Explained: सर्दियों में खराब मूड, आलस और मीठा खाने की तलब लगती है? रोशनी से ठीक होंगे आप

624d6dd3a2d747ed0ee642e865b2e4fe17942108037521317 original scaled


हर साल सर्दियां आते ही दिन छोटे होने लगते हैं, कुछ लोगों को बिना किसी वजह उदासी घेर लेती है. सुबह बिस्तर से उठना मुश्किल लगता है, काम में मन नहीं लगता, मीठा और कार्बोहाइट्रेड वाला खाने का मन करता है और वजन भी बढ़ने लगता है. ज्यादातर लोग इसे ‘सर्दी का मौसम’ या ‘आलस’ कहकर टाल देते हैं. हालांकि, डॉक्टर कहते हैं कि यह एक मानसिक बीमारी हो सकती है, जिसका नाम है- सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर (SAD).

अमेरिका की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के मुताबिक, दुनिया भर में लाखों लोग इससे प्रभावित हैं. इसका इलाज कोई महंगी दवा नहीं, बल्कि तेज रोशनी है यानी लाइट थेरेपी. आखिर यह होता क्या है, क्यों होता है और रोशनी इसे ठीक कैसे करती है…

यह उदासी नहीं, तो मेडिकल कंडीशन कैसे है?

SAD को पहली बार 1984 में डॉ. नॉर्मन रोसेन्थल और उनकी टीम ने पहचाना था, जो उस वक्त NIH में शोधकर्ता थे. उन्होंने ही ‘SAD’ शब्द बनाया. डॉ. नॉर्मन कहते हैं कि यह नाम इसलिए चल गया क्योंकि यह याद रखना बहुत आसान है.

SAD आमतौर पर पतझड़ में शुरू होता है और सर्दियों में सबसे ज्यादा परेशान करता है. वसंत या गर्मियों में अपने आप ठीक हो जाता है. इसे ‘विंटर-पैटर्न SAD’ कहते हैं. इसका लाइट वर्जन भी है, जिसे सबसिंड्रोमल SAD कहा जाता है. इसमें लक्षण उतने तीव्र नहीं होते. कुछ लोगों को गर्मियों में भी SAD होता है, हालांकि इसके बारे में अभी कम पता है.

Explained: सर्दियों में खराब मूड, आलस और मीठा खाने की तलब लगती है? रोशनी से ठीक होंगे आप

आखिर ऐसा होता क्यों है?

अभी तक SAD की कोई एक सटीक वजह नहीं पता चली है, लेकिन वैज्ञानिकों को 3 बहुत अहम सुराग मिले हैं:

  • आंखों की खास कोशिकाएं: हमारी आंखों में कुछ खास तरह की कोशिकाएं होती हैं जो नीली रोशनी (ब्लू लाइट) को पकड़ती हैं. सूरज की रोशनी में ब्लू लाइट भरपूर होती है. जब ये कोशिकाएं ब्लू लाइट सोखती हैं, तो दिमाग के ‘अलर्टनेस सेंटर’ एक्टिव हो जाते हैं और हमें जागने और तरोताजा महसूस करने में मदद मिलती है.
  • ब्लू लाइट के लिए कम सेंसिटिव: पिट्सबर्ग यूनिवर्सिटी की शोधकर्ता कैथरीन रोकलीन ने SAD वाले और बिना SAD वाले लोगों की आंखों का ब्लू लाइट पर रिएक्शन टेस्ट किया. SAD वाले लोग ब्लू लाइट के लिए कम सेंसिटिव थे. इसका मतलब है कि उनका दिमाग सर्दियों की कम रोशनी में ‘जागने’ और ‘खुश रहने’ का सिग्नल ठीक से नहीं पाता.
  • सर्कैडियन रिदम और हार्मोन: कम दिन की रोशनी दिमाग के एक हिस्से हाइपोथैलेमस को प्रभावित करती है, जो शरीर की आंतरिक घड़ी (सर्कैडियन रिदम) को चलाता है. इससे मेलाटोनिन यानी नींद का हार्मोन और सेरोटोनिन (मूड का हार्मोन) में गड़बड़ी होती है. सर्दियों में शरीर ज्यादा मेलाटोनिन बनाता है, जिससे नींद और सुस्ती बढ़ती है और सेरोटोनिन का स्तर गिरने से मूड खराब होता है.

