रसोई गैस के बढ़ते दाम आम लोगों के महीने का बजट बिगाड़ सकते हैं. भारत के पड़ोसी देशों बांग्लादेश और पाकिस्तान में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. बांग्लादेश में नवंबर के लिए 12 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम बढ़ाकर 2,060 टका कर दिया गया है. वहीं पाकिस्तान में 11.8 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत करीब 3,470 पाकिस्तानी रुपए हो गई है.
दूसरी तरफ भारत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम पिछले करीब पांच महीने से नहीं बदले हैं. कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में नवंबर की शुरुआत में बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में सवाल है कि पड़ोसी देशों में रसोई गैस इतनी महंगी क्यों है और भारत में ग्राहकों को राहत कैसे मिल रही है?
बांग्लादेश में कितना महंगा हुआ गैस सिलेंडर?
बांग्लादेश में एलपीजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. बांग्लादेश एनर्जी रेगुलेटरी कमीशन ने नवंबर के लिए 12 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 2,060 टका की है. अक्टूबर में यही सिलेंडर 1,837 टका में मिल रहा था. यानी एक महीने में कीमत 223 टका बढ़ गई है.
द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी में बांग्लादेश में एलपीजी की कीमत 113 टका प्रति किलो थी, जो नवंबर में बढ़कर 171.68 टका प्रति किलो हो गई. यानी इस दौरान कीमत में करीब 52% की बढ़ोतरी हुई है.
पाकिस्तान में भी महंगा हुआ गैस सिलेंडर?
पाकिस्तान में भी एलपीजी की कीमतों ने लोगों की परेशानी बढ़ाई है. वहां ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी ने नवंबर के लिए एलपीजी की कीमत 294.07 पाकिस्तानी रुपए प्रति किलो की है. अक्टूबर के मुकाबले इसमें 14.73 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है.
इस हिसाब से 11.8 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 3,470.09 पाकिस्तानी रुपए हो गई है. अक्टूबर में इसकी कीमत 3,296.23 रुपए थी. यानी एक सिलेंडर के लिए अब करीब 174 रुपए ज्यादा देने पड़ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ इलाकों में एलपीजी खुले बाजार में करीब 600 रुपए प्रति किलो तक बिकने की खबरें हैं.
भारत में कितने का है घरेलू सिलेंडर?
अगर भारत की बात करें तो यहां घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल स्थिरता है. 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम 7 जून 2026 के बाद से नहीं बदले हैं. दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपए है. मुंबई में 941.50 रुपए और कोलकाता में 968 रुपए में घरेलू सिलेंडर मिल रहा है. 12 नवंबर 2026 तक इन कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं हुआ है.
कमर्शियल सिलेंडर कब हुआ महंगा?
भारत में घरेलू ग्राहकों को भले ही राहत मिली हो, लेकिन 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत नवंबर में बढ़ी है. दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 10 रुपए महंगा होकर 2,820 रुपए का हो गया है. वहीं कोलकाता में 17 रुपए की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,971 रुपए पहुंच गई है. मुंबई में यह 2,775 रुपए और चेन्नई में 2,994.50 रुपए में मिल रहा है.
भारत में एलपीजी के दाम कैसे स्थिर हैं?
भारत अपनी जरूरत की एलपीजी का एक बड़ा हिस्सा दूसरे देशों से आयात करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने का असर भारत पर भी पड़ता है. पश्चिम एशिया में तनाव और सप्लाई रूट में रुकावट के कारण एलपीजी की खरीद और उसे भारत तक पहुंचाने का खर्च बढ़ा है. इसके बावजूद घरेलू ग्राहकों पर पूरा बोझ नहीं डाला जा रहा है.
सरकार ने जून में बताया था कि अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद घरेलू सिलेंडर की कीमत को नियंत्रित रखने के लिए सरकार और सरकारी तेल कंपनियां लागत का अंतर खुद उठा रही हैं. सरकार के मुताबिक, घरेलू सिलेंडर की सप्लाई लागत 1,600 रुपए से ज्यादा हो गई है, जबकि दिल्ली में ग्राहक को इसके लिए सिर्फ 942 रुपए देने पड़ रहे है.
दिवाली पर Swiggy की हुई चांदी, लोगों ने खूब ऑर्डर किए काजू कतली, डोसा और पनीर बटर मसाला