दीपावली का त्यौहार आते ही सोने- चांदी कीमतों में बदलाव आना शुरू हो गए थे. तो वहीं अब ये त्यौहार खत्म होने के बाद भी सोना- चांदी की कीमतों में भी लगातार बदलाव होने वाला है. आने वाले दिनों में भी इनकी कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण अगले हफ्ते इन दोनों कीमती धातुओं की कीमतें बढ़ सकती हैं.
क्योंकि सोना-चांदी की कीमतें कच्चे तेल की कीमतों और दुनिया के बड़े देशों के महंगाई आंकड़ों पर निर्भर करेगी. बाजार के जानकारों का कहना है कि निवेशकों को फिलहाल कई अहम घटनाओं पर नजर रखनी होगी.
महंगाई के आंकड़ों से मिलेगी कीमतों को दिशा
अगले हफ्ते चीन, अमेरिका, जर्मनी, जापान और भारत के महंगाई आंकड़े जारी होने वाले हैं. इन आंकड़ों से पता चलेगा कि महंगाई किस दिशा में बढ़ रही है. इसके आधार पर निवेशक ये अनुमान लगाएंगे कि बड़े देशों के केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में क्या बदलाव कर सकते हैं.
अमेरिका के फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयान और वहां के रोजगार से जुड़े आंकड़े भी सोना-चांदी की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं. अगर ब्याज दरें बढ़ने की संभावना बढ़ती है, तो सोने पर दबाव आ सकता है.
अमेरिका-ईरान तनाव भी रहेगा जरूरी
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर भी बुलियन बाजार पर पड़ सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर आगे भी सैन्य कार्रवाई की बात कही है, वहीं उन्होंने बातचीत में प्रगति का भी जिक्र किया है. ऐसे में निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ता है या बातचीत से कोई रास्ता निकलता है. रूस-यूक्रेन के बीच शांति वार्ता भी बाजार के लिए महत्वपूर्ण रहेगी.
पिछले हफ्ते सोने-चांदी में आई तेजी
एक्सपर्ट्स का कहना है कि पिछले हफ्ते ही घरेलू बाजार में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 3% बढ़कर 1.42 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. वहीं चांदी 3.15% की तेजी के साथ 1.84 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में अच्छी बढ़त देखने को मिली.
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निचले स्तर पर खरीदारी और सुरक्षित निवेश की मांग ने कीमतों को सहारा दिया. हालांकि, मजबूत अमेरिकी रोजगार आंकड़ों और डॉलर में तेजी के कारण शुरुआत में सोने-चांदी पर दबाव बना था.
अगले हफ्ते क्या रहेगा हाल?
बता दें कि आने वाले हफ्ते में रुपये की चाल, अंतरराष्ट्रीय कीमतें और दिवाली के दौरान घरेलू मांग भी सोने-चांदी के भाव को प्रभावित करेगी. ऐसे में कीमतों में तेजी या गिरावट, दोनों की संभावना बनी हुई है. निवेशकों को बाजार के नए संकेतों पर नजर रखनी होगी.
ये भी पढ़ें: अमेरिका को चीन से मिली राहत, 24% टैरिफ पर दो महीने की और रोक, 10% ड्यूटी बरकरार