Why Do You Feel Sleepy After Eating Rice: दोपहर के खाने में चावल खाने के बाद अगर आपकी आंखें भारी होने लगती हैं या काम के बीच अचानक नींद आने लगती है, तो ऐसा सिर्फ आपके साथ नहीं होता. बहुत से लोग चावल खाने के बाद सुस्ती और आलस महसूस करते हैं. अक्सर इसे सामान्य बात समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन इसके पीछे शरीर में होने वाली कुछ साइंटफिक प्रक्रियाएं काम करती हैं.
क्यों आने लगती है नींद?
डाइट से जुड़े विषयों पर जानकारी देने वाली वेबसाइट Muditam के एक्सपर्ट के अनुसार सफेद चावल में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक होती है. जब हम चावल खाते हैं, तो शरीर इसे ग्लूकोज में बदल देता है, जिससे ब्लड में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ता है. शुरुआत में इससे एनर्जी मिलती है, लेकिन कुछ समय बाद यही एनर्जी अचानक कम होने लगती है. इसी कारण कई लोगों को थकान और नींद महसूस होने लगती है. सफेद चावल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी अपेक्षाकृत अधिक होता है. इसका मतलब है कि यह शरीर में तेजी से पचता है और ब्लड शुगर को जल्दी बढ़ाता है. जब शुगर का स्तर तेजी से बढ़ने के बाद नीचे आता है, तो शरीर में सुस्ती महसूस हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: बुजुर्गों के खाने के लिए बेस्ट हैं ये पांच मछलियां, एनर्जी के साथ सेहत में भी होगा तेजी से सुधार
शरीर में इंसुलिन भी बढ़ता है
चावल खाने के बाद शरीर में इंसुलिन का स्तर भी बढ़ता है. इंसुलिन ब्लड में मौजूद शुगर को कंट्रोल करने का काम करता है. इस प्रक्रिया के दौरान ट्रिप्टोफैन नामक अमीनो एसिड ब्रेन तक अधिक मात्रा में पहुंच सकता है. ट्रिप्टोफैन सेरोटोनिन और मेलाटोनिन जैसे हार्मोन के निर्माण में मदद करता है, जो मूड और नींद को नियंत्रित करने के लिए जाने जाते हैं, यही वजह है कि चावल खाने के बाद कई लोगों को आराम करने या सोने का मन करने लगता है.
कितना खा रहे हैं यह भी जरूरी बात?
खाने की मात्रा भी इसमें अहम भूमिका निभाती है. यदि आप एक बार में बहुत ज्यादा चावल खा लेते हैं या उसके साथ भारी और तली-भुनी चीजें खाते हैं, तो पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. इससे शरीर की ऊर्जा पाचन प्रक्रिया में ज्यादा खर्च होती है और थकान महसूस हो सकती है. हालांकि चावल खाने के बाद आने वाली नींद कोई बीमारी नहीं है, लेकिन अगर यह रोजमर्रा के कामकाज को प्रभावित करने लगे तो कुछ बदलाव मददगार साबित हो सकते हैं. चावल की मात्रा सीमित रखें, खाने में दाल, पनीर, अंडा या अन्य प्रोटीन युक्त चीजें शामिल करें, इसके साथ ही फाइबर से भरपूर सब्जियां खाने से भी ब्लड शुगर का स्तर संतुलित रहता है. भोजन के बाद 10 से 15 मिनट की हल्की सैर भी फायदेमंद मानी जाती है.
इसे भी पढ़ें- जंग लगे चाकू से खाना बनाकर आपकी सेहत से खिलवाड़ कर रहे रेस्तरां, FSSAI ने जारी की एडवायजरी
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.