पॉपुलर एक्टर और बीजेपी सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. उनके डांस वीडियो से लेकर इंटरव्यू तक इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहे हैं. अब उनका एक पॉडकास्ट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में रवि किशन ने ‘पहचान’ और ‘पैसा’ के बीच अपनी पसंद बताई, लेकिन उनका जवाब इतना अलग था कि देखते ही देखते ये सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. उनके बयान पर जमकर मीम्स बन रहे हैं और यूजर्स अलग-अलग अंदाज में इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
क्या था रवि किशन का वो वायरल डायलॉग?
दरअसल, मशहूर पॉडकास्टर राज शमानी के साथ बातचीत के दौरान जब रवि किशन से पूछा गया कि उनके लिए क्या ज्यादा जरूरी है- पहचान या पैसा? इस सवाल का जवाब रवि किशन ने अपने ही खास और बेबाक अंदाज में दिया. उन्होंने बिना एक पल गंवाए तुरंत कहा, ‘पहचान… पैसा तो मेरे अपने आप पीछे-पीछे आता है.’ उनके इस डायलॉग पर तरह-तरह के मीम्स बनाए जा रहे हैं और यूजर्स अलग-अलग अंदाज में इस लाइन का इस्तेमाल कर रहे हैं. वीडियो इतना वायरल हुआ कि भारतीय जनता पार्टी ने भी इसे अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट से शेयर किया.

बीजेपी ने भी शेयर किया रवि किशन का वीडियो
रवि किशन भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं. हाल ही में पार्टी के ऑफिशियन एक्स अकाउंट से उनका पॉडकास्ट वाला वीडियो शेयर किया गया. इसे खास तौर पर युवा दर्शकों और जेन जी को ध्यान में रखकर शेयर किया गया था. रवि किशन ने भी इस वीडियो को रीपोस्ट किया और लिखा, ‘अच्छी रेप्यूटेशन पैसे से ज्यादा कीमती होती है. रेप्यूटेशन और पैसा एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं. रेप्यूटेशन ही किंग है.’
A good reputation is more valuable than
money.
– PUBLILIUS SYRUS.Reputation & money are linked – & the argument is that reputation is king. https://t.co/9QRflXRLBO
— Ravi Kishan (@ravikishann) August 8, 2026
‘महादेव की कसम, समझ नहीं आता क्यों वायरल हो जाता हूं’
ये पहली बार नहीं है जब रवि किशन का कोई बयान या वीडियो इस तरह इंटरनेट पर छाया हुआ हो. वो अक्सर अपने किसी न किसी अंदाज के लिए ट्रेंड करते रहते हैं. हाल ही में अपनी फिल्म ‘मां बहन’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में जब मीडिया ने उनसे हर बार वायरल होने के बारे में पूछा, तो उन्होंने हंसते हुए अपनी मासूमियत से जवाब दिया. रवि किशन ने कहा, ‘मैं महादेव की कसम खाकर कहता हूं, मुझे खुद समझ नहीं आता कि मैं हर बार कैसे और क्यों वायरल हो जाता हूं.’

ये भी पढ़ेंः‘बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाले हैं…’, यश की ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर देख लोगों किया प्रिडिक्शन
सोशल मीडिया के नए ‘किंग’ बने रवि किशन
फिलहाल, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के एल्गोरिदम पर रवि किशन पूरी तरह से राज कर रहे हैं. कभी उनके पुराने भोजपुरी गानों के डांस वीडियो वायरल होते हैं, तो कभी किसी शो या इवेंट में स्टेज पर उनका गाना गाते हुए अंदाज ट्रेंड करने लगता है. इंटरव्यू में कहे गए उनके छोटे-छोटे डायलॉग्स और वन-लाइनर्स पर भी लोग मजेदार मीम्स बना रहे हैं.

फिल्मों में भी बिजी हैं रवि किशन
राजनीति और सोशल मीडिया ट्रेंड्स के बीच रवि किशन अपने फिल्मी करियर में भी काफी व्यस्त हैं. उनकी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘आर्यभट्ट का जीरो’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. ये फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर ये कुछ खास परफॉर्म नहीं कर रही. इस फिल्म में उनके साथ हिमांश कोहली, शिल्पा शिंदे और सोनाली एस सजनानी नजर आए हैं. इसके अलावा, दर्शक उनकी अगली फिल्म का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
ये हैं रवि किशन की अपकमिंग फिल्म
रवि किशन जल्द ही ‘खोसला का घोसला 2’ में नजर आने वाले हैं. ये फिल्म साल 2006 में आई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म ‘खोसला का घोसला’ का सीक्वल है, जिसकी कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा. इस फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, प्रवीण डबास, रणवीर शौरी, किरण जुनेजा और तारा शर्मा जैसे एक्टर्स भी नजर आएंगे. इसके अलावा रवि किशन जल्द ही अपनी पॉपुलर सीरीज ‘मामला लीगल है’ के तीसरे सीजन की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. फिलहाल इसकी रिलीज डेट सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ेंः अदनान सामी के ‘लिफ्ट करादे’ गाने को म्यूजिक लेबल ने कहा था सड़क छाप, बिना बजट के हुआ शूट