Explained: जहरीली हवा फेफड़ों से आगे हार्ट, ब्रेन और शुगर पेशेंट कैसे बनाती है? जानें बचने के उपाय

3c0191d9145d78f75816466ce56bba5517943881732271317 original scaled


दिल्ली-NCR में हवा एक बार फिर ‘जहरीली’ हो चुकी है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली का AQI 472 के ‘हैजार्डस’ लेवल पर पहुंच चुका है, जबकि नोएडा 478 पर है. मुंबई और चेन्नई भी ‘अनहेल्दी’ से ‘सीवियर’ कैटेगरी में हैं. सरकार ने दिल्ली-NCR में GRAP का स्टेज-III लागू कर दिया है. जहरीली हवा एक ऐसी ‘इनविजिबल टोल’ है, जो हार्ट, ब्रेन और पूरे मेटाबॉलिज्म को अंदर से खोखला कर रही है.

तो सिर्फ आंखों में जलन और खांसी से आगे, यह जहरीली हवा हमारे शरीर के भीतर क्या तबाही मचा रही है?

PM2.5 ‘सूक्ष्म कातिल’, जो सीधे खून में घुसता

हवा में मौजूद PM2.5 यानी 2.5 माइक्रोमीटर से छोटे पार्टिकल्स, आपके बालों की मोटाई से भी 30 गुना पतले होते हैं. ये इतने छोटे हैं कि फेफड़ों की नेचुरल डिफेंस लाइन को पार करके सीधे ब्लडस्ट्रीम में पहुंच जाते हैं और वहां से पूरे शरीर में घूमने लगते हैं. एक बार खून में घुसने के बाद ये ‘ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस’ पैदा करते हैं, जो शरीर के हर अंग की कोशिकाओं को अंदर से नुकसान पहुंचाता है.

लैंसेट प्लैनेटरी हेल्थ की रिपोर्ट बताती है कि अगर भारत वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के सेफ एयर स्टैंडर्ड पर पहुंच जाए, तो हर साल 15 लाख मौतें कम हो सकती हैं. फेडरेशन ऑफ इंडियन चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) का अनुमान इससे भी ज्यादा है, यानी करीब 20 लाख मौतें हर साल सिर्फ हवा की वजह से हो रही हैं.

सिर्फ सांस नहीं, धड़कन का दुश्मन

हम अक्सर सोचते हैं कि प्रदूषण से सिर्फ फेफड़े खराब होते हैं, लेकिन रिसर्च बताती है कि PM2.5 खून में पहुंचकर ब्लड वेसल्स में सूजन पैदा करता है और उन्हें सिकुड़ा देता है. इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा सीधे तौर पर बढ़ जाता है.

जून 2026 में रेडियोलॉजी जर्नल में छपी एक बड़ी स्टडी ने कार्डियक CT स्कैन के जरिए साबित किया कि ‘मॉडरेट’ लेवल का प्रदूषण भी दिल को नुकसान पहुंचा रहा है. रिसर्च के मुताबिक, PM2.5 के हर 1 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर बढ़ने पर दिल की धमनियों में कैल्शियम का जमाव 11% बढ़ जाता है, प्लाक का खतरा 13% और नसें ब्लॉक होने का खतरा 23% तक बढ़ जाता है. यानी सिर्फ ‘बहुत ज्यादा’ प्रदूषण ही नहीं, ‘थोड़ा’ प्रदूषण भी आपके दिल की नसों को अंदर से सख्त कर रहा है.

अमेरिका कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी की स्टडी के मुताबिक, PM2.5 के सिर्फ ‘ब्लैक कार्बन’ और ‘सल्फेट’ वाले हिस्से ही हार्ट अटैक और स्ट्रोक के खतरे को सबसे ज्यादा बढ़ाते हैं.

याददाश्त और मेंटल हेल्थ पर सीधा हमला

यह सबसे डरावना हिस्सा है क्योंकि प्रदूषण के कण सीधे दिमाग तक पहुंच सकते हैं. यूरोप PMC की रिसर्च के मुताबिक, अल्ट्राफाइन पार्टिकल्स ‘ऑलफैक्टरी नर्व’ (सूंघने की नस) के रास्ते सीधे दिमाग में दाखिल हो सकते हैं या ब्लड-ब्रेन-बैरियर (खून और दिमाग के बीच की दीवार) को कमजोर करके अंदर घुस सकते हैं. अंदर जाकर ये ‘न्यूरोइन्फ्लेमेशन’ पैदा करते हैं, जो दिमाग की कोशिकाओं को लगातार नुकसान पहुंचाता है.

