Explained: देश की आर्थिक राजधानी के एयरपोर्ट पर घमासान, एयरलाइंस नाराज, क्या है विवाद?

bda2c32568df0bebc333406e870ec79a17943891419681346 original


मुंबई एयरपोर्ट से 14 देशों की फ्लाइट्स नवी मुंबई भेजने के प्लान पर अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी आपत्ति जताई है. मंगलवार को उन्होंने कहा कि कोई भी फ्लाइट मुंबई से बाहर नहीं जानी चाहिए.

पहली नजर में यह दो एयरपोर्ट के बीच फ्लाइट्स इधर-उधर करने का मामला लगता है लेकिन इसके पीछे स्लॉट, टर्मिनल, एयरलाइंस के नेटवर्क और एक ही कंपनी के दो एयरपोर्ट जैसे कई पेच हैं. 

आइए एक-एक करके समझते हैं कि यह विवाद क्या है और इसका असर देश भर के यात्रियों पर क्यों पड़ सकता है

एक शहर, दो एयरपोर्ट
मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में से एक है. इसका कोड BOM है और यह हर साल करीब 5 करोड़ यात्रियों को संभालता है. इसके दो रनवे एक-दूसरे को काटते हैं इसलिए एक समय में एक ही रनवे इस्तेमाल हो पाता है. यानी यह एयरपोर्ट सालों से अपनी क्षमता की आखिरी हद पर चल रहा है.

इसी भीड़ को कम करने के लिए नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया गया. इसका कोड NMI है. यहां 25 दिसंबर 2025 से घरेलू और जुलाई 2026 से इंटरनेशनल उड़ानें चल रही हैं. इसके दो रनवे साथ-साथ हैं, इसलिए यहां एक साथ दो विमान उड़ या उतर सकते हैं.

पहले चरण में नवी मुंबई एयरपोर्ट हर साल 2 करोड़ यात्री संभाल सकता है, जिनमें 50 लाख इंटरनेशनल यात्री हैं. आगे इसे 9 करोड़ यात्रियों तक ले जाने की योजना है. दुनिया के कई बड़े शहरों में दो एयरपोर्ट होते हैं और अब मुंबई भी उसी रास्ते पर है.

यहां एक अहम बात है. दोनों एयरपोर्ट अडानी ग्रुप के हाथ में हैं. मुंबई एयरपोर्ट चलाने वाली कंपनी MIAL में अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स की 74 फीसदी और केंद्र सरकार की एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की 26 फीसदी हिस्सेदारी है. नवी मुंबई एयरपोर्ट अडानी ग्रुप और महाराष्ट्र सरकार की संस्था CIDCO का साझा प्रोजेक्ट है.

पहले समझिए: स्लॉट क्या होता है
इस पूरे विवाद की परिभाषा एक शब्दमें  है – स्लॉट. स्लॉट यानी किसी एयरपोर्ट पर तय समय पर विमान उतारने या उड़ाने की इजाज़त. जैसे रेलवे स्टेशन पर हर ट्रेन का प्लेटफॉर्म और समय तय होता है वैसे ही भीड़ वाले एयरपोर्ट पर हर फ्लाइट का समय तय होता है.

मुंबई जैसे व्यस्त एयरपोर्ट पर कोई एयरलाइंस अपनी मर्ज़ी से फ्लाइट नहीं चला सकती. उसे पहले स्लॉट चाहिए होता है. दुनिया भर में माने जाने वाले नियमों के मुताबिक अगर कोई एयरलाइंस अपने स्लॉट का कम से कम 80 फीसदी इस्तेमाल करती है तो अगले सीज़न में वह स्लॉट उसी के पास रहता है. इन्हें हिस्टोरिकल स्लॉट कहा जाता है.

एयरलाइंस के लिए ये स्लॉट किसी संपत्ति से कम नहीं होते. एक बार स्लॉट गया तो भीड़ वाले एयरपोर्ट पर उसे दोबारा पाना बहुत मुश्किल होता है. इसीलिए इस विवाद में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एयरपोर्ट ऑपरेटर एयरलाइंस से उनके पुराने स्लॉट वापस ले सकता है.

