- दीवाली मुहूर्त ट्रेडिंग में गौतम अडानी की संपत्ति $1.95 अरब बढ़ी.
- $119 अरब के साथ गौतम अडानी भारत के सबसे अमीर बने.
- मुकेश अंबानी की संपत्ति $95.6 करोड़ बढ़कर $88.3 अरब हुई.
- एलन मस्क ने धनतेरस पर टेस्ला-स्पेसएक्स मर्जर से कमाई की.
दीवाली के मौके पर देश के दो दिग्गज कारोबारियों पर जमकर पैसों की बारिश हुई. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, दीवाली वाले दिन भले ही शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान दोनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए, लेकिन इस दौरान मुकेश अबानी और गौतम अडानी ने जमकर मुनाफा कमाया.
मुहूर्त ट्रेडिंग में अडानी ग्रुप की अधिकतर कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली थी. इसकी बदौलत उनकी संपत्ति में 1.95 अरब डॉलर (करीब 18,000 करोड़ रुपये से अधिक) का बड़ा उछाल आया. इस बढ़ोतरी के साथ उनका टोटल नेटवर्थ 119 अरब डॉलर पर पहुंच गया है, जिससे वह एक बार फिर से भारत और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं, जबकि दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में वह 18वें नंबर पर हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में भी दीवाली पर 95.6 करोड़ डॉलर (करीब 9,000 करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ. इसी के साथ उनकी कुल संपत्ति बढ़कर 88.3 अरब डॉलर हो गई है और वह वैश्विक स्तर पर अमीरों की लिस्ट में 23वें स्थान पर काबिज हैं.
एलन मस्क हैं सबसे आगे
दीवाली से पहले धनतेरस के मौके पर जहां लोग सोने-चांदी की खरीदारी में व्यस्त थे. वहीं, मस्क बाजी मार ले गए. धनतेरस वाले दिन एलन मस्क ने एक ही दिन में 5.69 लाख करोड़ की कमाई की. इसी के साथ उनका टोटल नेटवर्थ अब 845 अरब डॉलर के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है.
दरअसल, बीते मंगलवार, 20 अक्टूबर की रात को मस्क ने SpaceX की अर्निंग्स कॉल के दौरान एक बड़ा ऐलान किया कि बोर्ड टेस्ला और स्पेसएक्स के संभावित मर्जर को लेकर गंभीरता से सोच रहे हैं. बस फिर क्या था, बुधवार बाजार खुलते ही इस खबर को लेकर निवेशकों में जमकर उत्साह देखने को मिला. ऊपर से तीसरी तिमाही में स्पेसएक्स के बेहद शानदार नतीजे की उम्मीद से इसे और बढ़ावा मिला.
ये भी पढ़ें:
8 साल का रिकॉर्ड ब्रेक: 2017 के बाद पहली बार मुहूर्त ट्रेडिंग में लाल निशान पर बंद बाजार