GeroScience जर्नल की UK बायोबैंक स्टडी के मुताबिक, प्रदूषण सिर्फ बीमार नहीं करता, बल्कि बीमारियों को ‘जल्दी’ लाता है. प्रदूषण के संपर्क में रहने वाले लोगों में 78 में से 46 गंभीर बीमारियां (दिल, फेफड़े, दिमाग, पेट और कैंसर से जुड़ी) कम उम्र में ही हो जाती हैं.

सबसे ज्यादा असर न्यूरोलॉजिकल और साइकोलॉजिकल डिसऑर्डर पर दिखा. शाइजोफ्रेनिया, माइग्रेन और डिमेंशिया का खतरा कई साल पहले ही शुरू हो जाता है.

नेचर कम्युनिकेशंस बायोलॉजी की स्टडी ने तो यह भी दिखाया कि PM2.5 के संपर्क में आने से दिमाग में अल्जाइमर जैसी पैथोलॉजी (अमाइलॉइड बीटा प्लाक) तेजी से बनती है और याददाश्त भी कमजोर होती है.

‘साइलेंट’ डायबिटीज का खतरा

आपको जानकर हैरानी होगी कि प्रदूषण का सीधा कनेक्शन डायबिटीज से भी है. PM2.5 शरीर में इंसुलिन के सिग्नलिंग सिस्टम को बिगाड़ देता है और इंसुलिन रेजिस्टेंस पैदा करता है. इसका मतलब है कि आपका शरीर शुगर को सही से मैनेज नहीं कर पाता, जिससे टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है.

मैक्स हेल्थकेयर के एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. अंबरीश मित्तल के मुताबिक, ‘लोग सोचते हैं कि प्रदूषण सिर्फ फेफड़े और दिल को चपेट में लेता है, लेकिन इसका मेटाबॉलिक असर भी बहुत गहरा है. यह ब्लड शुगर, शरीर के वजन और इंसुलिन के काम करने के तरीके को सीधे प्रभावित करता है.’

बच्चे और प्रेग्नेंसी बनते सबसे नाजुक निशाना

प्रदूषण का सबसे बुरा असर बच्चों के दिमाग के विकास पर पड़ता है. जिन बच्चों की मेंटल हेल्थ और लर्निंग स्किल्स पर हम ‘लाइफस्टाइल’ को दोष देते हैं, वहां शायद हवा की भूमिका बड़ी है.

स्टडीज बताती हैं कि प्रदूषण के संपर्क में आने से बच्चों के ब्रेन डेवलपमेंट में रुकावट आती है और बिहेवियर भी बदल सकता है. प्रेग्नेंसी में यही हवा प्री-टर्म बर्थ और कम वजन वाले बच्चों के खतरे को भी बढ़ाती है.

सिर्फ बीमार नहीं, जल्दी बीमार हो रहे

UK बायोबैंक की स्टडी पूरे मामले का सबसे बड़ा ‘साइलेंट अलार्म’ है. यह स्टडी सिर्फ यह नहीं बताती कि प्रदूषण से कौन-सी बीमारियां होती हैं, बल्कि यह बताती है कि कितनी जल्दी होती हैं.

रिसर्चर्स ने 9 लाख से ज्यादा हॉस्पिटल रिकॉर्ड्स एनालाइज किए और पाया कि PM2.5 और नाइट्रोजन ऑक्साइड के बढ़ते लेवल के साथ हाइपरटेंशन, COPD, डायबिटीज और डिमेंशिया जैसी बीमारियां कई साल पहले ही शुरू हो जाती हैं. यह उस सोच को चुनौती देता है कि बीमारी सिर्फ खराब खाने और एक्सरसाइज की कमी से होती है. हवा भी उतनी ही जिम्मेदार है.

Explained: जहरीली हवा फेफड़ों से आगे हार्ट, ब्रेन और शुगर पेशेंट कैसे बनाती है? जानें बचने के उपाय

प्रदूषण सिर्फ एक ‘मौसमी समस्या’ नहीं है. यह ऐसा धीमा जहर है जो आपके दिल की धमनियों को सख्त कर रही है, दिमाग की कोशिकाओं को खत्म कर रहा है और शरीर की शुगर मैनेज करने की ताकत छीन रहा है. AQI के आंकड़ों को सिर्फ नंबरों की तरह न देखें. ये आपके और आपके परिवार के ‘हेल्दी लाइफ ईयर्स’ का हिसाब है.

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *