विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी को लेकर बड़ी अपडेट आई है. वह 12 नवंबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं, जहां 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. ये सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से टीम इंडिया के लिए काफी महत्वपूर्ण है. पंत साइड स्ट्रेन की चोट से उबर चुके हैं, जिन्हे बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने की पूरी उम्मीद है.
बता दें कि ऋषभ पंत को ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से खेलते हुए साइड स्ट्रेन में चोट लगी थी. इसके बाद उन्हें एक अनऑफिशियल टेस्ट में इंडिया ए के लिए खेलना था, उन्हें टीम में शामिल किया गया था. लेकिन उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से रिटर्न टू प्ले सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया था.
ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि ऋषभ पंत अब पूरी तरह ठीक हैं. सूत्र के हवाले से बताया गया कि वह अभ्यास कर रहे हैं. वह मैच जैसी परिस्थिति में प्रैक्टिस कर रहे हैं और बुधवार को भी उन्हें प्रैक्टिस करनी है. दोनों सत्रों को सफलतापूर्वक करने के बाद वह 12 नवंबर को न्यूजीलैंड जाएंगे.
स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड में खेलने का अनुभव है, जो टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण है. पंत 2020 में उस टेस्ट टीम का हिस्सा थे, जिसने न्यूजीलैंड का दौरा किया था. पंत के टेस्ट रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने कुल 52 टेस्ट मैच खेले हैं. 90 पारियों में उन्होंने 43.82 की एवरेज से 3725 रन बनाए हैं. टेस्ट में उनके नाम 8 शतक और 21 अर्धशतक हैं.
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 पॉइंट्स टेबल में भारत चौथे स्थान पर है. टीम इंडिया ने इस चक्र में खेले 11 टेस्ट में से 5 जीते हैं, 4 में हार मिली है और 2 टेस्ट ड्रा रहे. न्यूजीलैंड पहले नंबर पर है, उन्होंने 6 में से 4 मैच जीते हैं. 1 टेस्ट में हार और 1 ड्रा हुआ है.
यह भी पढ़ें- ‘मैंने पापा से वादा किया था’, सहवाग के बेटे ने 160 रनों की पारी खेलने के बाद खोला राज