हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के दौरान टीम इंडिया की ‘भगवा जर्सी’ पर खूब बवाल मचा था. अब हॉकी इंडिया ने डायरेक्टर जनरल कमांडर आरके श्रीवास्तव से तत्काल प्रभाव से सारे अधिकार छीन लिए हैं. हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने अपने वकील के जरिए नोटिस भेजा है, जिसमें श्रीवास्तव पर 8 अलग-अलग गंभीर आरोप लगाए गए हैं. श्रीवास्तव को अपना जवाब देने के लिए 4 सप्ताह का समय दिया गया है.
नोटिस के अनुसार आरके श्रीवास्तव से वे सभी अधिकार तत्काल प्रभाव से छीन लिए गए हैं, जो हॉकी इंडिया के डायरेक्टर जनरल पद पर रहते उनके पास थे. नियमों के मुताबिक अगला फैसला आने तक श्रीवास्तव अपने किसी भी अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे और ना ही कोई काम कर पाएंगे.
बिना मंजूरी भगवा जर्सी
भारतीय हॉकी टीम लंबे अरसे से नीली जर्सी पहन कर खेलती आई है. मगर हॉकी वर्ल्ड कप में अचानक जर्सी का रंग बदलकर भगवा कर दिया गया, जो काफी चर्चा में भी रहा. किसी ने इसको सराहा, तो किसी ने कहा कि नीला रंग भारतीय टीम का अभिन्न हिस्सा बना रहा है, उसे बदलना ठीक नहीं.
आरके श्रीवास्तव पर लगे गंभीर आरोपों में से एक यह भी है कि उन्होंने अध्यक्ष या एग्जीक्यूटिव कमिटी से बिना मंजूरी या कोई सलाह लिए बिना विजिबिलिटी की समस्या बताकर जर्सी का रंग बदल दिया था. जर्सी का रंग नारंगी कर दिया गया था. बार-बार कहे जाने के बाद भी इस निर्णय के समर्थन में कोई आधिकारिक प्रस्ताव, अनुमोदन या कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया.
यह भी पढ़ें: IND-AFG पहला टी20 देखने वालों के लिए दिल्ली पुलिस का संदेश
भारत से बाहर जाने की नहीं थी अनुमति
कमांडर आरके श्रीवास्तव को आदेश दिया गया था कि वे भारत से बाहर यात्रा नहीं कर सकते हैं. उनसे कहा गया था कि वे भारत में रहकर हॉकी इंडिया लीग और अन्य चीजों की देखरेख करें, इसके बावजूद उन्होंने विदेश यात्रा की. इसे सीधे तौर पर हॉकी इंडिया के प्रेसिडेंट के अपमान के तौर पर देखा गया है.
हॉकी वर्ल्ड कप जर्मनी ने जीता था, जिसने फाइनल में स्पेन को 1-0 से हराया था. भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उसे आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा.
श्रीवास्तव पर अन्य आरोपों की बात करें तो उन्होंने एक पीआर एजेंसी को मीडिया एम्बार्गो जारी किया और उसके बाद एजेंसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. वहीं दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर मनप्रीत सिंह समेत 3 खिलाड़ियों द्वारा दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था, श्रीवास्तव पर उस मामले की अनदेखी करने का आरोप भी लगा है. इनके सहित आरके श्रीवास्तव पर 8 गंभीर आरोप लगे हैं.
यह भी पढ़ें:
वैभव OUT, पहले टी20 के लिए आकाश चोपड़ा ने चुनी टीम इंडिया की प्लेइंग 11