आज के दौर में जहां ज्यादातर युवा पढ़ाई पूरी करने के बाद अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी पाने का सपना देखते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिनके लिए सफलता का मतलब सिर्फ पैसा कमाना नहीं होता. वे अपने करियर में कुछ ऐसा करना चाहते हैं, जिससे समाज और देश के लिए भी योगदान दे सकें. ऐसे ही शख्स है कनिष्क कटारिया, जिन्होंने करीब एक करोड़ रुपये सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी करने का फैसला किया.
दक्षिण कोरिया में शानदार नौकरी और बेहतर जिंदगी होने के बावजूद कनिष्क का मन वहां नहीं लगा. उनके सामने एक तरफ सुरक्षित और आकर्षक करियर था, तो दूसरी तरफ देश की प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बनने का सपना. उन्होंने दूसरे रास्ते को चुना और अपनी मेहनत के दम पर UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2018 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल कर ली.
IIT बॉम्बे से की कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई
कनिष्क कटारिया राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं. उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक किया. पढ़ाई के दौरान भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था. उन्होंने वर्ष 2010 में IIT-JEE में भी बेहतरीन रैंक हासिल की थी. साल 2014 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद कनिष्क को दक्षिण कोरिया की मशहूर कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करने का मौका मिला. यहां उनका सालाना पैकेज करीब एक करोड़ रुपये था. किसी भी युवा के लिए यह बड़ी उपलब्धि होती है.
छोड़ दी एक करोड़ रुपये की नौकरी
दक्षिण कोरिया में लगभग एक साल काम करने के बाद कनिष्क को महसूस हुआ कि अच्छी सैलरी ही उनको खुशी नहीं दे रही है. वह लोगों से जुड़ना चाहते थे और ऐसा काम करना चाहते थे, जिससे सीधे तौर पर समाज की मदद कर सकें. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि विदेश में नौकरी के दौरान उन्हें अच्छा पैसा मिल रहा था, लेकिन वह अपने देश के लोगों के साथ जुड़कर उनके लिए कुछ करना चाहते थे. इसी सोच ने उन्हें वापस भारत लौटने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने भारत आने के बाद उन्होंने बेंगलुरु की एक कंपनी में डेटा साइंटिस्ट के रूप में भी काम किया. हालांकि उनका लक्ष्य सिविल सेवा में जाने का था. आखिरकार साल 2017 में उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह UPSC की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया.
यह भी पढ़ें: IPS Officer Shalini Agnihotri: कौन हैं IPS अफसर शालिनी अग्निहोत्री? जिन्होंने सेल्फ स्टडी से रचा इतिहास
परिवार से मिली सिविल सेवा में जाने की प्रेरणा
कनिष्क के परिवार का भी प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ाव रहा है. उनके पिता संवर मल वर्मा राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी हैं, जबकि उनके चाचा कैलाश चंद वर्मा भी प्रशासनिक सेवा में रहे हैं. बचपन से ही उन्होंने अपने पिता और चाचा को प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाते देखा था. इससे उनके मन में भी सिविल सेवा में जाने की इच्छा पैदा हुई. परिवार ने उनके फैसले का समर्थन किया और तैयारी के दौरान उनका हौसला बढ़ाया. सफलता मिलने के बाद भी उन्होनें अपने परिवार और गर्लफ्रेंड को धन्यवाद दिया था.
पहली कोशिश में ही हासिल की देश में पहली रैंक
इंजीनियरिंग बैकग्राउंड होने के कारण कनिष्क को हिस्ट्री, ज्योग्राफी और अन्य सामान्य अध्ययन के विषयों की शुरुआत बेसिक से करनी पड़ी. इसके लिए उन्होंने NCERT की किताबों से पढ़ाई शुरू की. करंट अफेयर्स की तैयारी के लिए नियमित रूप से अखबार पढ़ने की आदत भी विकसित की. उन्होंने गणित को अपना वैकल्पिक विषय चुना. पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों और परीक्षा के पैटर्न को समझने पर भी ध्यान दिया. UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2018 के नतीजों में उन्होंने पहली रैंक हासिल की. 5 अप्रैल 2019 को घोषित परिणाम में वह देशभर के उम्मीदवारों में पहले स्थान पर रहे. उन्होंने कुल 1121 अंक प्राप्त किए, जिसमें लिखित परीक्षा के 942 और इंटरव्यू के 179 अंक शामिल थे.
यह भी पढ़ें: Parents Teacher Meeting: पेरेंट्स को खुश करना रह गया PTM का मकसद, स्कूलों के तरीकों पर क्यों उठ रहे सवाल?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI