राहक के पैसे ब्याज समेत वापस करने का आदेश दिया है.

क्या है पूरा मामला?
दरअसल ये मामला राजकोट के रहने वाले दिलीप चटवानी का है. उनकी उम्र 68 साल है और उनका SBI की अमीन मार्ग ब्रांच में सेविंग अकाउंट है. दिलीप चटवानी ने बताया कि उन्होंने कभी अपना एटीएम कार्ड एक्टिवेट नहीं कराया था. वो इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का भी इस्तेमाल नहीं करते थे. बैंक से पैसे निकालने या दूसरे काम करने के लिए वो केवल चेक का इस्तेमाल करते थे. इसके बाद भी 17 सितंबर से 25 सितंबर 2023 के बीच उनके खाते से कई बार पैसे निकाले गए. कुल 1,59,999 रुपये उनके खाते से गायब हो गए.

कैसे हुआ ट्रांजैक्शन?
दिलीप चटवानी के खाते से पैसे निकालने के लिए आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) का इस्तेमाल किया गया था. AePS एक ऐसी बैंकिंग सुविधा है, जिसमें ग्राहक आधार नंबर और बायोमेट्रिक पहचान यानी अंगूठे या उंगली के निशान के जरिए बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल कर सकता है. इसके जरिए बैंक खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं और बैलेंस भी चेक किया जा सकता है. दिलीप का कहना था कि उन्होंने इन ट्रांजैक्शन की अनुमति नहीं दी थी. उन्होंने न तो किसी को OTP बताया था और न ही पैसे निकालने की सहमति दी थी.

मामले की हुई शिकायत
जब दिलीप को खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिली, तो उन्होंने 26 सितंबर 2023 को SBI की ब्रांच में लिखित शिकायत दर्ज कराई. इसी दिन उन्होंने साइबर क्राइम सेल में भी शिकायत की. मामले की जांच जब साइबर क्राइम ने की तो सामने आया कि सभी ट्रांजैक्शन को बैंक के अधिकारियों ने अधिकृत किया था. इसके बाद दिलीप ने उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया. उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक उनकी जमा रकम की सुरक्षा करने में नाकाम रहा और शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया.

SBI को चुकाना होगा ब्याज समेत पूरा पैसा
राजकोट जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने मामले की सुनवाई के बाद SBI को ग्राहक के पक्ष में पैसे लौटाने का आदेश दिया. आयोग ने बैंक को निर्देश दिया कि वो दिलीप चटवानी के खाते में 1,59,999 रुपये वापस जमा करे. इसके साथ ही शिकायत दर्ज करने की तारीख से रकम लौटाने तक 9% सालाना ब्याज भी देना होगा. इसके अलावा बैंक को मुकदमेबाजी के खर्च के रूप में 10,000 रुपये भी देने होंगे.

आयोग ने माना कि बैंक की सेवा में कमी रही और शिकायत के समाधान में देरी हुई. इस फैसले से उन ग्राहकों को राहत मिल सकती है, जिनके बैंक खातों से बिना अनुमति पैसे निकाल लिए जाते हैं.

ये भी पढ़ें: Air Purifier की बिक्री में तूफान, प्रदूषण के बीच दिल्ली में 20 गुना बढ़ी मांग



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *