ABP EXCLUSIVE: विराट कोहली से मिला जीत का मंत्र, CWG में मारा ‘गोल्डन पंच’

04df660c19ce702de8fb63255d4568471785990445699975 original


कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 51 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय मुक्केबाज़ साक्षी चौधरी ने खुद को स्टार क्रिकेटर विराट कोहली का फैन बताया है. साक्षी ने उनकी मदद के लिए कोहली को धन्यवाद भी दिया है. CWG में गोल्ड जीतकर भारत लौटी साक्षी चौधरी ने एबीपी न्यूज से खास बातचीत की. पेश हैं उस एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के प्रमुख अंश.

सवाल : पहली बार आपने कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया और गोल्ड मेडल जीत लिया. अपने इस अचीवमेंट को कैसे देखती हैं?

साक्षी चौधरी: पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलना और उसी में गोल्ड मेडल जीतना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है. पिछले 14 सालों से मैं दिन-रात मेहनत कर रही थी. जब गोल्ड मेडल मेरे गले में पड़ा तो लगा कि मेरी सारी मेहनत सफल हो गई. यह पल मेरी जिंदगी का सबसे खास पल है.

सवाल : फाइनल मुकाबले से पहले आपके मन में क्या चल रहा था?

साक्षी चौधरी: मेरे मन में मिक्स्ड रिएक्शन थे. मैं कॉन्फिडेंट भी थी और थोड़ा प्रेशर भी था. फाइनल में मेरा मुकाबला रूबी वाइट से था, जिन्होंने इससे पहले लगातार 70 मुकाबले जीते थे और एक भी मुकाबला नहीं हारी थीं. ऐसे खिलाड़ी को हराना आसान नहीं था. लेकिन मुझे खुशी है कि मैं उन्हें हराकर गोल्ड जीतने में सफल रही.

सवाल : मुकाबले के दौरान राउंड-दर-राउंड आपकी रणनीति क्या थी?

साक्षी चौधरी: पहले राउंड में मैं 5-0 से आगे हो गई थी. दूसरे राउंड का स्कोर 4-1 रहा. उसके बाद मेरा आत्मविश्वास और बढ़ गया. मुझे विश्वास हो गया था कि अगर मैं अपना सामान्य खेल खेलती रही तो जीत मेरी होगी. फिर मैंने बिना किसी अतिरिक्त दबाव के अपना नैचुरल गेम खेला.

सवाल : आप पहले 54 किलोग्राम वर्ग में खेलती थीं और अब 51 किलोग्राम में आ गईं. यह बदलाव कितना मुश्किल था?

साक्षी चौधरी: वजन कम करना मेरे लिए सबसे कठिन चुनौती थी. मैंने कई बार खाना-पीना तक छोड़ दिया था, लेकिन मेरे अंदर बॉक्सिंग में कुछ बड़ा करने की भूख थी. उसी जुनून ने मुझे 51 किलोग्राम वर्ग में आने की ताकत दी. इसके अलावा मेरे पास दूसरा विकल्प भी नहीं था, क्योंकि 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार शानदार प्रदर्शन कर रही थीं. इसलिए मैंने 51 किलोग्राम वर्ग में आने का फैसला किया और आज उसी वर्ग में गोल्ड मेडल जीत पाई.

सवाल : कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए आपकी तैयारी कैसी रही?

साक्षी चौधरी: हमारी तैयारी काफी अच्छी रही. हम पहले आयरलैंड गए, जहां करीब 15 दिन तक ट्रेनिंग की. उसके बाद हम स्कॉटलैंड के ग्लासगो पहुंचे और वहां भी कुछ दिनों तक अभ्यास किया. उसी तैयारी का नतीजा है कि मैं कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने में सफल रही.

सवाल : आपकी विराट कोहली के साथ तस्वीर काफी चर्चा में रहती है. उनसे मुलाकात कैसी रही?

साक्षी चौधरी: मैं विराट कोहली की बहुत बड़ी फैन हूं. मुझे विराट कोहली फाउंडेशन ने स्पॉन्सर किया. वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने के बाद फाउंडेशन ने मुझे पहचान दी और करीब तीन साल तक मेरे प्रशिक्षण का पूरा खर्च उठाया. मैं विराट कोहली फाउंडेशन का दिल से धन्यवाद करना चाहती हूं. कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद आरसीबी ने भी मेरे लिए पोस्ट किया, जो मेरे लिए बेहद खास था.

सवाल : विराट कोहली से आपकी क्या बातचीत हुई थी?

साक्षी चौधरी: मैंने विराट भैया से पूछा था कि जब आप मैदान पर उतरते हैं तो चारों तरफ आपका नाम गूंजता है, इतना शोर और इतना प्रेशर होता है. आप उसे कैसे संभालते हैं?

उन्होंने मुझसे कहा कि “मैं हमेशा खुद पर फोकस करता हूं. मैं खुद को बैक करता हूं क्योंकि मुझे पता है कि मैंने इसके लिए कई साल मेहनत की है. मैच के दौरान वही सेल्फ-बिलीफ सबसे ज्यादा काम आता है.”

उनकी यही बात मेरे लिए सबसे बड़ी सीख और प्रेरणा बनी. अब मैं भी बड़े मुकाबलों में उसी सोच के साथ उतरती हूं.

सवाल- अब आपका अगला लक्ष्य क्या है?

साक्षी चौधरी: एशियन गेम्स में गोल्ड जीतना.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *