IRCTC Shirdi Shani Shingnapur Nashik Tour Package: अगर आप देश की सैर करना चाहते हैं, तो भारतीय रेलवे से बढ़िया विकल्प आपको सामने कोई नहीं हो सकता. टिकट की दिक्कत से बचने के लिए रेलवे की तरफ से स्पेशल टूर- पैकेज के तरह घूमने का मौका मिलता है. ऐसा ही एक मौका है कि अगर आप कम समय में महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं, तो आईआरसीटीसी का शिरडी, शनि शिंगणापुर और नासिक टूर पैकेज एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह 2 रात और 3 दिन का पैकेज श्रद्धालुओं को साईं बाबा की नगरी शिरडी, भगवान शनि के प्रसिद्ध धाम शनि शिंगणापुर और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराने का अवसर देता है.
कहां से शुरू होगी यात्रा?
इस यात्रा की शुरुआत मुंबई से होती है. यात्री वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए शिरडी पहुंचेंगे. शिरडी देश के सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में से एक है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु साईं बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. साईं बाबा को सभी धर्मों और समुदायों के लोग श्रद्धा के साथ याद करते हैं और उनकी शिक्षाएं आज भी लोगों को प्रेरित करती हैं. यात्रा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं को शनि शिंगणापुर ले जाया जाएगा. अहमदनगर जिले में स्थित यह गांव भगवान शनि के मंदिर के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है. इस स्थान की एक अनोखी पहचान यह भी है कि यहां कई घरों में पारंपरिक दरवाजे नहीं होते. लोगों का मानना है कि भगवान शनि स्वयं इस गांव की रक्षा करते हैं.
त्र्यंबकेश्वर मंदिर के भी दर्शन
इसके बाद यात्रा नासिक की ओर बढ़ती है. नासिक धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण शहर माना जाता है. यहां स्थित त्र्यंबकेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है. इस ज्योतिर्लिंग की विशेषता यह है कि इसमें ब्रह्मा, विष्णु और महेश के प्रतीक स्वरूप तीन मुख दिखाई देते हैं. यही कारण है कि यह मंदिर श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है.
क्या-क्या है इसमें शामिल?
आईआरसीटीसी के इस पैकेज में आने-जाने का ट्रेन किराया, शिरडी और नासिक में होटल में ठहरने की सुविधा, दो नाश्ता और दो रात्रि भोजन, स्थानीय भ्रमण, ट्रांसफर, जीएसटी और ट्रैवल इंश्योरेंस शामिल है. यह टूर हर शुक्रवार संचालित किया जाता है और यात्री अपनी सुविधा के अनुसार चेयर कार या एग्जीक्यूटिव चेयर कार श्रेणी का चयन कर सकते हैं. हालांकि, मंदिरों के प्रवेश टिकट, विशेष दर्शन शुल्क, व्यक्तिगत खर्च, रूम सर्विस और अन्य निजी सुविधाओं का खर्च यात्रियों को स्वयं देखना होगा.
इसे भी पढ़ें- मां कामाख्या के दर्शन करने हैं तो IRCTC ले आया बेहतरीन प्लान, मात्र 2550 में मिल रहा पूरा पैकेज
कितना होगा खर्च?
पैकेज की कीमत चुनी गई कैटेगरी और ठहरने की व्यवस्था के अनुसार अलग-अलग है।.एग्जीक्यूटिव चेयर कार (डीलक्स) श्रेणी में सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए 22,850 रुपये, ट्विन शेयरिंग के लिए 16,100 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग के लिए 14,850 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है. वहीं चेयर कार (कंफर्ट) श्रेणी में सिंगल ऑक्यूपेंसी का किराया 20,350 रुपये, ट्विन शेयरिंग का 13,475 रुपये और ट्रिपल शेयरिंग का 12,250 रुपये प्रति व्यक्ति है. बच्चों के लिए डीलक्स में 11975 और चेयर कार 9350 रुपये है और इसके लिए जरूरी है कि बच्चे की उम्र 5 साल से 11 साल के बीच में हो.
इसे भी पढ़ें- रहना-खाना सब फ्री, महज 16700 रुपये में काशी से लेकर अयोध्या तक के दर्शन करा रहा IRCTC