टर्मिनल 1 टूटेगा तो इंटरनेशनल फ्लाइट्स क्यों हिलेंगी
मुंबई एयरपोर्ट के दो टर्मिनल हैं. टर्मिनल 1 से सिर्फ़ घरेलू फ्लाइट्स चलती हैं जबकि टर्मिनल 2 से सारी इंटरनेशनल और कुछ घरेलू फ्लाइट्स. टर्मिनल 1 पुराना हो चुका है. एयरपोर्ट के शुल्क तय करने वाली सरकारी संस्था AERA ने सुरक्षा के लिए इसे गिराकर नया बनाना ज़रूरी बताया है.

अब समस्या समझिए
जब टर्मिनल 1 का काम शुरू होगा तो वहां के घरेलू यात्री टर्मिनल 2 पर भेजे जाएंगे. टर्मिनल 2 पहले से भरा हुआ है इसलिए वहां जगह बनाने के लिए कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट्स हटानी पड़ेंगी. यही हटी हुई फ्लाइट्स नवी मुंबई भेजने का प्लान है.

MIAL के मुताबिक टर्मिनल 1 के उत्तरी हिस्से यानी 1B का काम जनवरी 2027 से शुरू होना है. इस दौरान हर साल करीब 50 लाख यात्रियों की जगह कम पड़ेगी. MIAL का कहना है कि इतने यात्रियों की फ्लाइट्स कुछ समय के लिए नवी मुंबई से चलानी होंगी.

पहला मोड़: एयरलाइंस नाराज़
सितंबर-अक्टूबर 2026 में MIAL ने प्रस्ताव दिया कि मुंबई की 770 साप्ताहिक इंटरनेशनल उड़ानों में से 265 कम की जाएं यानी करीब हर तीसरी इंटरनेशनल फ्लाइट. एयरलाइंस को दो रास्ते दिए गए या तो नवी मुंबई जाएं या कुछ समय के लिए उड़ानें बंद करें.

इस पर सबसे पहले IATA ने आवाज़ उठाई. IATA दुनिया की 370 से ज़्यादा एयरलाइंस की संस्था है जिसमें भारतीय एयरलाइंस भी शामिल हैं. उसका कहना है कि किसी एयरलाइंस को ज़बरदस्ती शिफ्ट नहीं कराया जाना चाहिए और फ़ैसला एयरलाइंस की मर्ज़ी से होना चाहिए. मामला बढ़ा तो 6 अक्टूबर को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह प्लान टलवा दिया और सबसे बात करके रास्ता निकालने को कहा.

इसके बाद भारतीय एयरलाइंस धीरे-धीरे शिफ्ट होने पर राज़ी हो गईं. इंडिगो फरवरी 2027 से अपनी 12 रोज़ाना इंटरनेशनल फ्लाइट्स नवी मुंबई ले जाएगी. एयर इंडिया एक्सप्रेस दिसंबर से कुछ घरेलू और जनवरी 2027 से ओमान की फ्लाइट्स शिफ्ट करेगी जबकि अकासा एयर दिसंबर से जेद्दा की फ्लाइट नवी मुंबई से चलाएगी पर विदेशी एयरलाइंस अभी तैयार नहीं हैं. 

सूत्रो के मुताबिक 30 अक्टूबर को MIAL ने मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर कहा कि अगर एयरलाइंस 3 नवंबर तक खुद शिफ्ट का प्लान नहीं देतीं तो 14 डेस्टिनेशन की सारी फ्लाइट्स नवी मुंबई भेज दी जाएंगी.

ये 14 डेस्टिनेशन हैं: बहरीन, दम्माम, ढाका, दोहा, फुजैरा, जकार्ता, जेद्दा, काठमांडू, कुवैत सिटी, मदीना, मस्कट, रास अल खैमा, रियाद और शारजाह. इन रूट्स पर 16 एयरलाइंस हर हफ्ते 205 उड़ानें चलाती हैं. 

इनमें से 12 विदेशी एयरलाइंस की 102 साप्ताहिक उड़ानों पर अभी सहमति नहीं बनी है. इनमें कतर एयरवेज़, सऊदिया, ओमान एयर, गल्फ एयर और कुवैत एयरवेज़ जैसी खाड़ी देशों की एयरलाइंस शामिल हैं.

7 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर चलने वाली एयरलाइंस की कमेटी, एयरलाइन ऑपरेटर्स कमेटी (AOC) ने मंत्रालय से दखल देने की मांग की. AOC का कहना है कि एयरपोर्ट के काम के नाम पर एयरलाइंस के हिस्टोरिकल स्लॉट नहीं छीने जा सकते. उसने 2013 के सरकारी स्लॉट नियमों और IATA के नियमों का हवाला दिया है.

विदेशी एयरलाइंस को असल दिक्कत क्या है
पहली दिक्कत नेटवर्क की है. विदेशी एयरलाइंस के कई यात्री दूसरे शहरों से मुंबई आकर आगे की फ्लाइट पकड़ते हैं. इसके लिए एयरलाइंस आपस में इंटरलाइन और कोडशेयर समझौते करती हैं

यानी एक ही टिकट पर दो अलग एयरलाइंस की फ्लाइट्स जुड़ी होती हैं. अगर घरेलू फ्लाइट एक एयरपोर्ट पर उतरे और इंटरनेशनल फ्लाइट दूसरे से उड़े तो यह कनेक्शन टूट जाता है.

दूसरी दिक्कत खर्च की है. जिन विदेशी एयरलाइंस की मुंबई से कम फ्लाइट्स हैं  उनके लिए दो एयरपोर्ट पर स्टाफ़, दफ़्तर और इंतज़ाम रखना महंगा पड़ता है. एयर इंडिया ने भी 2023 में महंगे शुल्क, कमज़ोर कनेक्टिविटी और दो जगह से काम चलाने के खर्च को नवी मुंबई जाने में बाधा बताया था.

तीसरी दिक्कत सीज़न की है. हज और उमरा की उड़ानों के लिए हर साल तय समय पर पक्की सीटें चाहिए होती हैं. एयरलाइंस को डर है कि अचानक बदलाव से इन पर असर पड़ेगा. विदेशी एयरलाइंस ने शिफ्ट के लिए अक्टूबर 2027 तक का समय मांगा है.

अडानी ग्रुप ने एयरलाइंस को मनाने के लिए नवी मुंबई से नई इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लैंडिंग फीस में 100 फीसदी छूट दी है. लैंडिंग फीस वह रकम है जो एयरलाइंस हर विमान उतारने पर एयरपोर्ट को देती है. इसके अलावा यात्रियों से लिए जाने वाले यूज़र डेवलपमेंट फीस (UDF) के फ़र्क की भरपाई के लिए कैश वाउचर की योजना है. पर एयरलाइंस ने कहा कि इनसे उनकी असल चिंताएं दूर नहीं होतीं.

अब मुख्यमंत्री का ऐतराज
मंगलवार 10 नवंबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 14 डेस्टिनेशन की फ्लाइट्स नवी मुंबई भेजने के प्लान का विरोध किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने साफ़ कहा कि कोई भी फ्लाइट मुंबई से बाहर नहीं जानी चाहिए.

सीएम ने एक नया फॉर्मूला भी सुझाया. टर्मिनल 1 के अलग-अलग हिस्से हैं, जैसे 1A और 1B. सीएम का कहना है कि पहले 1B को नया बनाया जाए, फिर 1A का काम नए 1B में शिफ्ट किया जाए और उसके बाद पुराना 1A गिराया जाए.

इसका मतलब समझिए. अडानी ग्रुप के प्लान में पहले तोड़ा जाएगा और फिर बनाया जाएगा इसलिए बीच के सालों में जगह कम पड़ेगी. सीएम के फॉर्मूले में नया हिस्सा तैयार होने तक पुराना हिस्सा चलता रहेगा तो फ्लाइट्स हटाने की ज़रूरत कम हो सकती है. IATA भी मंत्रालय से टर्मिनल को इसी तरह टुकड़ों में बनाने की मांग कर चुका है.

सियासी तौर पर भी यह बयान अहम है. अब तक इस प्लान का सबसे तीखा विरोध विपक्ष कर रहा था. शिवसेना (UBT) के नेता आदित्य ठाकरे ने अक्टूबर में आरोप लगाया था कि मुंबई एयरपोर्ट को कमज़ोर किया जा रहा है. अब सवाल उस मुख्यमंत्री ने उठाए हैं जिनकी पार्टी BJP केंद्र में भी सत्ता में है.

हालांकि आखिरी फ़ैसला केंद्र के नागरिक उड्डयन मंत्रालय को करना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री को अपना प्रस्ताव मंत्रालय के सामने रखना होगा.

एक मालिक, दो एयरपोर्ट: सवाल क्यों उठ रहे हैं
आम तौर पर जब किसी शहर में दूसरा एयरपोर्ट खुलता है, तो एयरलाइंस खुद तय करती हैं कि कहां से उड़ान भरनी है. यहां मामला अलग है क्योंकि जो कंपनी पुराने एयरपोर्ट पर स्लॉट घटा रही है -नया एयरपोर्ट भी उसी का है. आलोचकों का सवाल यही है कि कहीं टर्मिनल के काम के नाम पर एयरलाइंस को नए एयरपोर्ट की तरफ तो नहीं धकेला जा रहा.

आप पर क्या असर पड़ेगा
सबसे ज़्यादा असर खाड़ी देशों और सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है. 14 में से ज़्यादातर रूट इन्हीं इलाकों के हैं जहां देश भर से लाखों लोग नौकरी, हज और उमरा के लिए जाते हैं.

अगर आप किसी दूसरे शहर से मुंबई आकर विदेश की फ्लाइट पकड़ते हैं तो ध्यान रखें कि दोनों फ्लाइट्स एक ही एयरपोर्ट से हों. इंडिगो ने कहा है कि वह इंटरनेशनल फ्लाइट्स के साथ जुड़ी घरेलू फ्लाइट्स भी नवी मुंबई ले जाएगी ताकि वहीं कनेक्शन मिल सके.

मुंबई शहर के कई इलाकों से नवी मुंबई एयरपोर्ट करीब 45 किलोमीटर दूर है. यात्री महंगी कैब और लंबे सफ़र की शिकायत करते रहे हैं. दोनों एयरपोर्ट को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 2030 तक बनाने का लक्ष्य है. हालांकि नवी मुंबई, ठाणे और पुणे की तरफ़ से आने वालों के लिए नया एयरपोर्ट उल्टा करीब पड़ता है.

सबसे ज़रूरी बात यह है कि टिकट बुक करते समय एयरपोर्ट का कोड ज़रूर देखें. पुराने मुंबई एयरपोर्ट का कोड BOM है और नवी मुंबई एयरपोर्ट का NMI.

अडानी ग्रुप का क्या कहना है  
MIAL का कहना है कि टर्मिनल 1 का काम अब टाला नहीं जा सकता. उसका तर्क है कि एक डेस्टिनेशन की सारी फ्लाइट्स एक ही एयरपोर्ट से चलेंगी तो यात्रियों को कम उलझन होगी और कनेक्शन भी नहीं टूटेंगे.

MIAL ने यह भी कहा है कि यह बदलाव अस्थायी है. टर्मिनल 2 का विस्तार पूरा होते ही एयरलाइंस के हिस्टोरिकल स्लॉट लौटा दिए जाएंगे.

अब फैसला नागरिक उड्डयन मंत्रालय के हाथ में है. मंत्रालय एयरलाइंस की शिकायत की जांच कर रहा है और अडानी ग्रुप से जवाब मांगेगा. अगर मंत्रालय मुख्यमंत्री का फॉर्मूला मानता है तो फ्लाइट्स हटाने की ज़रूरत घट सकती है. अगर अडानी ग्रुप का प्लान लागू होता है तो खाड़ी देशों के यात्रियों को अगली गर्मियों से नए एयरपोर्ट की तैयारी रखनी होगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *