नीतीश भारद्वाज ने की ‘रामायण’ की आलोचना, बोले- फिल्म से बेहद दुखी हूं, तारीफ वापस लेता हूं

e147b7f97a26827fa7d334886daeab2117943130192821480 original


बी. आर. चोपड़ा के टीवी शो ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर नीतीश भारद्वाज फिल्म ‘रामायण’ से काफी निराश हैं. उन्होंने फिल्म देखने के बाद पहले की गई अपनी तारीफ वापस लेने की बात कही.

एक्टर का कहना है कि रामायण केवल एक कहानी नहीं, बल्कि रामायण भारत की संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और पुरानी परंपराओं का एक अहम हिस्सा है. इसके पात्रों, उनके मूल्यों और महत्व को अपनी सुविधा के अनुसार नए रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए.

रावण के किरदार पर जताई नाराजगी

नीतीश ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान राम का अवतार धर्म की रक्षा, परंपराओं को बनाए रखने और मर्यादा की स्थापना के लिए हुआ था. ऐसे में फिल्म में रावण को बेहद उदार, समाज का भला चाहने वाला और सबके साथ समान व्यवहार करने वाला दिखाना उन्हें सही नहीं लगा.

नीतीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी. उन्होंने लिखा, ‘रामायण भारत के डीएनए में है. रामायण केवल एक कहानी नहीं है. यह सनातन भारत की संस्कृति , धार्मिक सोच और मान्यताओं में गहराई से बसी हुई है. इसके नायक, नायिका और खलनायक इस महागाथा के मूल्यों और संदेश का अहम हिस्सा हैं. उनके करैक्टर और महत्व को यूं ही नए सिरे से नया रूप नहीं दिया जा सकता.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘भगवान महाविष्णु ने धर्म की रक्षा, परंपरा को बनाए रखने और मर्यादा स्थापित करने के लिए राम अवतार लिया था. फिल्म में रावण को बहुत उदार, समाज का भला चाहने वाला और सबके साथ बराबरी का व्यवहार करने वाला दिखाकर, मेरी नजर में रामायण की सही सोच को बदल दिया गया है.’

रामायण से दुखी हैं नीतीश

नीतीश ने फिल्म को लेकर अपनी पुरानी तारीफ वापस लेने की बात भी साफ शब्दों में कही. उन्होंने लिखा, ‘मैं इस फिल्म से बेहद दुखी और निराश हूं. मैं इसके बारे में पहले की पोस्ट वापस लेता हूं. मुझे इस फिल्म में तारीफ करने लायक एक भी बात नजर नहीं आती. शानदार वीएफएक्स रामायण के मूल्यों, दार्शनिक गहराई और आध्यात्मिक सार की जगह कभी नहीं ले सकते.’

उन्होंने फिल्म के इंटरनेशनल स्तर पर भारतीय सिनेमा की पहचान दिलाने को लेकर भी सवाल उठाया. एक्टर ने कहा, भारत की सांस्कृतिक विरासत को जिम्मेदारी के साथ दिखाया जाना चाहिए. जिस फिल्म की कहानी भारत के इतिहास, विरासत और धार्मिक मानयताओं को गलत तरीके से पेश करती हो, वह इंटरनेशनल स्तर पर भारतीय सिनेमा को पेश करने के लायक नहीं है . 

ट्रेलर की तारीफ के बाद बदली राय

गौरतलब है कि नीतीश भारद्वाज ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद इसकी तारीफ की थी. उस समय उन्होंने कहा था कि फिल्म में ऑस्कर की बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में जगह बनाने की मजबूत संभावना है. हालांकि, पूरी फिल्म देखने के बाद उनका नजरिया बदल गया और उन्होंने अपनी पुरानी तारीफ वापस ले ली.

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ”रामायण” में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, अरुण गोविल और लारा दत्ता सहित कई कलाकार हैं.
यह फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *