सोलर पैनल का भारत में इन दिनों काफी बोलबाला है. बढ़ते बिजली के बिल से राहत के लिए लोग इसका ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन इसी बीच अब ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं आने वाले समय में सोलर पैनल महंगे होने वाले हैं. इसकी बड़ी वजह चीन का एक फैसला होगा. चीन ने सोलर पैनल बनाने में इस्तेमाल होने वाली 12 जरूरी तकनीकों के निर्यात पर रोक लगाने या कड़े प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा है.
चीन के इस फैसले से भारत में सोलर पैनल बनाने की प्रक्रिया पर प्रभाव पड़ेगा. हालांकि, घरों की छत पर सोलर सिस्टम लगवाने वाले लोगों के लिए फिलहाल राहत की बात है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस फैसले से तुरंत सोलर सिस्टम की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना कम है.
क्या है चीन की प्लानिंग?
दरअसल चीन दुनिया में सोलर पैनल और उनसे जुड़ी तकनीक बनाने वाला सबसे बड़ा देश है. भारत समेत कई देश सोलर पैनल बनाने के लिए चीन की तकनीक और मशीनों पर निर्भर हैं. अब चीन ने सोलर पैनल बनाने में इस्तेमाल होने वाली कुछ खास तकनीकों के निर्यात पर नियंत्रण लगाने का प्रस्ताव रखा है.
इन चीजों प्रतिबंध लगा रहा चीन:
- सोलर सेल बनाने की आधुनिक तकनीक.
- सिलिकॉन वेफर बनाने की तकनीक.
- पॉलीसिलिकॉन उत्पादन की तकनीक.
- TOPCon और HJT जैसी आधुनिक सोलर सेल तकनीक.
हालांकि ये फिलहाल चीन की तरफ से रखा गया प्रस्ताव है. उस पर अभी कोई आखिरी फैसला नहीं हुआ है. इस पर लोगों और कंपनियों से 15 नवंबर 2026 तक सुझाव मांगे गए हैं. गौर करने वाली बात ये है कि चीन ने तैयार सोलर पैनल के निर्यात पर पूरी तरह रोक लगाने का प्रस्ताव नहीं रखा है. चिंता मुख्य रूप से सोलर पैनल बनाने की तकनीक और मशीनों को लेकर है.
भारत में महंगा होगा सोलर सिस्टम?
भारत में घरों की छत पर सोलर सिस्टम लगवाने वाले लोगों के लिए ये सबसे बड़ा सवाल है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल सोलर सिस्टम की कीमतों में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है. इसके पीछे सबसे बड़ा कारण है भारत में सोलर पैनल बनाने की क्षमता का तेजी से बढ़ना. ऐसे में सरकार घरेलू सोलर उद्योग को बढ़ावा दे रही है. तो वहीं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं से देश में सोलर सिस्टम की मांग बढ़ी है.
भारत को सोलर पैनल के लिए बनना होगा आत्मनिर्भर
एक्सपर्ट्स की मानें तो भारत को अब सोलर उद्योग के लिए आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है. देश में केवल फैकट्रियां लगाने से काम नहीं चलेगा. देश को खुद की तकनीक विकसित करनी होगी. इसके लिए रिसर्च और डेवलपमेंट यानी अनुसंधान एवं विकास पर निवेश बढ़ाना जरूरी है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर भारत इन क्षेत्रों में तेजी से काम करता है, तो आने वाले सालों में चीन पर निर्भरता कम हो सकती है.
ये भी पढ़ें: क्या वाकई लाखों में बिकते हैं ट्रैक्टर वाले नोट? जानें क्या है पुराने 1 और 5 रुपए के नोट की कहानी