आसान शब्दों में कहें तो आपका दिमाग सूरज की रोशनी से ‘चार्ज’ होता है. जब सूरज कम मिलता है, तो दिमाग का ‘चार्जिंग सिस्टम’ कमजोर पड़ जाता है. मूड, नींद और एनर्जी गड़बड़ा जाती है.

तो इसका इलाज क्या है?

यहीं पर लाइट थेरेपी काम आती है. येल यूनिवर्सिटी के विंटर डिप्रेशन रिसर्च क्लिनिक के डॉ. पॉल डेसन कहते हैं कि SAD वाले कई लोग लाइट थेरेपी से बेहतर महसूस करते हैं.

आपको सुबह के वक्त करीब आधे घंटे एक खास तरह के ‘लाइट बॉक्स’ के सामने बैठना होता है, जो आम घर की रोशनी से करीब 20 गुना ज्यादा तेज होता है. रिसर्च बताती है कि सबसे असरदार तरीका 10 हजार लक्स (चमक मापने की यूनिट) वाला लाइट बॉक्स है.

यह सिर्फ SAD वालों के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए भी फायदेमंद है जिन्हें हल्की सर्दियों वाली उदासी होती है. कई क्लिनिकल स्टडीज और मेटा-एनालिसिस भी बताते हैं कि लाइट थेरेपी दो हफ्तों के अंदर SAD के लक्षणों में बड़े सुधार ला सकती है.

बाजार में बिकने वाले हर ‘SAD लाइट’ वाले प्रोडक्ट असरदार नहीं होते. डॉ. डेसन कहते हैं कि कुछ प्रोडक्ट इतने कमजोर होते हैं कि उनसे कोई फायदा नहीं होता.

येल यूनिवर्सिटी ने कुछ प्रोडक्ट्स टेस्ट किए हैं और अपनी सिफारिशों की लिस्ट दी है, वहीं सेंटर फॉर एनवायर्नमेंटल थेरेप्यूटिक्स जैसी संस्था भी लाइट चुनने के लिए गाइड देती है. अगर आपको डॉक्टर ने SAD डायग्नोज किया है, तो अपनी बीमा कंपनी से पूछें कि क्या लाइट का खर्च कवर हो सकता है.

क्या सिर्फ लाइट ही इकलौता इलाज है?

लाइट थेरेपी सबसे अहम है, लेकिन डॉक्टर 4 चीजें भी सुझाते हैं:

  • दवाइयां: लाइट थेरेपी के साथ एंटीडिप्रेसेंट दवाएं SAD के इलाज की पहली लिस्ट में आती हैं.
  • कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (CBT): स्टडीज बताती हैं कि CBT का असर लाइट थेरेपी से ज्यादा टिकाऊ होता है. दो साल बाद लाइट थेरेपी छोड़ने वालों में दोबारा SAD होने की दर 45.6% थी, जबकि CBT करने वालों में यह सिर्फ 27.3% थी.
  • रोज की आदतें: डॉक्टर नियमित सोने का शेड्यूल रखने और बाहर टहलने की सलाह देते हैं.
  • एक जरूरी बात: लाइट थेरेपी का फायदा उसी वक्त तक रहता है जब तक आप उसका इस्तेमाल करते रहते हैं. इसे बंद करते ही लक्षण लौट सकते हैं. इसे डॉक्टर की सलाह पर और सही तरीके से करना जरूरी है.

भारत में कितनी आम है यह समस्या?

भारत में SAD पर रिसर्च सीमित है, लेकिन जो अध्ययन हुए हैं वे दिलचस्प हैं. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के मुताबिक, उत्तर भारत में 2.85% लोगों में सिंड्रोमल या सबसिंड्रोमल SAD पाया गया.

एकेडमिक बुलेटिन ऑफ मेंटल हेल्थ की स्टडी के मुताबिक, भारत में गर्मियों वाला SAD ज्यादा आम हो सकता है, क्योंकि यहां का मौसम पश्चिमी देशों जैसा ठंडा और अंधेरा नहीं होता. यानी भारत में यह समस्या सिर्फ सर्दियों तक सीमित नहीं हो सकती. गर्मी की तेज धूप और उमस भी कुछ लोगों का मूड बिगाड़ सकती है.

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *