देश में लाखों युवा सरकारी नौकरी पाने के लिए UPSC जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं. इनमें से बहुत से युवाओं का सपना IAS या IPS अधिकारी बनने का होता है. इन अधिकारियों को ट्रेनिंग देने वाली एक खास जगह है, उत्तराखंड के मसूरी में स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA).
आमतौर पर लोगों को लगता है कि इस संस्थान में सिर्फ UPSC पास करके IAS-IPS बनने वाले अधिकारियों को ही प्रवेश मिलता है, लेकिन ऐसा नहीं है. यहां अलग-अलग विभागों में काम करने के लिए अन्य योग्य उम्मीदवारों की भी भर्ती की जाती है. यानी बिना UPSC पास किए भी इस प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करने का मौका मिल सकता है.
LBSNAA में क्या होता है?
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी यानी LBSNAA केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के अंतर्गत काम करती है. यह देश में सिविल सेवाओं के अधिकारियों को प्रशिक्षण देने वाला प्रमुख संस्थान है. यहां IAS अधिकारियों की फाउंडेशन ट्रेनिंग से लेकर मिड करियर ट्रेनिंग तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. अकादमी को चलाने के लिए सिर्फ प्रशासनिक अधिकारियों की ही जरूरत नहीं होती, बल्कि शिक्षकों, रिसर्चर्स, तकनीकी कर्मचारियों, मेडिकल स्टाफ और अन्य सपोर्टिंग स्टाफ की भी आवश्यकता होती है. यही वजह है कि समय-समय पर अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और अनुभव वाले लोगों के लिए भर्तियां निकाली जाती हैं.
यह भी पढ़ें: Delhi Govt Jobs 2026: DSSSB ने निकाली जूनियर इंजीनियर और एमटीएस की भर्ती, कब से करें आवेदन?
इन पदों पर मिल सकती है नौकरी
अगर आपने इकोनॉमिक्स, मैनेजमेंट, लॉ, पॉलिटिकल साइंस या पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन जैसे विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है तो टीचिंग एसोसिएट और रिसर्च फेलो के पदों पर अवसर मिल सकता है. इनका काम ट्रेनिंग प्रोग्राम में सहयोग करना, रिसर्च करना और अध्ययन सामग्री तैयार करने में मदद करना होता है. अकादमी में अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञों की भी जरूरत होती है. इसके लिए संबंधित विषय में उच्च शैक्षणिक योग्यता और अनुभव मांगा जाता है. लॉ, हिंदी, इकोनॉमिक्स और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन जैसे विषयों में ऐसे अवसर निकलते रहे हैं. अकादमी में प्रशासनिक अधिकारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टोरकीपर, ड्राइवर, रेडियोग्राफर और अन्य तकनीकी पदों पर भी नियुक्तियां होती हैं. इनकी योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग होती है.
ऐसे कर सकते है आवेदन
लबासना में नौकरी के साथ मिलने वाला वेतन पद, पे लेवल, अनुभव और नियुक्ति के तरीके पर निर्भर करता है. स्थायी सरकारी पदों पर सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन और दूसरे भत्ते मिलते हैं. LBSNAA में निकलने वाली भर्तियों की जानकारी अकादमी की आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाती है. इसके लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट के Vacancy सेक्शन पर नजर रखनी चाहिए. हर भर्ती के नोटिफिकेशन में शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अनुभव, चयन प्रक्रिया और आवेदन का तरीका बताया जाता है. कुछ पदों पर सीधे आवेदन मांगे जाते हैं, जबकि कई पद डेपुटेशन के आधार पर भरे जाते हैं. डेपुटेशन वाली भर्तियों में पहले से सरकारी सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को मौका मिलता है. वहीं कॉन्ट्रैक्ट और रिसर्च पदों के लिए बाहरी उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: BHU Recruitment 2026: BHU में ग्रुप ए और ग्रुप सी के पदों पर भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI