बैंक FD अपने आप कम ब्याज पर रिन्यू हो गई? ये है बचने का तरीका

b88cd45b2a8b4be41067b1d83c7f3afb17944764885741482 original


बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कराने वाले लोगों के लिए ब्याज दर काफी मायने रखती है. कई लोग अपनी जमा रकम को सुरक्षित रखने और लगातार ब्याज कमाने के लिए FD में ऑटो-रिन्यूअल की सुविधा चुनते हैं.

कई बार ऐसा होता है कि FD की मैच्योरिटी पूरी होने के बाद बैंक उसे अपने आप दोबारा शुरू कर देता है और इस बार ब्याज दर पहले के मुकाबले कम होती है. ऐसे में निवेशकों को लगता है कि उनकी कमाई घट गई है. अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है, तो सवाल है कि क्या बैंक से ऑटो-रिन्यू हुई FD को वापस करवाया जा सकता है और क्या पुरानी ब्याज दर मिल सकती है?

क्या ऑटो-रिन्यू हुई FD को वापस करवा सकते हैं?

अगर आपकी FD कम ब्याज दर पर अपने आप रिन्यू हो गई है, तो भी आपके पास उसे बंद करवाने का विकल्प रहता है. हालांकि, इसके लिए बैंक के नियमों का पालन करना होगा। नई FD की मैच्योरिटी से पहले रकम निकालने पर प्रीमैच्योर विड्रॉल का चार्ज लग सकता है. आमतौर पर बैंक समय से पहले FD तोड़ने पर लागू ब्याज दर में 0.5 से 1 फीसदी तक की कटौती कर सकते हैं. यह पेनल्टी बैंक की पॉलिसी और FD की शर्तों पर निर्भर करती है.

FD मैच्योर होने पर क्या होता है?

जब किसी व्यक्ति की FD की अवधि पूरी हो जाती है, तो बैंक ग्राहक की ओर से पहले दिए गए निर्देशों के अनुसार रकम का भुगतान करता है या उसे दोबारा निवेश कर देता है. अगर ग्राहक ने ऑटो-रिन्यूअल का विकल्प चुना है, तो बैंक मैच्योरिटी की रकम से नई FD बना सकता है.

ध्यान देने वाली बात यह है कि नई FD पर पुरानी ब्याज दर लागू होना जरूरी नहीं है. बैंक आमतौर पर रिन्यूअल की तारीख पर उस अवधि के लिए लागू ब्याज दर देता है. इसलिए अगर इस बीच बैंकों ने FD की दरें घटा दी हैं, तो नई जमा पर कम रिटर्न मिल सकता है.

मैच्योरिटी के बाद रकम नहीं निकालने पर क्या होगा?

अगर FD मैच्योर होने के बाद उसकी रकम न तो निकाली जाती है और न ही रिन्यू होती है, तो उस पर पुरानी FD वाली ब्याज दर लगातार मिलना जरूरी नहीं है. RBI के नियमों के मुताबिक, ऐसी जमा रकम पर लागू सेविंग अकाउंट की ब्याज दर या मैच्योर FD की अनुबंधित दर, दोनों में से जो कम होगी, उसके अनुसार ब्याज दिया जा सकता है.

वहीं, अगर मैच्योरिटी के 10 साल तक कोई व्यक्ति अपनी FD की रकम पर दावा नहीं करता, तो उसे RBI के डिपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस (DEA) फंड में ट्रांसफर कर दिया जाता है. ऐसी रकम को वापस पाने के लिए RBI के UDGAM पोर्टल पर अपनी FD का पता लगाया जा सकता है और संबंधित बैंक में क्लेम करना होगा. इसलिए FD कराने से पहले ऑटो-रिन्यूअल की शर्तें जरूर जांचें और मैच्योरिटी की तारीख याद रखें, ताकि कम ब्याज दर पर दोबारा निवेश होने से बचा जा सके.

बैंक से कब कर सकते हैं रिवर्स करने की मांग?

अगर आपकी FD हाल ही में ऑटो-रिन्यू हुई है, तो तुरंत अपनी बैंक ब्रांच से संपर्क करना बेहतर होगा. आप बैंक मैनेजर को अपनी परेशानी बताकर नई FD को रिवर्स करने का अनुरोध कर सकते हैं.

कुछ मामलों में बैंक ग्राहक की स्थिति को देखते हुए विशेष राहत दे सकते हैं. हालांकि, FD को वापस पुरानी स्थिति में लाना पूरी तरह बैंक की पॉलिसी और उसकी मंजूरी पर निर्भर करता है. इसलिए जितनी जल्दी बैंक से संपर्क करेंगे, उतना बेहतर रहेगा.

यह भी पढ़ें- प्राइवेट लोन कंपनियों पर RBI सख्त, नए नियमों से सुरक्षित होगा लोगों का पैसा

यह भी देखें- 

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *