How To Clean A Fridge Properly At Home: रसोई में मौजूद फ्रिज हर घर की सबसे जरूरी मशीनों में से एक है. फल, सब्जियां, दूध, दही, बचा हुआ खाना और फ्रोजन फूड को लंबे समय तक ताजा रखने का काम फ्रिज ही करता है. लेकिन अगर इसकी नियमित सफाई न की जाए तो अंदर गंदगी, खाने के दाग, बैक्टीरिया और बदबू जमा होने लगती है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है. इसलिए सिर्फ बाहर से चमकाना ही काफी नहीं है, बल्कि फ्रिज के अंदर की सफाई भी उतनी ही जरूरी है.
फ्रिज की सफाई से पहले ध्यान देने वाली बातें?
सबसे पहले फ्रिज को बंद करें और उसमें रखा सारा सामान बाहर निकाल लें. इस दौरान एक्सपायर्ड या खराब हो चुके खाद्य पदार्थों को अलग कर दें. इससे सफाई करना आसान हो जाएगा और फ्रिज के हर हिस्से तक पहुंच बन जाएगी. फ्रिज की सफाई के लिए आप बेकिंग सोडा, सफेद सिरका और नींबू जैसी घरेलू चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं. ये दाग-धब्बे और हल्की बदबू दूर करने में मदद करते हैं. वहीं ज्यादा गंदगी या चिकनाई होने पर फ्रिज क्लीनर का उपयोग बेहतर माना जाता है.
हल्के क्लीनर या गुनगुने पानी से अच्छी तरह धो लें
अब फ्रिज की सभी हटाने योग्य चीजें जैसे शेल्फ, ट्रे, ड्रॉअर और डोर रैक बाहर निकाल लें. इन्हें हल्के क्लीनर या गुनगुने पानी से अच्छी तरह धो लें। ध्यान रखें कि ठंडी कांच की शेल्फ को सीधे गर्म पानी में न डालें, क्योंकि इससे उनमें दरार पड़ सकती है.
सफाई करते समय क्या करें?
इसके बाद फ्रिज के अंदरूनी हिस्सों पर फ्रिज क्लीनर या हल्का सफाई घोल स्प्रे करें. खासतौर पर उन जगहों पर जहां खाने के दाग, तेल या चिपचिपाहट नजर आ रही हो. कुछ मिनट तक इसे लगा रहने दें, ताकि जमी हुई गंदगी आसानी से निकल सके. इसके बाद फिर माइक्रोफाइबर कपड़े या मुलायम स्पंज की मदद से ऊपर से नीचे की ओर सफाई करें. पीछे की दीवार, साइड पैनल, शेल्फ की ग्रूव्स और दरवाजे के अंदरूनी हिस्सों को भी अच्छी तरह साफ करें.
इसे भी पढ़ें: Kanpur Famous Mohan Khasta: घर में आसानी से कैसे बनाएं कानपुर के फेमस मोहन खस्ते, एक क्लिक में जान लीजिए रेसीपी
सूखे कपड़े से पोंछ दें
फ्रिज के दरवाजे पर लगी रबर की सील को अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि यहां नमी और धूल जमा होकर फफूंदी का कारण बन सकती है. किसी पुराने टूथब्रश की मदद से इसे धीरे-धीरे साफ करें और बाद में सूखे कपड़े से पोंछ दें. साफ किए गए शेल्फ और ड्रॉअर को दोबारा लगाने से पहले पूरी तरह सुखा लें. नमी रहने पर बदबू और बैक्टीरिया पनप सकते हैं. चाहें तो फ्रिज के बाहरी हिस्से, हैंडल और साइड पैनल को भी साफ कर सकते हैं, क्योंकि इन पर उंगलियों के निशान और धूल सबसे ज्यादा जमा होती है.
सामान को व्यवस्थित तरीके से रखें
सफाई के बाद फ्रिज को चालू करें और सामान को व्यवस्थित तरीके से रखें. खाने को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करने से भविष्य में दाग और बदबू की समस्या कम होती है. इसके साथ ही कच्चे और पके हुए भोजन को अलग-अलग रखना भी जरूरी है. एक्सपर्ट के अनुसार सप्ताह में एक बार फ्रिज की हल्की सफाई और महीने में एक बार गहरी सफाई जरूर करनी चाहिए. इससे न केवल फ्रिज की कार्यक्षमता बेहतर रहती है, बल्कि खाने की गुणवत्ता और आपकी सेहत भी सुरक्षित रहती है.
इसे भी पढ़ें- खिले-खिले चावल बनाने की एकदम आसान ट्रिक, कुकर में लगाएं बस इतनी सीटी